T20 World Cup: इंटरनेशनल लेवल पर क्रिकेट के सबसे छोटे फॉर्मेट यानी टी20आई की शुरुआत 17 फरवरी 2005 को हुई थी और पहला मैच ऑस्ट्रेलिया बनाम न्यूजीलैंड खेला गया था। इसके बाद, 2006 में टीम इंडिया ने अपना इस फॉर्मेट में डेब्यू किया। 2007 में टी20 फॉर्मेट के वर्ल्ड कप का आयोजन हुआ, जिसमें भारत ने चैंपियन बनने में सफलता प्राप्त की।
मौजूदा समय में टी20 वर्ल्ड कप (T20 World Cup) का 10वां संस्करण खेला जा रहा है, जिसकी मेजबानी भारत और श्रीलंका संयुक्त रूप से कर रहे हैं। इस टूर्नामेंट के माध्यम से इटली ने पहली टी20 वर्ल्ड कप में दस्तक दी और अपना डेब्यू मैच स्कॉटलैंड के खिलाफ खेला। ऐसे में काफी सारे फैंस जानना चाहते होंगे कि टी20 वर्ल्ड कप में अब तक कुल कितनी टीमें नजर आ चुकी हैं। इसकी जानकारी हम आपको देने जा रहे हैं।
T20 World Cup में शामिल रह चुकीं सभी टीमों की पूरी जानकारी

ICC ने टी20 वर्ल्ड कप (T20 World Cup) का जब आगाज किया था तब शायद ही सोचा होगा कि एक दिन यह टूर्नामेंट इतना लोकप्रिय हो जाएगा। अब तक इसके 9 सफल संस्करण खेले जा चुके हैं और 10वां जारी है। पहले मुख्य टीमों के बीच ही टूर्नामेंट खेला जाता था लेकिन फिर सहायक देशों को भी इसमें शामिल किया जाने लगा। कुछ टीमों को डायरेक्ट रैंकिंग के आधार पर जगह मिलती है, जबकि कुछ को क्वालीफायर खेलकर अपना स्थान पक्का करना पड़ता है।
अगर टी20 वर्ल्ड कप (T20 World Cup) के इतिहास पर नजर डालें तो अब तक 24 टीमों ने टूर्नामेंट में हिस्सा लिया था लेकिन 2026 के संस्करण में इटली के आने से यह संख्या 25 हो गई है। ऐसे में अब तक 25 टीमों ने टी20 वर्ल्ड कप में हिस्सा लिया है, जिसमें भारत, वेस्टइंडीज और इंग्लैंड ही सबसे सफल साबित हुई हैं, क्योंकि इन तीनों ने ही दो-दो बार चैंपियन बनने में कामयाबी हासिल की है। वहीं, पाकिस्तान, श्रीलंका और ऑस्ट्रेलिया ने एक-एक बार टाइटल अपने नाम किया है।
आइए नजर डालते हैं टी20 वर्ल्ड कप (T20 World Cup) में अब तक शामिल रहने वाली सभी टीमों की पूरी लिस्ट पर:
- भारत
- इंग्लैंड
- वेस्टइंडीज
- ऑस्ट्रेलिया
- पाकिस्तान
- श्रीलंका
- न्यूजीलैंड
- दक्षिण अफ्रीका
- अफगानिस्तान
- बांग्लादेश
- आयरलैंड
- यूएसए
- नीदरलैंड
- स्कॉटलैंड
- जिम्बाब्वे
- नामीबिया
- ओमान
- हांगकांग
- नेपाल
- पापुआ न्यू गिनी
- यूएई
- कनाडा
- केन्या
- युगांडा
- इटली
इटली को टी20 वर्ल्ड कप (T20 World Cup) डेब्यू में स्कॉटलैंड के हाथों मिली हार
टी20 वर्ल्ड कप (T20 World Cup) में इटली का पहला मैच कुछ खास नहीं रहा और उसे स्कॉटलैंड के हाथों 73 रनों की बड़ी हार झेलनी पड़ी। कोलकाता के ईडन गार्डन्स में खेले गए मुकाबले में पहले बल्लेबाजी करते हुए स्कॉटलैंड ने 20 ओवर में 207/4 का स्कोर बनाया। इस दौरान जॉर्ज मुन्से ने 54 गेंदों में 84 रनों की लाजवाब पारी खेली। वहीं, ब्रेंडन मैकमुलेन ने भी 18 गेंदों में 41 रनों की नाबाद पारी खेली, जबकि माइकल लीस्क ने 5 गेंदों में 22 रन नाबाद बनाए।
इस बड़े लक्ष्य का पीछा करते हुए इटली को अपनी पारी से पहले ही झटका लग गया, क्योंकि उसके कप्तान वेन मैडसेन स्कॉटलैंड की पारी के चौथे ओवर में ही चोटिल होकर मैदान से बाहर चले गए थे और फिर मैच से ही बाहर हो गए। ऐसे में 10 खिलाड़ियों के साथ इटली की पूरी टीम 16.4 ओवर में 134 रन बनाकर ढेर हो गई। अब इटली का प्रयास अपने आगे के मैचों में बेहतर प्रदर्शन करने का होगा।
FAQs
इटली से पहले कितनी टीमें टी20 वर्ल्ड कप में खेल चुकी थीं?
इटली को टी20 वर्ल्ड कप में डेब्यू करते हुए पहले मैच में कितने रनों से हार झेलनी पड़ी?
यह भी पढ़ें: रणजी में आया केएल राहुल का तूफान, मुंबई को हराकर कर्नाटक ने किया सेमीफाइनल के लिए क्वालीफाई