Gautam Gambhir Praises SKY: आईसीसी मेंस टी20 वर्ल्ड कप 2026 में टीम इंडिया ने अपने अभियान का आगाज जीत के साथ किया है। भारत ने टूर्नामेंट के अपने पहले मैच में यूएसए क्रिकेट टीम को 29 रनों से हराया। हालांकि, जीत का श्रेय पूरी तरह से कप्तान सूर्यकुमार यादव को जाता है, जिन्होंने अपने बल्ले से एक कमाल की पारी खेली, जिसकी वजह से भारतीय टीम चुनौतीपूर्ण स्कोर तक पहुंचने में सफल रही।
यूएसए के गेंदबाजों ने भारतीय बल्लेबाजों के लिए शुरुआत से ही मुश्किलें पैदा कर दीं लेकिन सूर्यकुमार यादव आखिरी तक नाबाद रहे और 49 गेंदों में 84 रनों की पारी खेली। उनकी पारी से हेड कोच गौतम गंभीर भी काफी खुश नजर आए और टीम के ड्रेसिंग रूप में SKY की जमकर तारीफ की, जिसका वीडियो BCCI ने शेयर किया है।
SKY की पारी से गौतम गंभीर हुए गदगद

यूएसए के खिलाफ सूर्यकुमार यादव ने जिस तरह से अकेले ही मोर्चा संभालते हुए बेहतरीन पारी खेली, उसने हेड कोच गौतम गंभीर को खुश कर दिया और उन्होंने SKY की पारी को मास्टरक्लास बताया। रविवार (8 फरवरी) को इंस्टाग्राम पर बीसीसीआई ने ड्रेसिंग रूम का खास वीडियो शेयर किया, जिसमें गंभीर ने सूर्यकुमार की पारी को लेकर कहा,
“दोस्तों, आज का नतीजा शानदार रहा। (सूर्यकुमार यादव की बल्लेबाजी पर) शुरुआत में, वह एक मास्टरक्लास थी। वह बेहतरीन थी। मैंने टी20 क्रिकेट में, दबाव की स्थिति में इस तरह की बल्लेबाजी नहीं देखी, मुझे लगा कि यह अविश्वसनीय थी।”
टीम इंडिया को गलतियों से सीखने की SKY ने दी सलाह
भारत ने टी20 वर्ल्ड कप 2026 के अपने पहले मैच में उम्मीद के मुताबिक बल्लेबाजी प्रदर्शन नहीं किया। इस बात को कप्तान सूर्यकुमार यादव ने भी स्वीकार किया। SKY को उम्मीद है कि टीम अपनी गलतियों से सीख लेगी और आगे बेहतर प्रदर्शन करेगी। BCCI द्वारा शेयर किए वीडियो में सूर्यकुमार ने कहा,
“सब कुछ जिस तरह से हुआ उससे मैं बहुत खुश हूं, हालाँकि पहले मैच में थोड़ी घबराहट और परेशानी हुई, लेकिन उससे मुझे, सभी खिलाड़ियों और सपोर्ट स्टाफ को बहुत कुछ सीखने को मिला। यह खेल का हिस्सा है, लेकिन हमें मैदान पर दृढ़ संकल्प दिखाना था, और मैं पहले भी ऐसी ही परिस्थितियों में खेल चुका हूं, इसलिए मुझे पता था कि मेरा क्रीज पर टिके रहना टीम के लिए बहुत महत्वपूर्ण था। मैं समझता हूं कि बल्लेबाजी के लिए विकेट थोड़ा मुश्किल था। हमने पहले कभी ऐसे विकेटों पर नहीं खेला है। लेकिन हां, साथ ही हम इसे नजरअंदाज भी नहीं कर सकते। हमें यह समझना होगा कि हम कैसे बल्लेबाजी कर सकते थे। हम थोड़ा बेहतर खेल सकते थे, लेकिन आखिरकार, यह खेल का ही हिस्सा है।”
View this post on Instagram
USA के खिलाफ SKY की पारी ने भारत को उलटफेर से बचाया
टी20 वर्ल्ड कप 2026 में भारत को अपने पहले ही मैच में उलटफेर वाली स्थिति का सामना करना पड़ सकता था लेकिन शुक्र हो कि SKY ने अपनी मास्टरक्लास से टीम को मुश्किल से निकाला। टॉस हारने के बाद, पहले बल्लेबाजी करने उतरी टीम इंडिया को दूसरे ही ओवर में बड़ा झटका लगा और अभिषेक शर्मा गोल्डन डक बनाकर आउट हो गए। ईशान ने 20 और तिलक ने 25 रन बनाए।
लगातार गिरते विकेटों से एकसमय स्कोर 77/6 हो गया लेकिन सूर्यकुमार ने 84 रनों की शानदार पारी खेली और नाबाद अर्धशतक जड़ते हुए टीम इंडिया को 161/9 के स्कोर तक ले गए। जवाब में यूएसए के बल्लेबाजों का प्रदर्शन ज्यादा खास नहीं रहा और भारतीय गेंदबाजों के सामने टीम पूरे ओवर खेलने के बावजूद 132/8 का ही स्कोर बना पाई।
FAQs
USA के खिलाफ सूर्यकुमार यादव ने कितने रनों की पारी खेली?
टी20 वर्ल्ड कप 2026 में अपने पहले मैच में भारत को कितने रनों से जीत मिली?
यह भी पढ़ें: बाबर आजम पर फूटा इस दिग्गज पाकिस्तानी क्रिकेटर का गुस्सा, बोले– ‘उस नकली किंग को बाहर करो’