India’s Semi-Final Scenario: टी20 वर्ल्ड कप 2026 के सुपर-8 राउंड में भारत ने अपनी जगह पक्की कर ली है। रविवार को कोलंबो में खेले गए अपने तीसरे ग्रुप मुकाबले में भारत ने पाकिस्तान को एकतरफा मुकाबले में 61 रनों के अंतर से हराया और 6 अंक के साथ अगले राउंड में प्रवेश किया। पाकिस्तान के स्पिन विभाग के कारण भारत के ऊपर दबाव था लेकिन बल्लेबाजों ने बड़ा स्कोर खड़ा किया और फिर गेंदबाजों ने सफलतापूर्वक डिफेंड किया।
भारत (India) का ग्रुप स्टेज में अभी एक मैच शेष रह गया है। यह मुकाबला 18 फरवरी को नीदरलैंड से है। इसके बाद, टीम इंडिया को सुपर-8 में खेलना है। हालांकि, आईसीसी की प्री-सीडिंग के अनुसार पहले ही साफ़ हो गया है कि टीम इंडिया किस ग्रुप में रहेगी और उसका सामना किन टीमों से हो सकता है। वहीं, सेमीफाइनल में भी उसके संभावित विरोधी का पता लग गया है।
सुपर-8 में भारत (India) का ग्रुप तय, ये 3 टीमें भी साथ में आ सकती हैं नजर

टी20 वर्ल्ड कप 2026 का आयोजन भारत और श्रीलंका की संयुक्त मेजबानी में हो रहा है। इसी वजह से टूर्नामेंट के आगाज से पहले लॉजिस्टिक की परेशानी से बचने और वेन्यू को लेकर कन्फ्यूज़न न हो, आईसीसी ने पहले ही सुपर-8 के लिए टीमों की सीडिंग निर्धारित कर दी थी। सुपर-8 के लिए X और Y ग्रुप रखा गए हैं। वहीं, भारत को X1, ऑस्ट्रेलिया को X2, वेस्टइंडीज को X3 और दक्षिण अफ्रीका को X4 सीडिंग दी गई है। Y ग्रुप में इंग्लैंड को Y1, न्यूजीलैंड को Y2, पाकिस्तान को Y3 और श्रीलंका को Y4 सीडिंग मिली है। हालांकि, अगर इनमें से कोई टीम सुपर-8 में नहीं जाती है तो उसकी जगह उस ग्रुप से दूसरी टीम को वही सीडिंग मिल जाएगी, जो बाहर होने वाली टीम की होगी।
इस पूर्व निर्धारित सीडिंग के कारण सुपर-8 में भारत (India) को X ग्रुप मिला है और उसके साथ ऑस्ट्रेलिया, वेस्टइंडीज और दक्षिण अफ्रीका की टीमें नजर आ सकती हैं। पॉइंट्स टेबल के हिसाब से वेस्टइंडीज और दक्षिण अफ्रीका का सुपर-8 में स्थान तय लग रहा है लेकिन ऑस्ट्रेलिया की जिम्बाब्वे से हार के कारण मुश्किलें बढ़ गई हैं। ऐसे में उसकी जगह अभी पक्की नहीं कही जा सकती है। अगर ऑस्ट्रेलिया अगले राउंड में नहीं जाती है तो उसकी जगह जिम्बाब्वे के आगे बढ़ने की संभावना नजर आ रही है और फिर उसे X2 सीडिंग मिल जाएगी।
भारत का सेमीफाइनल में इन 4 टीमों में किसी एक से हो सकता है मुकाबला
टी20 वर्ल्ड कप 2026 से पहले और अभी तक भारत का जिस तरह का प्रदर्शन रहा है, उसे देखते हुए काफी हद तक कहा जा सकता है कि टीम इंडिया सुपर-8 में अच्छा करते हुए सेमीफाइनल में स्थान पक्का कर लेगी। अब सवाल उठता है कि अगर भारत ने टॉप 4 में जगह बनाई तो उसका सामना किस टीम से हो सकता है। इसका जवाब अभी पक्के तौर पर दे पाना मुश्किल है लेकिन ये तो साफ़ है कि जो टीमें सुपर-8 में भारत के ग्रुप में रहेंगी, उनसे मुकाबला नहीं होगा। यानी सेमीफाइनल में टीम इंडिया की टक्कर ऑस्ट्रेलिया, वेस्टइंडीज और दक्षिण अफ्रीका से नहीं होगी।
ऐसे में सेमीफाइनल में भारत की टक्कर इंग्लैंड, न्यूजीलैंड, पाकिस्तान और श्रीलंका में से किसी एक से हो सकती है। इनमें से दो टीमें ही टॉप 4 में पहुंचेगी। अगर भारत का सामना पाकिस्तान से हुआ तो फिर सेमीफाइनल मैच कोलकाता के बजाय कोलंबो में होगा। वहीं, अगर किसी अन्य टीम से हुआ तो टीम इंडिया अपना सेमीफाइनल मुंबई में खेलेगी।
FAQs
भारत को सुपर-8 में किस ग्रुप में रखा गया है?
सेमीफाइनल में टीम इंडिया की टक्कर किन टीमों से नहीं हो सकती है?
यह भी पढ़ें: अपने ही खिलाड़ियों को ‘निकम्मे’ कहकर बरसी पाक एंकर, बोलीं – ‘बेइज्जती करवा दी….’