T20 World Cup 2026: भारत और श्रीलंका की मेजबानी में टी20 वर्ल्ड कप के 10वें संस्करण का आयोजन हो रहा है। टूर्नामेंट में न्यूजीलैंड की टीम भी हिस्सा ले रही है और वो ग्रुप डी में शामिल है। कीवी टीम ने अभी तक तीन मुकाबले खेले हैं और दो में जीत दर्ज की है। हालांकि, दक्षिण अफ्रीका के खिलाफ मुकाबले में हार के बाद, उसे एक बड़ा झटका लगा है।
न्यूजीलैंड को टी20 वर्ल्ड कप 2026 के अपने आखिरी ग्रुप मैच में तेज गेंदबाज लोकी फर्ग्यूसन का साथ नहीं मिलेगा, क्योंकि वो उपलब्ध नहीं रहेंगे। दाएं हाथ के तेज गेंदबाज ने अपने परिवार को प्राथमिकता देने का फैसला किया है और खास वजह से स्वदेश वापस लौटेंगे।
अपने पहले बच्चे के जन्म के कारण T20 World Cup के बीच घर लौटेंगे फर्ग्यूसन

टी20 वर्ल्ड कप 2026 (T20 World Cup 2026)के बीच न्यूजीलैंड के तेज गेंदबाज लोकी फर्ग्यूसन के घर नन्हा मेहमान दस्तक देने वाला है। इसी वजह से उन्हें टूर्नामेंट के बीच पितृत्व अवकाश की मंजूरी मिल गई है और वो वापस अपने घर जाएंगे। यही कारण है कि चेन्नई में 17 फरवरी को कनाडा के खिलाफ होने वाले न्यूजीलैंड के आखिरी ग्रुप मैच में फर्ग्यूसन नहीं नजर आएंगे लेकिन सुपर-8 राउंड के लिए उनकी वापसी की उम्मीद है।। हालांकि, इससे न्यूजीलैंड को ज्यादा परेशानी नहीं होगी, क्योंकि कनाडा की टीम बहुत ज्यादा मजबूत नहीं है और कीवियों को उसे हराने में ज्यादा मुश्किलों का सामना शायद ही करना पड़े।
न्यूजीलैंड के हेड कोच रॉब वाल्टर ने कहा,
“लोकी और एम्मा (फर्ग्यूसन की पत्नी) के लिए यह बेहद रोमांचक समय है और हमें खुशी है कि वह इस खास मौके पर घर पर मौजूद रहेंगे। फिलहाल, हम टीम में लोकी की जगह किसी और खिलाड़ी को शामिल नहीं करेंगे क्योंकि उनकी योजना टूर्नामेंट के सुपर-8 चरण के लिए वापसी करने की है। लेकिन हमारे रिजर्व खिलाड़ी बेन सीयर्स और कोल मैककॉन्ची जरूरत पड़ने पर टीम में शामिल होने के लिए तैयार हैं।”
T20 World Cup 2026 में लोकी फर्ग्यूसन के आंकड़े
लोकी फर्ग्यूसन की बात करें तो वो न्यूजीलैंड के बहुत ही अहम सदस्य हैं। हालांकि, इंजरी के कारण फर्ग्यूसन कई बार अंदर-बाहर हुए हैं लेकिन उन्होंने अपनी गति से समझौता किया। भारत के खिलाफ टी20 सीरीज में भी फर्ग्यूसन इंजरी की वजह से सिर्फ एक ही मैच खेल पाए थे। हालांकि, टी20 वर्ल्ड कप के लिए फर्ग्यूसन पूरी तरह फिट नजर आए और उन्होंने अपनी टीम के लिए ग्रुप स्टेज के शुरूआती तीनों मैच खेले। इस दौरान उन्होंने 4 विकेट अपने नाम किए।
अब, न्यूजीलैंड के पास लोकी फर्ग्यूसन के विकल्प के रूप में स्क्वाड में तेज गेंदबाज काइल जेमिसन उपलब्ध हैं। जेमिसन ने भारत के खिलाफ टी20 सीरीज में भी हिस्सा लिया था लेकिन उन्हें टी20 वर्ल्ड कप में अभी तक एक भी मैच नहीं खिलाया गया। हालांकि, अब फर्ग्यूसन के उपलब्ध न रहने से जेमिसन को प्लेइंग 11 में जगह मिलने की उम्मीद है।
सुपर-8 में जगह बनाने के करीब न्यूजीलैंड
टी20 वर्ल्ड कप 2026 में अपने ग्रुप मुकाबलों में न्यूजीलैंड ने अफगानिस्तान और यूएई को आसानी से हराया। ऐसे में दक्षिण अफ्रीका के खिलाफ मुकाबले में जीत उन्हें सुपर-8 में जगह दिला देती लेकिन टीम को 7 विकेट से करारी हार का सामना करना पड़ा। इसी वजह से अब कनाडा के खिलाफ जीत उन्हें अगले राउंड में जगह दिलाएगी। हालांकि, अगर कोई उलटफेर होता है और कीवी टीम जीत नहीं हासिल कर पाती तो भी कुछ समीकरण के माध्यम से वो अगले राउंड में जगह बना सकती है। फिलहाल न्यूजीलैंड के 3 मैच के बाद 4 अंक हैं और वो पॉइंट्स टेबल में दूसरे स्थान पर है।
FAQs
लोकी फर्ग्यूसन किस टीम के खिलाफ ग्रुप मैच के लिए उपलब्ध नहीं रहेंगे?
टी20 वर्ल्ड कप 2026 में लोकी फर्ग्यूसन ने कितने विकेट झटके हैं?
यह भी पढ़ें: अभिषेक शर्मा पाकिस्तान के खिलाफ खेलेंगे या नहीं? सूर्यकुमार यादव ने प्रेस कॉन्फ्रेंस मे दिया साफ़ जवाब