Players’ Fight After Team India Win: टी20 वर्ल्ड कप 2026 में रविवार को भारत और पाकिस्तान के बीच बहुप्रतीक्षित मुकाबला खेला गया, जो पूरी तरह से एकतरफा रहा। कोलंबो में खेले गए मुकाबले में टीम इंडिया ने पाकिस्तान को बुरी तरह रौंदा और 61 रनों से जीत दर्ज करते हुए सुपर-8 में आधिकारिक रूप से जगह बना ली।
इस धमाकेदार जीत का जश्न हर तरफ मनाया जा रहा है। हालांकि, इस बीच मुकाबले के आखिरी पलों का एक ऐसा वीडियो सामने आया है, जिसमें जीत के बाद भारतीय खिलाड़ी आपस में उलझते नजर आ रहे हैं। चलिए आपको पूरा माजरा बताते हैं।
जीत के बावजूद टीम इंडिया (Team India) के खिलाड़ी आपस में भिड़े

टीम इंडिया (Team India) के खिलाड़ियों का आपस में उलझने का मामला पाकिस्तान की पारी खत्म होने के बाद का है। पाकिस्तान की पारी 18 ओवर में ही समाप्त हो गई। पारी का अंतिम ओवर भारत की तरफ से ऑलराउंडर हार्दिक पांड्या ने डाला। इस दौरान ओवर की दूसरी गेंद पर कुलदीप यादव से बड़ी गलती हो गई और फिर उन्हें हार्दिक के साथ-साथ कप्तान सूर्यकुमार यादव के भी गुस्से का सामना करना पड़ा।
दरअसल, 18वें ओवर की दूसरी गेंद पर बल्लेबाजी कर रहे शाहीन शाह अफरीदी ने शार्ट ऑफ लेंथ बॉल पर जोरदार पुल शॉट खेला। गेंद सीधे लॉन्ग-ऑन के बाईं तरफ गई। वहां पर मौजूद कुलदीप यादव बाईं तरफ भागते हुए आसानी से पहुंच गए थे लेकिन बाउंड्री के नजदीक वो कैच को सही से नहीं पकड़ पाए और गेंद को उस पार गिरा दिया। इसकी वजह से विकेट भी नहीं मिला और छक्का हो गया। कुलदीप के इस प्रयास से हार्दिक बेहद खफा नजर आए और उन्होंने तुरंत गुस्से में रिएक्ट किया।
कुलदीप यादव को कैच छोड़ना पड़ा महंगा
हार्दिक पांड्या का गुस्सा भारत की जीत के बावजूद कायम रहा और जब आखिरी में टीम इंडिया के खिलाड़ी आपस मिल रहे थे, तो इस दौरान भी उन्होंने कुलदीप को फटकार लगाई। वहीं, इसके बाद कुलदीप जब सूर्यकुमार यादव के पास गए तो वो भी खुश नहीं नजर आए और अपना गुस्सा निकालते नजर आए। कुलदीप समझ गए थे कि उनके फील्डिंग प्रयास से कप्तान भी बिलकुल खुश नहीं हैं और उन्होंने सूर्यकुमार की आंखों में भी नहीं देखा और जीत की बधाई देकर आगे चले गए।
आप भी देखें वीडियो:
Something is going on between Kuldeep Yadav and Suryakumar Yadav + Hardik Pandya.
Kuldeep doesn’t seem happy with them.#INDvsPAK #ICCMensT20WorldCup pic.twitter.com/D4Wu2w28x0— Soumyajit ➐ (@aShameLessSoul) February 15, 2026
कैसा रहा मुकाबले का पूरा हाल
आर प्रेमदासा स्टेडियम में खेले गए IND vs PAK मुकाबले की बात की जाए तो टॉस हारने के बाद पहले बल्लेबाजी करते हुए टीम इंडिया (Team India) ने 20 ओवर में 175/7 का स्कोर बनाया। भारत को इस स्कोर तक ले जाने का श्रेय ओपनर ईशान किशन को जाता है, जिन्होंने पिच के धीमे होने से पहले ताबड़तोड़ अंदाज में बल्लेबाजी करते हुए 40 गेंदों में 77 रन बनाए।
176 का लक्ष्य पाकिस्तान के लिए बहुत बड़ा साबित हुआ और पूरी टीम 18 ओवर में ही 114 रन बनाकर ढेर हो गई। पाकिस्तान की तरफ से उस्मान खान ने सबसे ज्यादा 44 रन बनाए। वहीं, टॉप 4 में से कोई भी डबल डिजिट का स्कोर नहीं बना पाया। टीम इंडिया की तरफ से गेंदबाजी में जसप्रीत बुमराह, हार्दिक पांड्या, अक्षर पटेल और वरुण चक्रवर्ती को सबसे ज्यादा दो-दो विकेट मिले।