Sahibzada Farhan: टी20 वर्ल्ड कप 2026 में भारत और पाकिस्तान के बीच मुकाबले का रास्ता साफ़ हो गया है। पाकिस्तान क्रिकेट बोर्ड ने मैच बॉयकॉट का फैसला बदल लिया और वहां की सरकार ने भी अपनी टीम को टीम इंडिया के खिलाफ खेलने की अनुमति दे दी है। अब, पाकिस्तान के ओपनर साहिबजादा फरहान ने भारत को गीदड़ भभकी देने का काम किया है।
यूएएसए के खिलाफ 41 गेंदों में 73 रन बनाने वाले साहिबजादा फरहान (Sahibzada Farhan) ने कहा कि पाकिस्तान सकारात्मकता के साथ खेलेगा और टीम इंडिया के खिलाफ आक्रामक अप्रोच अपनाएगा। बता दें कि भारत और पाकिस्तान की टक्कर 15 फरवरी को कोलंबो में होनी है।
साहिबजादा फरहान (Sahibzada Farhan) ने आक्रामक इंटेंट जारी रखने की कही बात

भारत के खिलाफ मुकाबले में पाकिस्तान के ऊपर काफी ज्यादा दबाव होने वाला है, क्योंकि वो पिछले 5 मुकाबलों में अपने चिरप्रतिद्वंदी को मात देने में नाकाम रहा है। हालांकि, इस बात को साहिबजादा फरहान (Sahibzada Farhan) ने ज्यादा तवज्जो नहीं दी और उन्होंने कहा कि वो उसी मानसिकता के साथ उतरेंगे, जिसके साथ एशिया कप में खेले थे।
यूएसए के खिलाफ प्लेयर ऑफ द मैच का अवॉर्ड जीतने वाले साहिबजादा फरहान (Sahibzada Farhan) ने मुकाबले के बाद कहा,
“हम उसी मानसिकता के साथ मैदान में उतरेंगे जैसा हमने एशिया कप समेत भारत के खिलाफ अपने पिछले मैचों में अपनाया था। हम सकारात्मक रहने और आक्रामक क्रिकेट खेलने की कोशिश करेंगे।”
USA के खिलाफ अपनी धमाकेदार पारी का साहिबजादा फरहान ने खोला राज
पाकिस्तान के लिए यूएसए के खिलाफ साहिबजादा फरहान (Sahibzada Farhan) ने ताबड़तोड़ पारी खेलने का काम किया, जिसने शुरुआत से ही टीम को मोमेंटम हासिल करने में मदद की। साहिबजादा ने यूएसए के गेंदबाजों को सेट होने का मौका नहीं दिया और अपनी पारी में 178.04 के स्ट्राइक रेट से बल्लेबाजी करते हुए छह चौके और पांच छक्के भी लगाए।
अपनी पारी के बारे में बात करते हुए साहिबजादा फरहान (Sahibzada Farhan) ने कहा,
“कल हमने जिस तरह से अभ्यास किया, नेट में गेंद मेरे बल्ले पर बहुत अच्छी तरह से आ रही थी। मैंने कल ही अपने बल्लेबाजी कोच (हनीफ मलिक) को बता दिया था कि मुझे आज के मैच के लिए अच्छा महसूस हो रहा है। मुझे पूरा भरोसा था। मैंने तो यह भी कहा था कि मैं मैच को इस तरह से खत्म करूंगा कि मुझे प्लेयर ऑफ द मैच का पुरस्कार मिले। मैंने खुद के लिए एक व्यक्तिगत लक्ष्य निर्धारित किया है कि इस वर्ल्ड कप में कम से कम दो से तीन प्लेयर ऑफ द मैच अवॉर्ड जीतूं।”
भारत के खिलाफ साहिबजादा फरहान (Sahibzada Farhan) ठोक चुके हैं 2 फिफ्टी
पाकिस्तान को भारत के खिलाफ टी20 वर्ल्ड कप के ग्रुप स्टेज में साहिबजादा फरहान से काफी उम्मीदें होंगी, क्योंकि उनका रिकॉर्ड टीम इंडिया के खिलाफ काफी अच्छा है। साहिबजादा का स्ट्राइक रेट थोड़ा कम है लेकिन उन्होंने निरंतरता दिखाई है। दाएं हाथ के ओपनिंग बल्लेबाज ने 3 मैचों में 51.66 की औसत से 155 रन बनाए हैं। उनका स्ट्राइक रेट 122.04 का है। फरहान के बल्ले से 11 चौके और 9 छक्के भी आए हैं।
इस रिकॉर्ड के कारण ही साहिबजादा फरहान टीम इंडिया के खिलाफ मैच के लिए आत्मविश्वास से भरपूर नजर आ रहे हैं। ऐसे में भारत को साहिबाजदा के खिलाफ खास योजना बनाकर उतरना होगा।