Ashwin Slams Gautam Gambhir: दक्षिण अफ्रीका के खिलाफ सुपर-8 मुकाबले में टीम इंडिया को बड़ा झटका लगा और उसे 76 रनों से हार झेलनी पड़ी, जो टूर्नामेंट के इतिहास में भारत की रनों के लिहाज से सबसे भी पराजय है। मुकाबले में दक्षिण अफ्रीका का पूरा दबदबा दिखा और भारतीय टीम के पास कोई जवाब नहीं था। इस हार के बाद, टीम इंडिया की प्लेइंग 11 पर लगातार सवाल उठ रहे हैं।
दक्षिण अफ्रीका के खिलाफ वाशिंगटन सुंदर को मौका दिया गया लेकिन उपकप्तान अक्षर पटेल को नहीं खिलाया गया। इस चीज को लेकर रविचंद्रन अश्विन (R Ashwin)ने हेड कोच गौतम गंभीर वाले मैनेजमेंट पर भड़ास निकाली है और मैच-अप्स पर ढकोसला बताया है।
दक्षिण अफ्रीका के खिलाफ अक्षर पटेल को न खिलाए जाने से Ashwin ने जताई नाराजगी

भारत ने नीदरलैंड के खिलाफ ग्रुप स्टेज के मुकाबले में उपकप्तान अक्षर पटेल को आराम देकर वाशिगंटन सुंदर को खिलाया था। तब लगा था कि शायद यह मुकाबला उतना अहम नहीं है, इसी वजह से इंजरी से वापसी करने वाले सुंदर को गेम टाइम के लिए खिलाया गया हो लेकिन फिर दक्षिण अफ्रीका के खिलाफ भी अक्षर को मौका नहीं दिया। टॉस के दौरान कप्तान सूर्यकुमार यादव ने बताया कि अक्षर नहीं खेल रहे हैं और यह रणनीति के तहत लिया गया फैसला है।
अक्षर पटेल को बाहर बिठाकर भारत ने वाशिंगटन सुदंर को मौका दिया, क्योंकि वो ऑफ स्पिन गेंदबाजी करते हैं और इसी वजह से बाएं हाथ के बल्लेबाजों के खिलाफ कारगर साबित होंगे। हालांकि, सुंदर का ज्यादा इस्तेमाल नहीं हुआ और उन्होंने सिर्फ दो ओवर की गेंदबाजी की, जिसमें 17 रन देकर एक भी विकेट नहीं हासिल किया। इसी वजह से हेड कोच गौतम गंभीर और टीम मैनेजमेंट द्वारा अक्षर को न खिलाए जाने का फैसला समझ के परे साबित हुआ, क्योंकि अक्षर बल्ले से भी सुंदर की तुलना में कई बार अच्छा कर चुके हैं। अश्विन ने सिर्फ मैच-अप्स के कारण अक्षर को ड्रॉप किए जाने के फैसले पर तीखी प्रतिक्रिया दी और उन्हें टी20 में भारत का मोस्ट वैल्युएबल प्लेयर बताया।
अक्षर पटेल को दक्षिण अफ्रीका के खिलाफ ड्रॉप किए जाने को लेकर अश्विन (Ashwin) ने कही ये बात
दक्षिण अफ्रीका के खिलाफ भारत की हार के बाद, अपने यूट्यूब चैनल पर स्पोर्ट्स जर्नलिस्ट विमल कुमार से बात करते हुए, रविचंद्रन अश्विन ने कहा:
“विमल भाई, वर्ल्ड कप जैसे टूर्नामेंटों में, मैं समझता हूं कि आईपीएल और अन्य लीगों में, मैच-अप उपयोगी हो सकते हैं और कभी-कभी आपको टीम में बदलाव करना पड़ता है क्योंकि आपको 14 मैच खेलने होते हैं। लेकिन आईसीसी जैसे आयोजनों में, आप अपनी टीम को जितना अधिक स्थिर रख सकते हैं, उतना ही बेहतर होता है।”
अश्विन ने याद दिलाया कि किस तरह दक्षिण अफ्रीका के खिलाफ 2024 टी20 वर्ल्ड कप में अच्छा प्रदर्शन किया था। अश्विन ने कहा:
“मैं इस बात से पूरी तरह सहमत हूं कि अगर आप बाएं हाथ के बल्लेबाजों के खिलाफ वाशिंगटन सुंदर का इस्तेमाल करना चाहते हैं, तो आप उन्हें खिलाएं – मैं यह सब समझता हूं। लेकिन टी20 क्रिकेट में अक्षर पटेल आपके सर्वश्रेष्ठ खिलाड़ी रहे हैं। आइए यह न भूलें कि पिछले वर्ल्ड कप में दक्षिण अफ्रीका के खिलाफ अक्षर पटेल ने क्या किया था। आज लक्ष्य का पीछा करते समय भारत जिस स्थिति में था – ठीक वैसी ही स्थिति तब थी जब अक्षर पटेल बल्लेबाजी करने आए थे।”
इस तरह अश्विन ने साफ़ किया कि वो दक्षिण अफ्रीका के खिलाफ अक्षर पटेल को न खिलाए जाने के फैसले से बिलकुल भी सहमत नहीं और भारत को कहीं न कहीं उनकी कमी भी खली। अब देखना होगा कि जिम्बाब्वे के खिलाफ प्लेइंग 11 में उनकी वापसी होती है या नहीं।