India A Squad For T20 World Cup Warm-Up Matches: टी20 वर्ल्ड कप 2026 को शुरू होने में अब एक सप्ताह से भी कम का समय रह गया है। ऐसे में अब टूर्नामेंट के शुरू होने की उलटी गिनती शुरू हो चुकी है और सभी टीमों को अगले कुछ दिनों में अपनी तैयारियों को अंतिम रूप देना है। इसके लिए आईसीसी ने वार्म-अप मैचों का भी आयोजन किया है, जिनकी शुरुआत आज से होनी है।
भारत को अपना एकमात्र वार्म-अप मैच 4 फरवरी को दक्षिण अफ्रीका के खिलाफ खेलना है लेकिन टूर्नामेंट में भाग ले रही यूएसए और नामीबिया के खिलाफ इंडिया ए (India A) का स्क्वाड नजर आएगा, जिसकी घोषणा बीसीसीआई ने सोमवार को कर दी है। इंडिया ए को डीवाई पाटिल स्टेडियम में 2 फरवरी को यूएसए से टक्कर लेनी है। वहीं, 6 फरवरी को बेंगलुरु के बीसीसीआई सेंटर ऑफ एक्सीलेंस में नामीबिया से भिड़ना है।
BCCI ने आयुष बदोनी को बनाया इंडिया ए (India A) का कप्तान

टी20 वर्ल्ड कप के वार्म-अप मुकाबलों के लिए बीसीसीआई ने कप्तानी की बागडोर दिल्ली के आयुष बदोनी को सौंपी है, जो हाल ही में टीम इंडिया के स्क्वाड में वाशिंगटन सुंदर के रिप्लेसमेंट के रूप में चुने गए थे लेकिन डेब्यू नहीं कर पाए। बदोनी को लीडरशिप का काफी अनुभव है और वो घरेलू क्रिकेट में कप्तानी का अनुभव रखते हैं। इसके अलावा आयुष ने ऑलराउंडर के रूप में भी खुद को साबित किया है। वो बल्ले से बड़े हिट लगाने में सक्षम हैं और गेंदबाजी में भी बल्लेबाजों को फंसाने का माद्दा रखते हैं। इसी वजह से बीसीसीआई ने उनके ऊपर इंडिया ए (India A) की कमान संभालने का भरोसा दिखाया है।
तिलक वर्मा की भी हुई वापसी
बाएं हाथ के बल्लेबाज तिलक वर्मा भी टीम इंडिया में वापसी करने से पहले इंडिया ए (India A) के लिए यूएसए के खिलाफ अभ्यास मैच में खेलते नजर आएंगे। तिलक का चयन टी20 वर्ल्ड कप के साथ-साथ न्यूजीलैंड टी20 सीरीज के लिए भी हुआ था लेकिन इससे पहले वो विजय हजारे ट्रॉफी के दौरान पेट में इंजरी का शिकार हो गए और फिर उन्हें अपनी सर्जरी करानी पड़ी।
इसी वजह से तिलक को न्यूजीलैंड के खिलाफ पूरी सीरीज मिस करनी पड़ी लेकिन फिर अपडेट आया कि वो 3 फरवरी को टीम इंडिया को ज्वाइन करेंगे। हालांकि, इससे पहले वो गेम टाइम और मैच फिटनेस के लिहाज से यूएसए के खिलाफ अभ्यास मैच खेलेंगे। बीसीसीआई ने भी बताया कि टीम इंडिया को ज्वाइन करने से पहले तिलक एक ही वार्म-अप मैच खेलेंगे।
इन खिलाड़ियों को भी मिली इंडिया ए (India A) के स्क्वाड में जगह
बीसीसीआई ने यूएसए और नामीबिया के खिलाफ वार्म-अप मैचों के लिए इंडिया ए (India A) के स्क्वाड में ज्यादातर ऐसे खिलाड़ियों का चयन किया है जो टीम इंडिया के लिए खेल चुके हैं या फिर जिनमें से कुछ राइजिंग स्टार एशिया कप में खेलते नजर आए थे। इंडिया ए टीम में रियान पराग, रवि बिश्नोई, खलील अहमद और मयंक यादव जैसे इंटरनेशनल प्लेयर शामिल हैं । वहीं, इनके अलावा नमन धीर, आशुतोष शर्मा, प्रियांश आर्य, गुरजापनीत सिंह, विप्रज निगम, मानव सुथार और अशोक शर्मा को भी जगह मिली है। विकेटकीपर के रूप में एन जगदीशन और उर्विल पटेल को चुना गया है।
टी20 वर्ल्ड कप 2026 के वार्म-अप मुकाबलों के लिए इंडिया ए (India A) का स्क्वाड
आयुष बदोनी (कप्तान), नमन धीर, आशुतोष शर्मा, प्रियांश आर्य, एन जगदीसन (विकेटकीपर), तिलक वर्मा, रियान पराग, मानव सुथार, अशोक शर्मा, उर्विल पटेल (विकेटकीपर), गुरजपनीत सिंह, विप्रज निगम, रवि बिश्नोई, खलील अहमद, मयंक यादव
FAQs
टी20 वर्ल्ड कप 2026 के वार्म-अप मुकाबलों में इंडिया ए को किन टीमों से खेलना है?
तिलक वर्मा टीम इंडिया को ज्वाइन करने से पहले कितने वार्म-अप मुकाबले खेलेंगे?
यह भी पढ़ें: अंडर-19 वर्ल्ड कप में भी भारत के कप्तान आयुष महात्रे ने पाकिस्तान को दिखाई उसकी औकात, नहीं किया शेक हैंड