Pakistan Player Misbehaved With Female Hotel Staff: टी20 वर्ल्ड कप 2026 में पाकिस्तान सुपर-8 राउंड से ही एलिमिनेट हो गया। कोलंबो में मददगार परिस्थितियों के बावजूद पाक टीम का प्रदर्शन कुछ खास नहीं रहा और बड़ी टीमों के खिलाफ उसे संघर्ष झेलना पड़ा। चिर-प्रतिद्वंदी भारत ने भी पाकिस्तान को रौंदा था और इसी वजह से पीसीबी ने टीम के टूर्नामेंट से बाहर होते ही खिलाड़ियों पर फाइन लगाया।
जहां ज्यादातर पाकिस्तानी खिलाड़ियों की खराब प्रदर्शन के कारण आलोचना हो रही है, वहीं अब टीम के एक खिलाड़ी पर गंभीर आरोप लगे हैं। बताया जा रहा है कि पाकिस्तान के स्क्वाड में शामिल एक खिलाड़ी ने श्रीलंका में फीमेल होटल स्टाफ के गलत व्यवहार किया और अब पीसीबी पूरे मामले की जांच में लगा हुआ है। हालांकि, खिलाड़ी की पहचान नहीं बताई गई है।
महिला होटल स्टाफ के साथ पाकिस्तान (Pakistan) के खिलाड़ी की बदसलूकी

दरअसल, टी20 वर्ल्ड कप 2026 की मेजबानी भारत और श्रीलंका संयुक्त रूप से कर रहे हैं। पाकिस्तान (Pakistan) को अपने सभी मुकाबले श्रीलंका में ही खेलने थे, इसी वजह से टीम कैंडी के एक होटल में रुकी थी। इसी होटल की महिला स्टाफ के साथ पाकिस्तान का एक खिलाड़ी गलत व्यवहार का दोषी पाया गया है और इसके लिए अब पीसीबी भी एक्शन की तैयारी में है। रिपोर्ट के अनुसार, यह घटना श्रीलंका के खिलाफ खेले गए सुपर-8 मैच के बाद की है, जिसमें पाकिस्तान ने जीत हासिल की थी लेकिन फिर भी न्यूजीलैंड के नेर रन रेट से आगे नहीं निकल पाया था और उसे टूर्नामेंट से बाहर होना पड़ा।
टेलीकॉम एशिया स्पोर्ट की एक रिपोर्ट के अनुसार, यह घटना गोल्डन क्राउन होटल में घटी, जहां टूर्नामेंट के दौरान पाकिस्तान (Pakistan) की टीम ठहरी हुई थी। सूत्रों ने टेलीकॉम एशिया स्पोर्ट को बताया,
“श्रीलंका के खिलाफ सुपर एट के आखिरी मैच से पहले, वर्ल्ड कप टीम के एक खिलाड़ी ने महिला हाउसकीपिंग स्टाफ के साथ दुर्व्यवहार किया।”
रिपोर्ट में आगे कहा गया,
“कर्मचारी ने चिल्लाकर मदद के लिए पुकारा, जिसके बाद होटल के कर्मचारी उसकी मदद के लिए आए और मामले की सूचना पाकिस्तान टीम के मैनेजर नवीद चीमा को दी।”
खबरों के मुताबिक, गोल्डन क्राउन होटल के वरिष्ठ अधिकारी खिलाड़ी के खिलाफ कड़ी कार्रवाई चाहते थे। हालांकि, चीमा ने क्रिकेटर की ओर से होटल प्रबंधन से माफी मांगी और दुर्व्यवहार के लिए जुर्माना लगाया, जिससे उस समय मामला आंतरिक रूप से सुलझ गया।
पीसीबी करेगा पूरे मामले की जांच
टेलीकॉम एशिया की रिपोर्ट में पाकिस्तान (Pakistan) के उस खिलाड़ी के नाम का खुलासा नहीं किया गया है, जिस पर ये आरोप लगे हैं लेकिन अभी यह मामला पूरी तरह सुलझा नहीं है। रिपोर्ट में कहा गया है कि खिलाड़ी को पाकिस्तान क्रिकेट बोर्ड की अनुशासनात्मक समिति के सामने पेश होने के लिए बुलाया जा सकता है, जो अतिरिक्त सजा पर फैसला ले सकती है। यह विवाद पाकिस्तान के निराशाजनक प्रदर्शन के तुरंत बाद सामने आया, जहां सुपर आठ के अपने आखिरी मैच में श्रीलंका को पांच रनों से हराने के बावजूद नेट रन-रेट के आधार पर पिछड़ने के कारण टीम सेमीफाइनल में पहुंचने में असफल रही।