India vs USA Warm-Up: 2 फरवरी से टी20 वर्ल्ड कप 2026 के वार्म-अप मुकाबलों की शुरुआत हो चुकी है। टूर्नामेंट में भाग ले रही 20 टीमों में से कुछ आपस में खेल रही हैं, जबकि कुछ की टक्कर मेजबान देशों भारत और श्रीलंका की ए टीमों से भी हो रही है। इसी कड़ी में सोमवार को यूएसए की टक्कर इंडिया ए से हुई, जिसमें उसे 38 रनों से हार का सामना करना पड़ा।
इंडिया ए (India A) की टीम में कुछ इंटरनेशनल सितारे और कुछ उभरते हुए खिलाड़ी शामिल थे। इसके बावजूद यूएसए की टीम जीत नहीं हासिल कर पाई। मुकाबले में पहले खेलते हुए इंडिया ए ने 238/3 का स्कोर बनाया, जिसके जवाब में यूएसए की टीम 19.4 ओवर में 200 रन बनाकर ढेर हो गई। चलिए आपको बताते हैं पूरे मैच का हाल।
जगदीशन के शतक और बदोनी के अर्धशतक के दम पर India A का बड़ा स्कोर

मुंबई के डीवाई पाटिल स्टेडियम में खेल गए मुकाबले में यूएसए ने टॉस जीतकर पहले गेंदबाजी का फैसला किया, जो शुरुआत से ही गलत साबित होता नजर आया। प्रियांश आर्या और CSK के पूर्व खिलाड़ी नारायण जगदीशन की जोड़ी ने तेज शुरुआत की। इन दोनों ने चार ओवर के अंदर ही 43 रन जोड़ दिए। हालांकि, फिर चौथे ओवर में इंडिया ए को पहला झटका लगा और प्रियांश 13 गेंदों में 28 रन बनाकर आउट हो गए। उनकी पारी में तीन चौके और दो छक्के शामिल रहे।
इसके बाद बैटिंग करने उतरे तिलक वर्मा पर सभी की नजर थी, जो इंजरी से वापसी कर रहे हैं। तिलक ने कुछ अच्छे शॉट खेले और और जगदीशन का अच्छा साथ दिया, जिसके कारण दूसरे विकेट के लिए शतकीय साझेदारी देखने को मिली और स्कोर 150 के पार पहुंच गया। तिलक ने 38 रन बनाए और 14वें ओवर में 156 के स्कोर पर आउट हुए। हालांकि, जगदीशन ने अपनी ताबड़तोड़ बल्लेबाजी जारी रखी और 49 गेंदों पर शतक जड़ दिया। उन्होंने आउट होने से पहले 55 गेंदों पर 104 रन बनाए, जिसमें 11 चौके और पांच छक्के शामिल रहे।
कप्तान आयुष बदोनी का भी तूफानी अंदाज देखने को मिला। बदोनी ने ताबड़तोड़ अंदाज में बल्लेबाजी करते हुए फिफ्टी पूरी की और फिर 26 गेंदों पर छह चौकों और चार छक्कों की मदद से 60 रन बनाकर नाबाद रहे। रियान पराग को ज्यादा मौका नहीं मिला और उन्होंने 2 रन नाबाद बनाए। यूएसए की तरफ से अली खान, जसदीप सिंह और शुभम रंजन ने एक-एक विकेट लिया।
India A के बड़े लक्ष्य के सामने USA का प्रयास नहीं आया काम
इंडिया ए (India A) के द्वारा मिले 239 के लक्ष्य का पीछा करते हुए यूएसए की शुरुआत ज्यादा खास नहीं रही और उसने 50 रनों के अंदर ही अपने दो अहम विकेट गंवा दिए, जिसमें कप्तान मोनांक पटेल (10) और सैतेजा मुक्कमल्ला (0) शामिल रहे। मिलिंद कुमार ने काफी धीमी बल्लेबाजी की और वो 18 गेंदों पर 18 रन ही बना पाए। एंड्रीज़ गूस ने कुछ अच्छे शॉट खेले लेकिन अपना अर्धशतक पूरा किए बिना ही 31 गेंदों पर 44 रन बनाकर आउट हो गए। उनकी पारी में पांच चौके और दो छक्के शामिल रहे।
75 के स्कोर तक 4 विकेट गिरने से यूएसए की हालत खराब नजर आ रही थी लेकिन फिर संजय कृष्णमूर्ति ने तूफानी अंदाज में 18 गेंदों पर 41 रन बनाकर अपनी टीम के स्कोर को 150 के करीब पहुंचाया। इसके बाद, शुभम रंजन ने 28 और हरमीत सिंह ने 9 गेंदों पर 25 रनों का योगदान दिया। वहीं, मोहम्मद मोहसिन ने भी 10 गेंदों पर 21 रन बनाए। इस तरह यूएसए की टीम 200 के स्कोर तक पहुंचने में सफल रही। इंडिया ए (India A) की तरफ से रवि बिश्नोई सबसे सफल गेंदबाज रहे और उन्होंने तीन विकेट झटके।
FAQs
USA के खिलाफ इंडिया ए के किस खिलाड़ी ने शतक ठोका?
इंडिया ए को अपना दूसरा अभ्यास मैच कब और किस टीम से खेलना है?
यह भी पढ़ें: PAK ने IND के खिलाफ खेलने से किया इनकार, तो जानें अब ICC नियमों में किसे मिलेगी जीत? कैसे बटेंगे पॉइंट्स