Pakistan Semi-Final Scenario: टी20 वर्ल्ड कप 2026 में सुपर-8 के मुकाबले खेले जा रहे हैं और हर एक मैच के बाद सेमीफाइनल में जगह बनाने की रेस रोचक हो रही है। ग्रुप X से अभी तक किसी भी टीम ने सेमीफाइनल में जगह नहीं बनाई है, जबकि ग्रुप Y से सिर्फ इंग्लैंड ने अंतिम 4 में अपनी जगह बनाई है, जबकि बुधवार को न्यूजीलैंड के हाथों हारकर सह-मेजबान श्रीलंका टूर्नामेंट से एलिमिनेट हो गई है।
कोलंबो में खेले गए मुकाबले में श्रीलंका को न्यूजीलैंड ने 61 रनों के बड़े अंतर से हराया और सेमीफाइनल के लिए अपनी दावेदारी मजबूत की। हालांकि, कीवी टीम की इस जीत के बावजूद पाकिस्तान (Pakistan) की टीम अभी तक सेमीफाइनल की रेस से बाहर नहीं हुई है और कुछ समीकरण उनके पक्ष में गए तो फिर वो अंतिम 4 में अपनी जगह बना सकते हैं।
श्रीलंका के विरुद्ध न्यूजीलैंड की बड़ी जीत के बावजूद पाकिस्तान (Pakistan) की सेमीफाइनल की उम्मीदें बरकरार

ग्रुप Y में सुपर-8 का पहला मैच न्यूजीलैंड और पाकिस्तान (Pakistan) के बीच था, जो बारिश के कारण रद्द हो गया था। इसी वजह से दोनों ही टीमों को 1-1 अंक मिला था। इसके बाद, पाकिस्तान को अपने दूसरे मैच में इंग्लैंड के हाथों 2 विकेट से हार मिली थी और इंग्लैंड ने अगले दौर में जगह बना ली थी, क्योंकि इंग्लिश टीम ने अपने पहले मैच में श्रीलंका को 51 रनों से हराया था। वहीं, अब न्यूजीलैंड ने श्रीलंकाई टीम को 61 रनों से हराया। इस तरह श्रीलंका का सफर टूर्नामेंट में समाप्त हो गया लेकिन न्यूजीलैंड की टीम अभी भी रेस में बनी हुई है और उसके साथ पाकिस्तान भी चमत्कार की उम्मीद में है।
श्रीलंका को हराने से न्यूजीलैंड के 2 मैच में 3 अंक हो गए हैं और उसका नेट रन रेट +3.050 है। वहीं, पाकिस्तान (Pakistan) के खाते में 2 मैच के बाद 1 ही अंक हैं और उसका नेट रन रेट -0.461 है। अभी इन दोनों ही टीमों को एक-एक मैच खेलना है, जिसमें इंग्लैंड से न्यूजीलैंड की टक्कर 27 फरवरी को होगी। वहीं, अगले दिन यानी 28 फरवरी को पाकिस्तान का सामना श्रीलंका से होगा। न्यूजीलैंड ने इंग्लैंड को हरा दिया तो फिर वो सेमीफाइनल में पहुंच जाएगी और पाकिस्तान एलिमिनेट हो जाएगा लेकिन अगर इंग्लैंड ने जीत दर्ज की तो फिर पाकिस्तान के सेमीफाइनल में पहुंचने का क्या समीकरण होगा, आइए इस बारे में जानते हैं।
इंग्लैंड से न्यूजीलैंड के हारने पर पाकिस्तान (Pakistan) के सेमीफाइनल में पहुंचने का समीकरण
सेमीफाइनल में जगह बनाने के लिहाज से पाकिस्तान (Pakistan) सबसे पहले यही उम्मीद करेगा कि इंग्लैंड के हाथों न्यूजीलैंड को काफी अच्छे अंतर से हार मिले, ताकि कीवी टीम का नेट रन रेट कम हो जाए, क्योंकि मिचेल सैंटनर की टीम का NRR जितना कम होगा, उतने ही कम अंतर से पाकिस्तान को श्रीलंका को हराने की जरूरत पड़ेगी। इंग्लैंड के खिलाफ हार से न्यूजीलैंड के 3 अंक हो जाएंगे और पाकिस्तान के पास श्रीलंका को हराकर कीवी टीम के पॉइंट्स की बराबरी का मौका रहेगा। हालांकि, फिर बात नेट रन रेट पर आएगी।
ऐसे में क्या और कैसे समीकरण होगा, इसको हमने उदाहरण के माध्यम से समझाया है। उदाहरण के लिए, अगर इंग्लैंड न्यूजीलैंड को 50 रनों से हरा देता है, तो पाकिस्तान (Pakistan) को नेट रन रेट के आधार पर बढ़त बनाने के लिए श्रीलंका को लगभग 20 रनों से हराना होगा, यह मानते हुए कि पहली पारी का स्कोर लगभग 170 होगा। वहीं, अगर पाकिस्तान लक्ष्य का पीछा करता है, तो समीकरण और भी जटिल हो जाता है। न्यूजीलैंड के नेट रन रेट को पार करने के लिए उन्हें लगभग 17.5 ओवरों में लक्ष्य पूरा करना होगा। इससे ज्यादा ओवर लिए तो जीत के बावजूद उन्हें न्यूजीलैंड से एनआरआर के मामले में पीछे रहना होगा।