Posted inICC World Test Championship

अब किस तरह WTC फाइनल के लिए क्वालीफाई कर सकती है भारत, यहाँ जानें पूरा समीकरण

अब किस तरह WTC फाइनल के लिए क्वालीफाई कर सकती है भारत, यहाँ जानें पूरा समीकरण

India’s WTC Final Scenario: वर्ल्ड टेस्ट चैंपियनशिप के मौजूदा चक्र का फाइनल 2027 में होना है। फाइनल में जगह बनाने वाली टीमों की रेस में भारत भी शामिल है लेकिन उसका हाल अभी काफी खराब चल रहा है। भारत को मौजूदा चक्र में अपनी पहली सीरीज हार मिल चुकी है और उसे दक्षिण अफ्रीका ने 2-0 से हराया है।

दक्षिण अफ्रीका के खिलाफ सीरीज हार से टीम इंडिया का WTC फाइनल में पहुंचने का रास्ता भी मुश्किल हो गया है, क्योंकि पहली की तुलना में अब समीकरण बदल गए हैं।

दक्षिण अफ्रीका से हार के बाद WTC पॉइंट्स टेबल में भारत को लगा झटका

अब किस तरह WTC फाइनल के लिए क्वालीफाई कर सकती है भारत, यहाँ जानें पूरा समीकरण

WTC पॉइंट्स टेबल में दक्षिण अफ्रीका के खिलाफ टेस्ट सीरीज से पहले भारत 52 अंक और 61.9% के पीसीटी के साथ तीसरे नंबर पर था। लेकिन जब भारत की दक्षिण अफ्रीका के खिलाफ कोलकाता टेस्ट में हार हुई तो उसका पीसीटी 54.17% ही रह गया और वो चौथे स्थान पर खिसक गया।

वहीं, गुवाहाटी टेस्ट में हार के बाद भारत पांचवें स्थान पर पहुंचा गया है। उसके खाते में 9 मैचों में 52 अंक हैं और उसका पीसीटी 48.15% ही रह गया है, जो कि अच्छा नहीं कहा जा सकता है।

WTC फाइनल में पहुंचने के लिए भारत का समीकरण

भारत ने वर्ल्ड टेस्ट चैंपियनशिप के मौजूदा चक्र में अपने कुल 18 में से 9 मैच खेल लिए हैं। अब उसके इतने ही मैच शेष हैं। डब्ल्यूटीसी फाइनल के लिए किसी भी टीम का पीसीटी अगर 65% से ऊपर होता है तो फिर संभावना रहती है कि उसे आसानी से फाइनल में जगह मिल जाएगी, क्योंकि पिछले तीन चक्र में ऐसा ही हुआ है। अगर इससे कम पीसीटी होता है तो फिर दूसरी टीमों के नतीजों पर भी निर्भर रहना पड़ता है।

टीम इंडिया को शेष 9 में से 2 टेस्ट श्रीलंका, 2 न्यूजीलैंड और 5 ऑस्ट्रेलिया से खेलने हैं। भारत के लिए सबसे अच्छी स्थिति यही होगी कि वह सभी 9 मैच जीत ले, जिससे उसके कुल अंक 18 मैचों में 160 हो जाएंगे और उसका पीसीटी 74.07 हो जाएगा। इससे, पूरी संभावना है कि वह जून 2027 में लॉर्ड्स में होने वाले फाइनल में जगह बना लेगा।

हालांकि, अगर भारत सिर्फ 8 जीत दर्ज करता है तो यह भी उसके लिए अच्छा ही होगा। शेष 9 में से 8 जीत दर्ज करने पर भारत की मौजूदा WTC चक्र में कुल जीत 12 हो जाएंगी और 1 मैच इंग्लैंड में ड्रॉ हुआ था। इस लिहाज से उसके कुल 148 अंक होंगे और पीसीटी 68.5% हो जाएगा, जो फाइनल में पहुंचने के लिए पर्याप्त होगा।

शेष 9 मैचों में 8 से कम जीत पर WTC फाइनल के लिए भारत का समीकरण

काफी सारे फैंस जानना चाहते होंगे कि अगर भारत को अपने शेष 9 टेस्ट में से 7 में जीत और 2 में हार मिली तो क्या होगा। तो बता दें कि अगर भारत 7 जीत दर्ज करता है तो फिर WTC के मौजूदा चक्र में कुल 11 जीत और 1 ड्रॉ हो जाएगा। इस स्थिति में उसके खाते में 136 अंक हो जाएंगे और पीसीटी 62.96% का हो जाएगा। इसे भी अच्छा कहा जा सकता है लेकिन पक्के तौर पर भारत फाइनल में पहुंच जाएगा, इसका दावा नहीं किया जा सकता है।

आपको हम तालिका में बताते हैं कि भारत के शेष मैचों में कितनी जीत पर कितने अंक और पीसीटी होगा:

बचे 9 मैचों में जीत हार बचे मैचों के पॉइंट्स कुल अर्जित पॉइंट्स कुल पॉसिबल पॉइंट्स PCT (%)
9 0 108 52 + 108 = 160 216 74.07
8 1 96 52 + 96 = 148 216 68.52
7 2 84 52 + 84 = 136 216 62.96
6 3 72 52 + 72 = 124 216 57.41
5 4 60 52 + 60 = 112 216 51.85

नोट: सभी गणना में यह मानकर चला गया है कि टीम इंडिया पर WTC के चक्र में स्लो ओवर के कारण अंक की कटौती नहीं होगी। अगर कटौती हुई तो फिर समीकरण बदल जाएंगे। 

FAQs

WTC पॉइंट्स टेबल में भारत किस स्थान पर है?
WTC पॉइंट्स टेबल में भारत पांचवें स्थान पर है।
भारत का पीसीटी कितना है?
भारत का पीसीटी 48.15% है।

यह भी पढ़ें:  कब कहाँ और कैसे देखें IND vs SA के बीच की ODI सीरीज, जानें किधर आएगी फ्री LIVE स्ट्रीम

Live Stream Dream 11
error: Content is protected !!