Rinku Singh’s Father Passes Away: टी20 वर्ल्ड कप 2026 में गुरुवार (26 फरवरी) को टीम इंडिया ने जिम्बाब्वे को 72 रनों से हराया और सेमीफाइनल में जाने की उम्मीदों को बरकरार रखा। इस जीत के बाद, भारतीय खिलाड़ियों के साथ-साथ फैंस भी खुश थे लेकिन अब एक दिल तोड़ने वाली खबर सामने आई है। धाकड़ बल्लेबाज रिंकू सिंह के पिता खानचंद्र सिंह ने दुनिया को अलविदा कह दिया है।
रिंकू सिंह (Rinku Singh) के पिता की तबियत काफी समय से खराब चल रही और वह स्टेज-4 लिवर कैंसर से जूझ रहे थे। काफी समय तक इलाज चलने के बावजूद उनके स्वास्थ्य में सुधार नहीं हुआ और शुक्रवार (27 फरवरी) को सुबह 5 बजे अंतिम सांस ली।
T20 वर्ल्ड कप के बीच रिंकू सिंह (Rinku Singh) के पिता का हुआ निधन

आज जिस भी मुकाम पर रिंकू सिंह (Rinku Singh) हैं, उन्हें वहां तक पहुंचाने में उनके पिता की अहम भूमिका रही, जिन्होंने खुद मेहनत की लेकिन बेटे के क्रिकेटर बनने के सपने को अधूरा नहीं रहने दिया। हालांकि, जब उनकी जिंदगी में खुशियां आईं और बेटा कामयाबी की सीढ़ियां चढ़ रहा था, तभी उन्हें लीवर कैंसर हो गया। कैंसर की बीमारी जानलेवा होती है और बात अगर स्टेज-4 तक पहुंचा जाए तो फिर बचना काफी मुश्किल होता है। कुछ ऐसा ही रिंकू के पिता के साथ हुआ। खानचंद्र सिंह ने नोएडा के यथार्थ अस्पताल में अंतिम सांस ली।
यथार्थ अस्पताल में रिंकू सिंह (Rinku Singh) के पिता को वेंटिलेटर पर रखा गया था और लगातार उन्हें गुर्दे की थेरेपी दी जा रही थी। उनकी काफी ज्यादा निगरानी रखी जा रही थी, इसके बावजूद उनकी हालत में सुधार नहीं हुआ और अब उन्होंने दुनिया से विदाई ले ली।
पिता की तबियत ज्यादा खराब होने के कारण नोएडा गए थे रिंकू सिंह
न्यूजीलैंड टी20 सीरीज से ही रिंकू सिंह (Rinku Singh) टीम इंडिया के साथ बने हुए हैं। टी20 वर्ल्ड कप 2026 में भी उन्हें चुना गया है। ग्रुप स्टेज और दक्षिण अफ्रीका के खिलाफ रिंकू ने मुकाबला खेला था। हालांकि, जब चेन्नई में भारतीय टीम के अभ्यास सत्र के दौरान रिंकू नहीं नजर आए तो सवाल उठना शुरू हो गए। हालांकि, फिर जानकारी मिली कि रिंकू अपने पिता की तबियत ज्यादा खराब होने के कारण नोएडा गए हुए हैं। उन्होंने 24 फरवरी को अभ्यास सत्र अटेंड नहीं किया था।
हालांकि, अगले ही दिन रिंकू वापस आ गए थे लेकिन 26 फरवरी को जिम्बाब्वे के खिलाफ मैच के लिए उन्हें बेंच पर रखा गया। भारत ने रिंकू सिंह (Rinku Singh) की जगह संजू सैमसन को खिलाया। इस फैसले की आलोचना भी हुई और कुछ फैंस का मानना था कि जब रिंकू को खिलाना ही नहीं था, तो उन्हें वापस क्यों बुलाया गया। ऐसे मुश्किल समय में उन्हें परिवार के साथ ही रहने देना चाहिए था।
रिंकू सिंह (Rinku Singh) के पिता के निधन पर हरभजन सिंह ने जताया दुख
टीम इंडिया के दिग्गज ऑफ स्पिनर हरभजन सिंह ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म X पर रिंकू सिंह के पिता के निधन को लेकर दुख जताया। उन्होंने अपने ट्वीट में लिखा,
“रिंकू सिंह के पिता श्री खानचंद्र सिंह जी के निधन की खबर सुनकर गहरा दुख हुआ। टी20 वर्ल्ड कप के दौरान अपनी जिम्मेदारियों को निभाते हुए भी रिंकू और उनके परिवार के लिए यह बेहद कठिन समय होगा। मेरी हार्दिक संवेदनाएं और प्रार्थनाएं उनके और उनके परिवार के साथ हैं। वाहेगुरु उनकी आत्मा को शाश्वत शांति प्रदान करें और शोक संतप्त परिवार को शक्ति और साहस दें।”
Pained to learn about the demise of Shri Khanchand Singh Ji, father of Rinku Singh. This must be an especially difficult time for Rinku and his family, even as he remains committed to his responsibilities during the T20 World Cup.
My heartfelt thoughts and prayers are with him…— Harbhajan Turbanator (@harbhajan_singh) February 27, 2026