ENG vs WI: टी20 वर्ल्ड कप 2026 के अपने पहले मुकाबले में इंग्लैंड ने नेपाल के खिलाफ हार को टाल दिया था लेकिन वेस्टइंडीज (West Indies) के खिलाफ ऐसा कर पाने में अंग्रेज टीम नाकाम रही। मुंबई के वानखेड़े स्टेडियम में खेले गए टूर्नामेंट के मौजूदा संस्करण के 15वें मैच में इंग्लैंड को वेस्टइंडीज के हाथों 30 रनों से हार झेलनी पड़ी। इसका नुकसान उसे पॉइंट्स टेबल में भी हुआ है।
मैच में वेस्टइंडीज (West Indies) ने पहले बल्लेबाजी करते हुए दमदार प्रदर्शन किया और 20 ओवर में 196/6 का बड़ा स्कोर खड़ा किया। जवाब में इंग्लैंड की पूरी टीम 19 ओवर में ही 166 रन बनाकर ढेर हो गई। वेस्टइंडीज की जीत के हीरो शेरफेन रदरफोर्ड रहे, जिन्हें प्लेयर ऑफ द मैच भी चुना गया।
पावरप्ले में वेस्टइंडीज (West Indies) को लगे बड़े झटके

टॉस हारने के बाद, वेस्टइंडीज (West Indies) को पहले बल्लेबाजी का मौका मिला लेकिन उसकी शुरुआत बेहद खराब रही। कप्तान शाई होप ने तीन गेंदों का सामना किया और फिर बिना कोई रन बनाए आउट हो गए। उनके जोड़ीदार ब्रेंडन किंग भी कुछ खास नहीं कर पाए और 1 रन बनाकर चलते बने।
शिमरोन हेटमायर ने तूफानी बल्लेबाजी का नजारा पेश किया और 12 गेंदों में दो चौके व छक्के लगाकर 23 रनों की पारी खेली लेकिन पावरप्ले के आखिरी ओवर में वो भी आउट हो गए। इस तरह वेस्टइंडीज ने पहले 6 ओवर में 3 विकेट के नुकसान पर 54 रन बनाए।
रदरफोर्ड और होल्डर ने वेस्टइंडीज (West Indies) की पारी को पांचवें गियर में किया खत्म
वेस्टइंडीज (West Indies) की पारी के 10वें ओवर में रोस्टन चेस भी आउट हो गए। उन्होंने 29 गेंदों में 34 रनों की पारी खेली। रोवमैन पॉवेल भी 14 रन बनाकर चलते बने। यहां से शेरफेन रदरफोर्ड को जेसन होल्डर का साथ मिला। इन दोनों ने आखिरी के ओवरों में चौके-छक्कों की बारिश कर दी, जिसके कारण वेस्टइंडीज की पारी 200 के स्कोर के करीब खत्म हुई।
रदरफोर्ड ने 42 गेंदों में 76 रन नाबाद बनाए, जिसमें दो चौके और सात छक्के शामिल रहे। वहीं, होल्डर ने 17 गेंदों में 33 रनों की पारी खेली। इंग्लैंड की तरफ से जेमी ओवरटन और आदिल रशीद ने सबसे ज्यादा दो-दो विकेट लिए।
तेज शुरुआत के बाद इंग्लैंड का फ्लॉप शो, सैम करन की पारी भी नहीं आई काम
लक्ष्य का पीछा करते हुए इंग्लैंड को फिल साल्ट और जोस बटलर की जोड़ी ने तेज शुरुआत दिलाने का प्रयास किया। हालांकि, साल्ट 14 गेंदों में 30 रन बनाकर आउट हो गए। वहीं, बटलर भी 21 रन बनाकर चलते बने। हालांकि, इस दौरान तक इंग्लैंड ने सातवें ओवर में ही 70 का आंकड़ा पार कर लिया था। इसके बाद, टॉम बैंटन (2), कप्तान हैरी ब्रूक (17) और विल जैक्स (2) रन बनाकर आउट हो गए और इंग्लैंड की जीत की उम्मीदें भी खत्म होने लगीं।
हालांकि, आखिरी के ओवरों में सैम करन ने जरूर कुछ अच्छे शॉट खेले और अपनी टीम को मैच जिताने का प्रयास किया लेकिन उनका साथ कोई भी नहीं दे पाया। करन ने 30 गेंदों में नाबाद 43 रनों का योगदान दिया। वेस्टइंडीज की तरफ से गुडाकेश मोती ने सबसे ज्यादा तीन विकेट लिए।
ग्रुप सी की पॉइंट्स टेबल में स्कॉटलैंड से भी नीचे इंग्लैंड
वेस्टइंडीज के खिलाफ हार से इंग्लैंड की सुपर-8 की उम्मीदों को झटका लगा है, क्योंकि वो अब स्कॉटलैंड से भी नीचे है और उसका नेट रन रेट भी नेगेटिव है। वेस्टइंडीज लगातार दो जीत से 4 अंक के साथ पॉइंट्स टेबल में टॉप पर है। वहीं, स्कॉटलैंड और इंग्लैंड ने दो-दो मुकाबले खेले हैं और प्रत्येक के 2-2 अंक हैं। हालांकि नेट रन रेट में स्कॉटलैंड आगे है। इसी वजह से वो दूसरे और इंग्लैंड तीसरे स्थान पर है। इसके बाद, नेपाल और इटली की टीम है, जिन्होंने अभी 1-1 मैच खेला है और उसमें हार का सामना किया है।
