Suryakumar Yadav, India captain: मुंबई के वानखेड़े स्टेडियम में हुआ भारत बनाम यूएसए मैच टीम इंडिया ने 29 रनों से जीत लिया है। लेकिन इस मैच में भारतीय क्रिकेट टीम बेहद ही खराब बल्लेबाजी करते नजर आई। इसको लेकर भारतीय कप्तान सूर्यकुमार यादव (Suryakumar Yadav) ने पोस्ट मैच प्रेजेंटेशन के दौरान काफी कुछ कहा है।
खराब बल्लेबाजी करते नजर आई टीम इंडिया
बीते कुछ समय से टी20 इंटरनेशनल क्रिकेट में अपने बल्लेबाजी से धाक जमाते चली आ रही इंडियन टीम आज USA के खिलाफ पूरी तरह से लाचार नजर आई। भारतीय टीम एक के बाद एक विकेट गंवा रही थी।
इंडियन टीम ने महज 77 के स्कोर पर अपने 6 विकेट गंवा दिए थे, जिसके बाद लग रहा था कि भारतीय टीम 120-30 रन तक भी नहीं पहुंच सकेगी। लेकिन कप्तान सूर्यकुमार यादव ने पारी को संभाला और टीम का स्कोर 9 विकेट के नुकसान पर 161 रन तक पहुंचाया। अंत में भारतीय टीम ने इस मुकाबले को 29 रनों से जीतने में कामयाबी हासिल की।
Suryakumar Yadav ने कही यह बात

पोस्ट मैच प्रेजेंटेशन के दौरान सूर्यकुमार यादव (Suryakumar Yadav) ने बताया कि जब स्कोर 77 रन पर 6 विकेट था, तो उन्हें काफी दबाव महसूस हो रहा था। उन्होंने कहा,” यह सिर्फ मैं ही बता सकता हूँ, जब स्कोर 77 रन पर 6 विकेट था, तो मुझ पर कितना दबाव था।” सूर्या ने बताया कि लेकिन इसके साथ ही, उन्हें यह विश्वास भी था कि उन्होंने पहले भी ऐसी ही परिस्थितियों में बल्लेबाजी की है। और उन्होंने मुंबई के मैदानों, आज़ाद मैदान, क्रॉस मैदान में काफी क्रिकेट खेला है। इसलिए उन्हें पता था कि अगर वो अंत तक बल्लेबाजी करते थे, तो फर्क ला सकते हैं।
इसके बाद टीम और बल्लेबाजी के बारे में सूर्या ने कहा, “हम थोड़ी बेहतर बल्लेबाजी कर सकते थे। मुझे लगता है कि जीतने के बाद भी बहुत कुछ सीखने को मिलता है। और आज हमने सीखा कि हम थोड़ी बेहतर या शायद थोड़ी समझदारी से बल्लेबाजी कर सकते थे। छोटी-छोटी साझेदारियां हमें 160 रन तक पहुंचा सकती थीं, बजाय इसके कि एक या दो बल्लेबाज अंत तक खेलने की कोशिश करते रहें। लेकिन साथ ही, कोई बात नहीं। हम आराम से बैठे हैं, हमारे पास बहुत समय है, अगले मैच के लिए पांच दिन हैं और हम और मजबूत होकर वापसी करेंगे।”
यह भी पढ़ें: बेटे की सफलता के बीच पिता का सख्त फैसला, बोले– ‘तब तक बेटे को क्रिकेटर नहीं मानूंगा जब तक…’
कुछ ऐसा रहा मैच का हाल
भारत बनाम यूएसए मैच के बारे में विस्तार से बात करें तो इस मैच में अमेरिका ने टॉस जीतकर पहले गेंदबाजी का फैसला किया। पहले बैटिंग करने उतरी भारत की शुरुआत काफी खराब रही और इंडियन टीम एक के बाद एक लगातार विकेट गंवाते रही। भारत ने अपना छठा विकेट महज 77 रन पर गंवा दिया। हालांकि इस बीच कप्तान सूर्यकुमार यादव (Suryakumar Yadav) ने पारी को संभाला और 49 गेंदों में नाबाद 84 रन बनाकर टीम को एक सम्मानजनक स्कोर तक पहुंचाया। उनके अलावा तिलक वर्मा ने 25 और अक्षर पटेल ने भी 14 रन बनाए। इसके चलते अमेरिका के खिलाफ भारतीय टीम ने 9 विकेट के नुकसान पर 161 रन बनाने में कामयाबी हासिल की।
अमेरिका के लिए सबसे ज्यादा विकेट शैडली वैन शाल्कविक ने लिए, उन्होंने चार विकेट चटकाए। उनके अलावा हरमीत सिंह ने दो विकेट जबकि अली खान और मोहम्मद मोहसिन ने एक-एक सफलता अर्जित की।
टारगेट का पीछा करने उतरी अमेरिकी टीम भी शुरुआत से ही विकेट गंवाते रही और 20 ओवर में 8 विकेट के नुकसान पर सिर्फ 132 रन ही बना सकी। इस दौरान शुभम् रंजने और संजय कृष्णमूर्ति के बल्ले से 37-37 रन आए। वहीं मिलिंद कुमार ने 34 रन की पारी खेली। भारतीय क्रिकेट टीम के लिए मोहम्मद सिराज ने सबसे अधिक 3 विकेट लिए। जबकि अर्शदीप सिंह और अक्षर पटेल ने 2-2 सफलताएं हासिल की। इस मैच के प्लेयर ऑफ द मैच भारतीय कप्तान सूर्यकुमार यादव (Suryakumar Yadav) रहे।