IND vs NZ Final: मेंस टी20 वर्ल्ड कप 2026 का फाइनल मुकाबला भारत और न्यूजीलैंड के बीच 8 मार्च को अहमदाबाद के नरेंद्र मोदी स्टेडियम में खेला जाना है, जिसका इंतजार सभी को बेसब्री से है। सेमीफाइनल में न्यूजीलैंड ने दक्षिण अफ्रीका को 9 विकेट से हराकर फाइनल में स्थान पक्का किया था। वहीं, भारत ने इंग्लैंड को 7 रनों से हराकर अपनी जगह पक्की की।
IND vs NZ फाइनल के लिए काफी ज्यादा हाइप बन गया है, क्योंकि इन दोनों टीमों के बीच कुछ सालों से काफी कड़ी टक्कर देखने को मिली है और आईसीसी टूर्नामेंट में न्यूजीलैंड ने कुछ गहरे जख्म भी भारत को दिए हैं। हालांकि, इस मैच से पहले काफी सारे फैंस के मन में यह सवाल भी है कि अगर फाइनल मुकाबला बारिश की भेंट चढ़ गया तो विजेता का फैसला कैसे होगा। ऐसे में इसी का जवाब हम आपको लेखे में देने जा रहे हैं।
IND vs NZ फाइनल मुकाबले वाले दिन कैसा रहेगा अहमदाबाद का मौसम?

भारत और न्यूजीलैंड के बीच खेले जाने वाले टी20 वर्ल्ड कप 2026 के फाइनल वाले दिन यानी रविवार, 8 मार्च को अहमदाबाद का मौसम काफी अच्छा रहने वाला है और बारिश की बिलकुल भी संभावना नहीं है। पूर्वानुमान के मुताबिक, दिन में गर्मी रहेगी। अधिकतम तापमान 38 डिग्री सेल्सियस रहने की उम्मीद है, जबकि रात में न्यूनतम तापमान 21 डिग्री सेल्सियस रह सकता है। गर्म हवाओं के कारण ओस का प्रभाव भी काफी कम रहेगा। ऐसे में मैच के हिसाब से अच्छी कंडीशंस रहेंगी।
इसके बावजूद, अगर IND vs NZ फाइनल में बारिश का दखल देखने को मिला तो फिर आईसीसी ने कुछ प्रावधान भी किए हैं। चलिए जानते हैं कि फाइनल बारिश से प्रभवित हुआ तो क्या होगा।
IND vs NZ फाइनल के लिए रिजर्व डे
आईसीसी टूर्नामेंट्स में नॉकआउट मुकाबलों के लिए रिजर्व डे का नियम होता है। वैसे तो यह जरूरी नहीं है कि दोनों सेमीफाइनल के लिए अतिरिक्त दिन रखा जाए लेकिन फाइनल के लिए ऐसा जरूर किया जाता है। इसी वजह से IND vs NZ फाइनल के लिए 9 मार्च का दिन रिजर्व डे के रूप में रखा गया है।
अगर फाइनल वाले दिन बारिश या खराब मौसम के कारण खेल नहीं होता है तो मुकाबले को अगले दिन पूरा किया जा सकता है। हालांकि, मैच वाले दिन भी अतिरिक्त समय दिया जाता है, ताकि पूरा खेल हो सके लेकिन अगर ऐसा नहीं होता है तो फिर रिजर्व डे पर खेल वहीं से शुरू होगा, जहां बारिश आने पर रोका गया था।
रिजर्व डे पर भी बारिश आई तो क्या होगा?
अगर फाइनल वाले दिन अतिरिक्त समय को मिलाकर 10-10 ओवर का खेल नहीं होता है तो फिर रिजर्व डे पर इसे पूरा करने का प्रयास किया जाएगा। लेकिन मामला तब दिलचस्प हो जाता है, रिजर्व डे भी बारिश की भेंट चढ़ जाए। ऐसे स्थिति में मैच को रद्द घोषित कर दिया जाता है। उदाहरण के तौर पर मान लीजिए अगर IND vs NZ फाइनल में मैच वाले दिन और रिजर्व डे वाले दिन को मिलाकर बिलकुल भी खेल नहीं होता या फिर दोनों ही टीमें 10-10 ओवर नहीं खेल पाती हैं तो फिर मुकाबले को रद्द कर दिया जाएगा और ICC के नियम के मुताबिक टी20 वर्ल्ड कप 2026 का विजेता भारत और न्यूजीलैंड को संयुक्त रूप से घोषित किया जाएगा।