Posted inIndian Premier League (IPL)

ग्लेन मैक्सवेल ने IPL 2026 की नीलामी में नहीं दिया अपना नाम, इस वजह से खेलने से किया इंकार

Glenn Maxwell ने IPL 2026 की नीलामी में नहीं दिया अपना नाम, इस वजह से खेलने से किया इंकार

No Glenn Maxwell In IPL 2026 Auction: आईपीएल 2026 का मिनी ऑक्शन 16 दिसंबर को अबू धाबी में होना है। इस ऑक्शन को लेकर 2 दिसंबर को बड़ा अपडेट सामने आया है और काफी सारे खिलाड़ियों के नाम सामने आ गए हैं, जो इसका हिस्सा बनेंगे। हालांकि, एक चौंकाने वाली खबर भी सामने आई है, जो ऑस्ट्रेलियाई दिग्गज ग्लेन मैक्सवेल से जुड़ी हुई है।

दरअसल, स्पिन ऑलराउंडर ग्लेन मैक्सवेल (Glenn Maxwell) ने आईपीएल 2026 के ऑक्शन में नहीं शामिल होने का फैसला लिया है। मैक्सवेल ने अपने इस फैसले के पीछे कोई खास वजह तो नहीं बताई लेकिन उन्होंने लीग के प्रति आभार जताया है।

IPL 2026 के ऑक्शन में Glenn Maxwell ने शामिल ना होने का किया ऐलान

Glenn Maxwell ने IPL 2026 की नीलामी में नहीं दिया अपना नाम, इस वजह से खेलने से किया इंकार

मंगलवार की सुबह ही तमाम रिपोर्ट्स में दावा किया जा रहा था कि ग्लेन मैक्सवेल (Glenn Maxwell) ने आईपीएल 2026 के मिनी ऑक्शन के लिए रजिस्टर नहीं किया है। हालांकि, तब मैक्सवेल की तरफ से इसकी पुष्टि नहीं हुई थी लेकिन अब इस ऑस्ट्रेलियाई खिलाड़ी ने सोशल मीडिया पोस्ट के माध्यम से कन्फर्म कर दिया है कि वो अबू धाबी में होने वाली आईपीएल की नीलामी का हिस्सा नहीं होंगे।

ग्लेन मैक्सवेल (Glenn Maxwell) ने सोशल मीडिया पर शेयर किए गए पोस्ट के माध्यम से अपने आधिकारिक बयान में कहा,

“आईपीएल में कई यादगार सीजन बिताने के बाद, मैंने इस साल अपना नाम नीलामी में नहीं डालने का फैसला किया है। यह एक बड़ा फैसला है, और ऐसा फैसला जिसे मैं इस लीग द्वारा मिली हर चीज के लिए आभार प्रकट करने के साथ ले रहा हूं। आईपीएल ने मुझे एक खिलाड़ी और एक इंसान के रूप में ढालने में मदद की है। मुझे विश्व-स्तरीय साथियों के साथ खेलने, शानदार फ्रेंचाइजी का प्रतिनिधित्व करने और जुनूनी फैंस के सामने प्रदर्शन करने का सौभाग्य मिला है, जिनका जुनून बेमिसाल है। यादें, चुनौतियां, और भारत की ऊर्जा हमेशा मेरे साथ रहेगी। सालों से मिले आपके सहयोग के लिए धन्यवाद, उम्मीद है जल्द ही फिर मुलाकात होगी।”

ग्लेन मैक्सवेल (Glenn Maxwell) के आईपीएल 2026 की नीलामी में ना शामिल होने से निश्चित रूप से कुछ टीमों को झटका जरूर लगा होगा, जिन्होंने उन्हें अपनी योजना के अनुसार टारगेट करने के बारे में सोच रखा होगा, क्योंकि आंद्रे रसेल के रिटायरमेंट के बाद कई टीमों को बड़े हिटर की जरूरत थी और इस काम को मैक्सवेल अच्छी तरह से कर सकते थे।

IPL में कुछ ऐसा रहा है ग्लेन मैक्सवेल का प्रदर्शन

ग्लेन मैक्सवेल (Glenn Maxwell) ने आईपीएल में 2012 के सीजन में दस्तक दी थी और तब उनकी टीम दिल्ली कैपिटल्स थी। इसके अगले सीजन वो मुंबई इंडियंस का हिस्सा बने लेकिन फिर उन्हें रिलीज कर दिया गया। 2014 के सीजन के लिए ग्लेन मैक्सवेल ने पंजाब किंग्स में एंट्री मारी और बल्ले के साथ वो उनका लीग के इतिहास का बेस्ट सीजन साबित हुआ। उनके दमदार प्रदर्शन के कारण ही पंजाब ने पहली बार फाइनल तक का सफर तय किया था।

हालांकि, इस सीजन के बाद ग्लेन मैक्सवेल (Glenn Maxwell) की फॉर्म में गिरावट आ गई और 2018 के सीजन से पहले पंजाब ने उन्हें रिलीज कर दिया। इसके बाद, उनकी दिल्ली में वापसी हुई लेकिन फिर 2019 के सीजन में वो नहीं नजर आए। 2020 के सीजन में मैक्सवेल वापस पंजाब आए लेकिन अगले ही सीजन उन्हें रिलीज कर दिया गया। यहां से मैक्सवेल रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु की टीम में पहुंचे और उनके लिए 2021, 2022 और 2023 में अच्छा किया।

हालांकि, 2024 में मैक्सवेल फ्लॉप रहे और उन्हें रिलीज कर दिया गया। 2025 के सीजन में मैक्सवेल पंजाब में वापस आए लेकिन कुछ कमाल नहीं कर पाए और पंजाब ने भी उन्हें रिलीज कर दिया। इस तरह ग्लेन मैक्सवेल ने आईपीएल में चार टीमों के लिए कुल 141 मैचों में बल्ले से 2819 रन बनाए, वहीं गेंदबाजी में 41 विकेट लेने में सफल रहे।

FAQs

IPL 2026 के मिनी ऑक्शन में ग्लेन मैक्सवेल क्यों नहीं नजर आएंगे?
IPL 2026 के मिनी ऑक्शन में ग्लेन मैक्सवेल इसलिए नहीं नजर आएंगे, क्योंकि उन्होंने नीलामी से अपना नाम वापस ले लिया है।
ग्लेन मैक्सवेल IPL में कितनी टीमों के लिए खेले हैं?
ग्लेन मैक्सवेल IPL में 4 टीमों के लिए खेले हैं।

यह भी पढ़ें: IND vs SA: दूसरे ODI के लिए ऐसी हो सकती दोनों टीमों की संभावित प्लेइंग इलेवन, बवुमा-पंत की हो सकती वापसी

Live Stream Dream 11
error: Content is protected !!