Sikandar Raza vs Hardik Pandya in T20I: टी20 क्रिकेट में ऑलराउंडर खिलाड़ियों का महत्व काफी ज्यादा होता है, क्योंकि इससे टीम को बल्लेबाजी और गेंदबाजी दोनों में विकल्प मिल जाता है। मौजूदा समय में टी20 इंटरनेशनल का टी20 वर्ल्ड कप खेला जा रहा है। इसमें जिम्बाब्वे के कप्तान सिकंदर रजा की काफी ज्यादा चर्चा है, जो एक ऑलराउंडर हैं। वहीं, भारतीय ऑलराउंडर हार्दिक पांड्या भी इस फॉर्मेट में एक जबरदस्त प्लेयर माने जाते हैं।
हालांकि, T20I में सिकंदर रजा और हार्दिक पांड्या में से कौन बेहतर ऑलराउंडर है, इसका जवाब देना मुश्किल है। ऐसे में पहले इनके आंकड़े जान लेते हैं और फिर तुलना के आधार पर फैसला करते हैं कि कौन बेस्ट है।
T20I में सिकंदर रजा के आंकड़े

स्पिन ऑलराउंडर सिकंदर रजा जिम्बाब्वे के लिए लगभग 13 साल से अपना जलवा दिखा रहे हैं। रजा एक माहिर बल्लेबाज होने के साथ-साथ कुशल स्पिनर भी हैं। उन्होंने जिम्बाब्वे के लिए अपना T20I डेब्यू साल 2013 में किया था और तब से लेकर अब तक एक अहम खिलाड़ी बने हुए हैं। उनके जोरदार प्रदर्शन के कारण ही उन्हें टीम का कप्तान भी नियुक्त कर दिया गया। इस फॉर्मेट में सिकंदर का सिक्का चलता है और इसी वजह से फ्रेंचाइजी क्रिकेट में भी उनकी काफी मांग रहती है।
जिम्बाब्वे के लिए T20I में सिकंदर रजा ने अभी तक 131 मैच खेले हैं और 26.18 की औसत व 136.17 की स्ट्राइक रेट से 2985 रन बनाए हैं। इस दौरान उनके बल्ले से 1 शतक और 16 अर्धशतक भी आए हैं। वहीं, गेंदबाजी में रजा ने 23.89 की औसत से 103 विकेट झटके हैं। उनका इकॉनमी रेट 6.85 का है।
T20I में हार्दिक पांड्या के आंकड़े
टीम इंडिया में हार्दिक पांड्या की एंट्री आईपीएल में अच्छे प्रदर्शन के आधार पर हुई थी। भारत में वैसे भी पेस गेंदबाजी ऑलराउंडर के विकल्पों की कमी है और जब हार्दिक आए तो उनकी स्किल काफी जबरदस्त थी। हार्दिक के पास बड़े हिट लगाने की काबिलियत थी और वो 140 किमी/घंटा की रफ़्तार से लगातार गेंदबाजी भी कर सकते थे। इसी वजह से साल 2016 में हार्दिक को T20I डेब्यू का मौका मिला और वो अब इस फॉर्मेट में एक बेहद अहम खिलाड़ी बन चुके हैं।
हार्दिक पांड्या ने भारत के लिए अभी तक 134 मैचों में 27.89 की औसत से 2176 रन बनाए हैं और उनका स्ट्राइक रेट 144.48 का है। हार्दिक के बल्ले से 8 अर्धशतक भी आए हैं। गेंदबाजी में हार्दिक ने 26.89 की औसत और 8.31 की इकॉनमी रेट से 110 विकेट भी ले चुके हैं।
सिकंदर रजा और हार्दिक पांड्या में से कौन बेहतर T20I ऑलराउंडर
अगर सिकंदर रजा और हार्दिक पांड्या के T20I आंकड़ों की तुलना करें तो बल्लेबाजी में जिम्बाब्वे के कप्तान से औसत और स्ट्राइक रेट के मामले में हार्दिक आगे हैं। हालंकि, रनों की संख्या रजा की ज्यादा है। वहीं, गेंदबाजी में सिकंदर काफी आगे नजर आते हैं। उन्होंने हार्दिक से बेहतर औसत से विकेट झटके हैं और उनका इकॉनमी रेट भी हार्दिक से कम है। हालांकि, हार्दिक अपने ज्यादातर मुकाबले बड़ी टीमों के खिलाफ खेलने हैं, जबकि जिम्बाब्वे का सामना कई बार सहायक टीमों से भी होता है। हार्दिक टी20 वर्ल्ड कप जैसे बड़े टूर्नामेंट में भी अहम योगदान दे चुके हैं। ऐसे में सिकंदर रजा से उन्हें बेहतर कहना गलत नहीं होगा।
FAQs
सिकंदर रजा और हार्दिक पांड्या में से आंकड़ों के आधार पर T20I का बेहतर ऑलराउंडर कौन है?
सिकंदर रजा गेंदबाजी के मोर्चे पर विकेट चटकाने के मामले में हार्दिक पांड्या से आगे हैं या पीछे?
यह भी पढ़ें: अभिषेक-तिलक पर नहीं, इस खिलाड़ी पर गिर सकती है गाज, गावस्कर ने कोच को दिया बड़ा संकेत