RCB’s player become champion without performance: आईपीएल 2026 का खिताब रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु के नाम रहा। सीजन की शुरुआत से ही गत विजेता टीम RCB को अपना ख़िताब सफलतापूर्वक डिफेंड कर लेने का दावेदार माना जा रहा था और ऐसा ही देखने को मिला। मैच दर मैच बेंगलुरु के खिलाड़ियों ने अपनी टीम को जीत दिलाने में अहम भूमिका निभाई। इसी वजह से ज्यादातर विरोधी टीमों को इनके खिलाफ निराशा का ही सामना करना पड़ा।
RCB को लगातार दूसरी बार चैंपियन बनाने में विराट कोहली और भुवनेश्वर समेत कई खिलाड़ियों का अहम योगदान रहा लेकिन इनके बीच एक ऐसा भी प्लेयर रहा, जो ज्यादा कुछ किए बिना ही चैंपियन बन गया। इस खिलाड़ी को पूरे सीजन खिलाया गया लेकिन बल्ले के साथ इसका प्रदर्शन बेहद औसत रहा, इसी वजह से फैंस चिकन डिनर विद 0 किल कहकर भी तंज कस रहे हैं। तो चलिए आपको बताते हैं कि यहां रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु के किस खिलाड़ी को निशाना बनाया जा रहा है।
बिना खास प्रदर्शन के RCB का यह खिलाड़ी बना चैंपियन

दरअसल, यहां जिस खिलाड़ी की बात हो रही है, वो RCB के विकेटकीपर बल्लेबाज जितेश शर्मा हैं। जितेश ने बतौर कीपर विकेटों के पीछे काफी अच्छा काम किया और कमाल के कैच भी पकड़े लेकिन बेंगलुरु के मजबूत बल्लेबाजी लाइन-अप में उनका योगदान काफी साधारण रहा। बीच सीजन में जिस तरह से वो बल्ले के साथ फ्लॉप हो रहे थे, उन्हें ड्रॉप करने की भी मांग तेज हो गई थी लेकिन बेंगलुरु की टीम ने ऐसा नहीं किया।
आईपीएल 2026 में जितेश शर्मा ने RCB के लिए 16 मैचों में हिस्सा लिया और इस दौरान 12 पारियों में बल्लेबाजी की। इस दौरान 12.88 की बेहद खराब औसत और 122.10 के साधारण स्ट्राइक रेट से सिर्फ 116 रन बनाए। उनके बल्ले से महज नौ चौके और छठ छक्के ही देखने को मिले, जबकि उनकी भूमिका फिनिशर की थी। इन आंकड़ों से निश्चित रूप से जितेश का प्रदर्शन आलोचना योग्य बनता है और कहना गलत नहीं होगा कि बिना कोई खास योगदान दिए उन्हें चैंपियन बनने का मौका मिल गया।
RCB की पहली खिताबी जीत में जितेश शर्मा ने बल्ले से दिखाया था काम
जितेश शर्मा ने RCB की दूसरी खिताबी जीत में भले ही कुछ खास न किया हो लेकिन पिछले सीजन जब रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु चैंपियन बनी थी, तो उन्होंने कई कमाल की पारियां खेली थी। उन्होंने आईपीएल 2025 में 15 मैचों की 11 पारियों में 37.28 की औसत और 176.35 की स्ट्राइक रेट से 261 रन बनाए थे। इस दौरान एक अर्धशतक जड़ते हुए 85 रनों की नाबाद पारी खेली थी। उनके बल्ले से 24 चौके और 17 छक्के आए थे।