Vaibhav Suryavanshi vs Tilak Varma: भारतीय क्रिकेट में युवाओं का बोलबाला चल रहा है। एकतरफ 14 वर्षीय वैभव सूर्यवंशी अपनी तूफानी बल्लेबाजी से चर्चा में हैं, दूसरी तरफ 23 साल के तिलक वर्मा अपनी सधी हुई बल्लेबाजी को लेकर सुर्ख़ियों में हैं। वैभव ने अभी तक सिर्फ घरेलू क्रिकेट, आईपीएल और अंडर-19 क्रिकेट में ही खेला है, जबकि तिलक अब टीम इंडिया के अहम बल्लेबाज बन चुके हैं।
हालांकि, टी20 वर्ल्ड कप 2026 में तिलक वर्मा (Tilak Varma) का बैटिंग अप्रोच सवालों के घेरे में बना हुआ है। तिलक काफी धीमी बल्लेबाजी करते नजर आ रहे हैं लेकिन इसका बचाव रविचंद्रन अश्विन ने किया है और उन्होंने अपनी बात को समझाने के लिए वैभव सूर्यवंशी का भी उदाहारण दिया है।
T20 क्रिकेट सिर्फ वैभव की तरह ही नहीं, बल्कि तिलक की तरह भी खेलने के बारे में है

अश्विन का मानना है कि टी20 क्रिकेट में सिर्फ तूफानी बल्लेबाजी ही नहीं काम आती है। उन्होंने कहा कि आपका अंदाज वैभव सूर्यवंशी की तरह बड़े शॉट खेलने वाला हो सकता है लेकिन आप तिलक वर्मा की शैली वाली बल्लेबाजी से भी सफलता हासिल कर सकते हैं। अश्विन ने तिलक की प्रशंसा की और कहा कि वो टाइमिंग और गैप में ज्यादा विश्वास रखते हैं। अपने यूट्यूब चैनल पर अश्विन ने कहा,
“तिलक वर्मा चोट से उबरकर वापसी कर रहे हैं। हम पावर और ताकत की बात करते हैं, लेकिन स्वीट स्पॉट और टाइमिंग बल्लेबाजी का मूल तत्व हैं। तिलक कोई बड़े पावर हिटर नहीं हैं। उनके लिए टाइमिंग और स्वीट स्पॉट ढूंढना सबसे महत्वपूर्ण है। कृपया याद रखें, आप वैभव (सूर्यवंशी) की तरह खेल सकते हैं, लेकिन आप तिलक की तरह भी खेल सकते हैं, जो टाइमिंग पर भरोसा करते हैं और गैप का फायदा उठाते हैं।”
बता दें कि तिलक वर्मा (Tilak Varma) को टी20 वर्ल्ड कप में भारत ने नंबर 3 पर ही ज्यादा इस्तमाल किया है और इस बल्लेबाज ने ज्यादातर मौकों पर एंकर का रोल निभाया है, जबकि भारतीय टीम के आक्रामक ब्रांड वाले क्रिकेट में एंकर की भूमिका को खत्म माना जा रहा था। इसी वजह से तिलक अपने बल्लेबाजी अप्रोच को लेकर आलोचना झेल रहे हैं। हालांकि, दक्षिण अफ्रीका के खिलाफ मैच की पूर्व संध्या पर कप्तान सूर्यकुमार यादव ने उनका बचाव किया।
तिलक वर्मा (Tilak Varma) के धीमे बल्लेबाजी अप्रोच की वजह का सूर्यकुमार यादव ने किया खुलासा
शनिवार को प्रेस कॉन्फ्रेंस में आए भारतीय कप्तान सूर्यकुमार यादव ने तिलक वर्मा को लेकर कहा,
“तिलक (वर्मा) को एक खास तरीके से बल्लेबाजी करने के लिए कहा गया है। अगर एक विकेट गिरता है, तो वह एक खास तरीके से बल्लेबाजी कर सकता है, अपने शॉट्स खेल सकता है। लेकिन अगर दो विकेट गिरते हैं, तो उसे थोड़ा समय लेना होगा। तिलक की फॉर्म को लेकर कोई चिंता नहीं है।”
बता दें कि तिलक वर्मा ने अभी तक चार पारियों में 26.50 की औसत से 106 रन बनाए हैं, लेकिन उनका स्ट्राइक रेट 120.45 का ही रहा है। अब देखना होगा कि आगे आने वाले मैचों में जब तेजी से रन बनाने की दरकार होगी, तब तिलक जरूरत के हिसाब से अपने बैटिंग अप्रोच को बदला पाएंगे या नहीं। फिलहाल सूर्या ने साफ़ कर दिया है कि तिलक को टीम मैनेजमेंट का पूरा समर्थन है।
FAQs
अश्विन ने तिलक वर्मा का किस चीज को लेकर समर्थन किया है?
टी20 वर्ल्ड कप 2026 में तिलक वर्मा ने अभी तक कितने रन बनाए हैं?
यह भी पढ़ें: INDW vs AUSW: कंगारुओं के घर में भारतीय महिलाओं का धमाका, जीता तीसरा टी20, 2-1 से सीरीज पर जमाया कब्जा