RCB’s home matches venue: रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु के घरेलू मैचों के वेन्यू पर काफी समय से सस्पेंस बना हुआ था, क्योंकि कर्नाटक सरकार ने चिन्नास्वामी स्टेडियम में मैचों के आयोजन पर रोक लगा दी थी। इसी वजह से आरसीबी अन्य शहरों में होम वेन्यू तलाश रही थी और उसमें नवी मुंबई का डीवाई पाटिल स्टेडियम भी शामिल था लेकिन मुंबई इंडियंस ने इसके लिए अनुमति नहीं दी।
हालांकि, अब RCB के लिए एक गुड न्यूज आई है और उसे अपने घरेलू मुकाबले बेंगलुरु के बाहर शिफ्ट करने की जरूरत नहीं पड़ेगी, क्योंकि उसे चिन्नास्वामी में मैचों के आयोजन की मंजूरी मिल गई है। हालांकि, इसके लिए कुछ खास शर्तें भी रखी गई हैं।
चिन्नास्वामी में मैचों के आयोजन की RCB को सरकार से मिली मंजूरी

दरअसल, आईपीएल 2025 का ख़िताब जीतने के बाद 4 जून को रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु ने चिन्नास्वामी स्टेडियम में ट्रॉफी जीतने का सेलिब्रेशन रखा। इस दौरान भगदड़ मच गई और इसमें कई फैंस की मौत हो गई, जिसके बाद काफी ज्यादा बवाल हुआ। बाद में पता चला कि क्राउड मैनेजमेंट के लिए कोई भी इंतजाम नहीं था और जब अधिक भीड़ हो गई तो उसे संभालना मुश्किल हो गया। इसी वजह से जब फैंस की जान जाने की घटना हुई तो फिर चिन्नास्वामी में बड़े मैचों के आयोजन पर रोक लगा दी गई। इसी वजह से महिला वर्ल्ड कप के मुकाबलों की मेजबानी भी बेंगलुरु के हाथ से निकल गई थी।
हालांकि, अब कर्नाटक सरकार ने नरमी बरतते हुए कुछ शर्तों के साथ RCB को चिन्नास्वामी मैच खेलने की अनुमति दे दी है। राज्य मंत्रिमंडल ने गुरुवार को ग्रेटर बेंगलुरु प्राधिकरण के प्रमुख महेश्वर राव की अध्यक्षता वाली सरकार द्वारा नियुक्त विशेषज्ञ समिति की सिफारिश के बाद मैचों को फिर से शुरू करने को मंजूरी दे दी। गृह विभाग से 17 जनवरी को सशर्त मंजूरी मिलने के बाद सरकार ने भी इसे मंजूरी दे दी है।
शर्तों को ध्यान में रखते हुए RCB को चिन्नास्वामी में करना होगा मैचों का आयोजन
आईपीएल का ख़िताब एक बार अपने नाम कर चुकी RCB को अगर चिन्नास्वामी में अपने मैच खेलने हैं तो उसे कुछ खास शर्तों का भी पालन करना होगा। शर्तों में स्वीकृत क्षमता तक ही टिकटों की बिक्री, क्राउड मैनेजमेंट के लिए बड़े गेटों की स्थापना और एंबुलेंस की तैनाती सहित जस्टिस माइकल डी’कुन्हा आयोग की सिफारिशों के अनुरूप सभी सुरक्षा उपायों को लागू करना शामिल है। इन सब शर्तों का उद्देश्य यह है कि दोबारा फिर से कोई अनहोनी न हो जिसका खामियाजा, निर्दोष फैंस को भुगतना पड़े।
RCB के सामने ख़िताब को डिफेंड करने की होगी चुनौती
रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु ने पिछले साल आईपीएल में बेहतरीन प्रदर्शन किया था और 17 सीजन असफलता का स्वाद चखने के बाद, 18वें सीजन में पहली बार ट्रॉफी अपने नाम की। RCB ने यह कारनामा रजत पाटीदार की कप्तानी में किया, जिनसे सीजन के पहले इस चीज की उम्मीद कम ही लोगों को थी। इस बार भी बेंगलुरु की टीम पाटीदार की कप्तानी में ही खेलती नजर आएगी। पाटीदार चाहेंगे कि उनकी टीम फिर से जोरदार प्रदर्शन करे तो अपने ख़िताब की रक्षा सफलपूर्वक करे।