Abhishek Sharma: टी20 वर्ल्ड कप 2026 में भारत ने सेमीफाइनल में जगह बना ली है। कोलकाता में वेस्टइंडीज के खिलाफ रविवार को खेले गए सुपर-8 के अपने आखिरी मैच में टीम इंडिया ने 5 विकेट से जीत दर्ज की और टूर्नामेंट के अंतिम चार में स्थान पक्का किया। भारत की जीत में सबसे अहम योगदान ओपनर संजू सैमसन का रहा जिन्होंने 97 रनों की नाबाद पारी खेली। हालांकि उनके साथी अभिषेक शर्मा ने पूरी तरह निराश किया और एक बार फिर अपने बल्ले का कमाल दिखाने से चूक गए।
मौजूदा टूर्नामेंट से पहले अभिषेक शर्मा (Abhishek Sharma) का फॉर्म बहुत ही अच्छा था और उम्मीद की जा रही थी कि वह अपने बल्ले से रनों की बारिश करते नजर आएंगे लेकिन अभी तक ऐसा कुछ भी नहीं हुआ। वेस्टइंडीज के खिलाफ भी अभिषेक सिर्फ 10 रन ही बना पाए। उनके लगातार फ्लॉप प्रदर्शन को देखते हुए पूर्व भारतीय बल्लेबाज ने अभिषेक को फटकार लगाई है।
सुपरस्टार बनने के लिए अभिषेक शर्मा (Abhishek Sharma) को खेलनी होगी स्मार्ट क्रिकेट

टी20 इंटरनेशनल में पहली गेंद से बड़े शॉट खेलकर अपनी पहचान बनाने वाले अभिषेक शर्मा (Abhishek Sharma) का अप्रोच टी20 वर्ल्ड कप 2026 में पूरी तरह फ्लॉप साबित हुआ। पहले तीन मैचों में अभिषेक अपना खाता नहीं खोल पाए। इसके बाद, दक्षिण अफ्रीका के खिलाफ 15 रनों की पारी खेली। वहीं, जिम्बाब्वे के खिलाफ उनके बल्ले से 55 रनों की पारी आई लेकिन यह उस अंदाज में नहीं थी, जिसके लिए अभिषेक मशहूर हैं।
हालांकि, उम्मीद थी कि इस पारी से उनमें आत्मविश्वास वापस आएगा और वेस्टइंडीज के खिलाफ अच्छा करेंगे लेकिन उन्होंने निराश ही किया। स्पिनर अकील हुसैन के खिलाफ बड़ा शॉट लगाने के प्रयास में अभिषेक अपना विकेट गंवा बैठे। इस मैच के बाद, भारतीय टीम के पूर्व बल्लेबाज मनोज तिवारी ने कहा है कि अभिषेक को सुपरस्टार बनने के लिए टीम इंडिया को मैच जिताने होंगे और स्मार्ट क्रिकेट खेलनी होगी।
अभिषेक शर्मा (Abhishek Sharma) को लेकर क्या बोले मनोज तिवारी?
क्रिकबज पर मनोज तिवारी ने कहा,
“इतने कम समय में ही वो स्टार बन गए हैं, लेकिन अगर उन्हें सुपरस्टार बनना है तो उन्हें टीम के लिए मैच जीतने होंगे। इतनी प्रतिस्पर्धा है, इतने सारे मैच जिताने वाले खिलाड़ी हैं, इसलिए उन्हें इन सबसे आगे रहना होगा। ऐसा नहीं है कि कोच और टीम मैनेजमेंट उनसे नाखुश हैं और अगले मैच में उन्हें बेंच पर बैठा देंगे। उन्हें यह आजादी दी गई है।”
इस पूर्व खिलाड़ी ने अभिषेक शर्मा (Abhishek Sharma) के आक्रामक अप्रोच का समर्थन किया लेकिन यह सलाह भी दी कि उन्हें हर गेंद पर जोखिम लेने से बचना होगा और सोच-समझकर बड़े शॉट खेलने होंगे। अभिषेक ने अपनी बल्लेबाजी से तो निराश किया ही, साथ ही फील्डिंग में भी फिसड्डी रहे और वेस्टइंडीज की पारी में दो कैच भी छोड़े। इसका जिक्र भी मनोज ने किया। उन्होंने कहा,
“जब आप अपने विकेट की कीमत नहीं समझते, तो आप ऐसे ही ढीले-ढाले शॉट खेलते हैं। आज उनके पास अच्छा मौका था। आज उनका दिन अच्छा नहीं रहा। उन्होंने दो कैच भी छोड़े। उन्हें अपनी मानसिकता बदलनी होगी, जिसमें उन्हें यह तय करना होगा कि किन गेंदों पर खेलना है और किन पर नहीं। विपक्षी गेंदबाजों का थोड़ा सम्मान करना सीखें। कोई उन्हें अपना तरीका बदलने के लिए नहीं कह रहा है, लेकिन उनमें इतनी क्षमता है कि अगर वे 3-4 डॉट बॉल भी खेल लेते हैं, तो उसकी भरपाई हो सकती है।”
अभिषेक शर्मा (Abhishek Sharma) ने टी20 वर्ल्ड कप 2026 में अभी तक 6 मुकाबले खेले हैं और इस दौरान 13.33 की साधारण औसत से 80 रन ही बना पाए हैं। उनका स्ट्राइक रेट भी 131.14 का है, जो उनके करियर स्ट्राइक रेट से काफी कम है। भारत को उम्मीद होगी कि सेमीफाइनल में इंग्लैंड के खिलाफ अभिषेक एक मैच जिताऊ पारी खेलें और टीम की फाइनल में जगह बनाने में मदद करें।