Posted inICC T20 World Cup

टॉप 10 गेंदबाज की लिस्ट, जिन्होंने चटकाए हैं T20 World Cup में सबसे ज्यादा विकेट

टॉप 10 गेंदबाज की लिस्ट, जिन्होंने चटकाए हैं T20 World Cup में सबसे ज्यादा विकेट

 Top 10 Bowlers With Most Wickets In T20 World Cup: टी20 वर्ल्ड कप 2026 की शुरुआत 7 फरवरी से भारत और श्रीलंका की मेजबानी में होने वाली है। इस बार टूर्नामेंट का 10वां संस्करण खेला जाएगा और इसमें 20 टीमें हिस्सा लेंगी। बांग्लादेश को जगह नहीं मिली है, क्योंकि वो अपने मैच भारत में खेलने के लिए तैयार नहीं था, इसी वजह से उसकी जगह स्कॉटलैंड को मौका मिला है।

टी20 वर्ल्ड कप (T20 World Cup) की शुरुआत 2007 में हुई थी और अब तक टूर्नामेंट में कई जबरदस्त रिकॉर्ड बन चुके हैं। हम आपको इस लेख में उन 10 गेंदबाजों की जानकारी देने जा रहे हैं, जिन्होंने टी20 वर्ल्ड कप में सबसे ज्यादा विकेट चटकाए हैं। हालांकि, इस लिस्ट में भारत का एक भी गेंदबाज शामिल नहीं है। भारत की तरफ से आर अश्विन 32 विकेट के साथ 13वें स्थान पर हैं।

T20 World Cup में सबसे ज्यादा विकेट लेने वाले टॉप 10 गेंदबाज

टॉप 10 गेंदबाज की लिस्ट, जिन्होंने चटकाए हैं T20 World Cup में सबसे ज्यादा विकेट

10. अजंता मेंडिस (35 विकेट)

टी20 वर्ल्ड कप (T20 World Cup) में सबसे ज्यादा विकेट लेने वाले गेंदबाजों की लिस्ट में 10वें स्थान पर श्रीलंका के मिस्ट्री स्पिनर अजंता मेंडिस हैं। मेंडिस ने जब इंटरनेशनल क्रिकेट में कदम रखा था, उसके कुछ ही सालों में वो बल्लेबाजों के लिए बुरा सपना बन चुके थे और उनके सामने टिक पाना बहुत मुश्किल नजर आता था। कुछ ऐसा ही खौफ टी20 वर्ल्ड कप में भी उनके खिलाफ देखने को मिला। इस गेंदबाज ने टूर्नामेंट में 21 मैचों में 15.02 की औसत से 35 विकेट चटकाए और 6.70 की शानदार इकॉनमी रेट से रन खर्च किए।

9. एनरिक नॉर्खिया (35 विकेट)

दक्षिण अफ्रीका के तेज गेंदबाज एनरिक नॉर्खिया अपनी तेज रफ़्तार के लिए जाने जाते हैं। नॉर्खिया के पास गति के साथ-साथ विविधता भी मौजूद है। इसी वजह से उनके खिलाफ बल्लेबाजी करना आसान काम नहीं होता है। हालांकि, पिछले कुछ समय से नॉर्खिया अपनी इंजरी की समस्याओं के कारण ज्यादातर एक्शन से दूर रहे हैं लेकिन बार टी20 वर्ल्ड कप (T20 World Cup) में अपना जलवा दिखाएंगे। टूर्नामेंट के इतिहास में नॉर्खिया ने अभी तक 19 मैचों में 11.40 की औसत से 35 विकेट झटके हैं। इस दौरान उनका इकॉनमी रेट 5.55 का रहा है।

8. टिम साउदी (36 विकेट)

न्यूजीलैंड के दिग्गज टिम साउदी इस बार टी20 वर्ल्ड कप (T20 World Cup) में नहीं नजर आएंगे, क्योंकि उन्होंने इंटरनेशनल क्रिकेट से संन्यास ले लिया है। हालांकि, उनका नाम टूर्नमेंट में सबसे ज्यादा विकेट लेने वाले गेंदबाजों की लिस्ट में शुमार है और वो आठवें स्थान पर हैं। साउदी ने साल 2010 से लेकर 2024 तक 25 मुकाबले खेले और 36 विकेट झटके। इस दौरान उनका गेंदबाजी औसत 17.91 और उनका इकॉनमी रेट 6.99 का रहा।

7. सईद अजमल (36 विकेट)

पाकिस्तान के सईद अजमल को खतरनाक स्पिनर्स में से एक माना जाता था। अजमल का एक्शन आसान नहीं था और इसी वजह से बल्लेबाज उनकी विविधताओं को आसानी से पढ़ नहीं पाते थे। यही कारण है कि अजमल ने टी20 वर्ल्ड कप (T20 World Cup) में भी बल्लेबाजों को खूब तंग किया और वो सबसे ज्यादा विकेट चटकाने वाले गेंदबाजों की लिस्ट में सातवें स्थान पर हैं। अजमल ने अपना पहला टी20 वर्ल्ड कप 2009 में खेला था, जबकि आखिरी बार 2014 में नजर आए थे। उन्होंने 23 मैचों में 16.86 की औसत से 36 विकेट झटके और उनका इकॉनमी रेट 6.79 का रहा।

6. एडम जंपा (36 विकेट)

लेग स्पिनर एडम जंपा टी20 वर्ल्ड कप में छठे सबसे ज्यादा विकेट लेने वाले गेंदबाज हैं। जंपा ने 2016 में पहली बार टी20 वर्ल्ड कप (T20 World Cup) खेला था और अब 2026 के संस्करण में भी नजर आएंगे। एशियाई कंडीशंस में उनके ऊपर काफी बड़ी जिम्मेदारी होने वाली है। अगर टूर्नामेंट में उनके रिकॉर्ड पर नजर डाली जाए तो जंपा ने अभी तक 21 मैचों में 13.69 की औसत से 36 विकेट अपने नाम किए हैं। बल्लेबाजों को जंपा ने अपने खिलाफ आसानी से रन नहीं बनाने दिए हैं और इसका गवाह उनका 6.32 का इकॉनमी रेट है।

5. राशिद खान (37 विकेट)

टी20 क्रिकेट खेलकर दुनियाभर में अपना लोहा मनवा चुके अफगानिस्तान के लेग स्पिनर राशिद खान ने टी20 वर्ल्ड कप (T20 World Cup) में भी काफी सफलता हासिल की है। इस बार यह दिग्गज खिलाड़ी टूर्नामेंट में अफगानिस्तान की कप्तानी करेगा। ऐसे में राशिद के ऊपर दोहरी जिम्मेदारी होने वाली है। राशिद के पास लेग स्पिन के साथ अच्छी गूगली भी है, जिसे पढ़ पाना आसान काम नहीं है। इसके अलावा टी20 वर्ल्ड कप में उनका रिकॉर्ड भी काफी अच्छा है। राशिद ने 23 मैचों में 14.89 की औसत और 6.30 की इकॉनमी रेट से 37 विकेट चटकाए हैं।

4. वानिन्दु हसरंगा (37 विकेट)

श्रीलंका के स्पिनर वानिन्दु हसरंगा टी20 वर्ल्ड कप (T20 World Cup) इतिहास के चौथे सबसे ज्यादा विकेट लेने गेंदबाज हैं। हसरंगा ने टूर्नामेंट में अपना डेब्यू 2021 के संस्करण में किया था और आखिरी बार 2024 में खेले थे। घरेलू परिस्थितियों में हसरंगा काफी अहम भूमिका निभाते नजर आ सकते हैं और श्रीलंका को भी अपने इस स्पिनर से काफी उम्मीद होगी, क्योंकि वो टूर्नामेंट में सबसे ज्यादा विकेट लेने वाले चौथे गेंदबाज हैं। हसरंगा ने टी20 वर्ल्ड कप में 19 मैच खेले हैं और इस दौरान 11.72 की औसत से 37 विकेट झटके हैं। उनका इकॉनमी रेट 6 का है, जिससे साफ़ पता चलता है कि उन्होंने विकेट लेने के साथ-साथ रन खर्च करने में भी कंजूसी की है।

3. लसिथ मलिंगा (38 विकेट)

इस लिस्ट में तीसरे स्थान पर श्रीलंका के दिग्गज लसिथ मलिंगा है, जिन्होंने अपने करियर के दौरान बल्लेबाजों के होश उड़ाने का काम किया है। मलिंगा अब संन्यास ले चुके हैं लेकिन अभी भी टी20 वर्ल्ड कप (T20 World Cup) में सबसे ज्यादा विकेट लेने वाले टॉप 3 गेंदबाजों में बने हुए हैं। मलिंगा ने 2007 में अपना पहला टी20 वर्ल्ड कप खेला था और फिर आखिरी बार 2014 में नजर आए थे, जब श्रीलंका ने फाइनल में भारत को हराकर खिताब जीता था। मलिंगा ने अपने करियर में टी20 वर्ल्ड कप में 31 मैचों में 20.07 की औसत और 7.43 की इकॉनमी रेट से 38 विकेट चटकाए। इस दौरान उनके नाम एक फाइव विकेट हॉल भी रहा।

2. शाहिद अफरीदी (39 विकेट)

पाकिस्तान के दिग्गज शाहिद अफरीदी टी20 वर्ल्ड कप (T20 World Cup) इतिहास में दूसरे सबसे ज्यादा विकेट लेने वाले गेंदबाज हैं। इस ऑलराउंडर खिलाड़ी ने अपनी कहर बरपाती गेंदों से बल्लेबाजों को जौहर दिखाने का मौका नहीं दिया। अफरीदी ने 2007 से लेकर 2016 तक टी20 वर्ल्ड कप में खेलते हुए 34 मुकाबलों में हिस्सा लिया और 23.25 की औसत से 39 विकेट चटकाए। इस दौरान अफरीदी का इकॉनमी रेट 6.71 का रहा।

1. शाकिब अल हसन (50 विकेट)

टी20 वर्ल्ड कप (T20 World Cup) में सबसे ज्यादा विकेट चटकाने वाले गेंदबाज बांग्लादेश के दिग्गज शाकिब अल हसन हैं, जो इस बार टूर्नामेंट में नहीं नजर आएंगे। शाकिब ने बांग्लादेश के लिए 2007 में पहली बार टी20 वर्ल्ड कप खेला था और तब से लेकर वो हर संस्करण में खेलते आए थे। वो टूर्नामेंट के इतिहास के इकलौते ऐसे खिलाड़ी हैं, जिनके नाम 50 विकेट दर्ज हैं। शाकिब ने 43 मैच खेलकर इस कारनामे को अंजाम दिया। उनका गेंदबाजी औसत 20.12 और उनका इकॉनमी रेट 6.86 का रहा।

FAQs

टी20 वर्ल्ड कप में 50 विकेट लेने वाला एकमात्र गेंदबाज कौन सा है?
शाकिब अल हसन
टी20 वर्ल्ड कप में भारत की तरफ से सबसे ज्यादा विकेट किसने चटकाए हैं?
रविचंद्रन अश्विन - 32 विकेट

यह भी पढ़ें: अंडर-19 वर्ल्ड कप में भी भारत के कप्तान आयुष महात्रे ने पाकिस्तान को दिखाई उसकी औकात, नहीं किया शेक हैंड

Live Stream Dream 11
error: Content is protected !!