3 overseas players returned home amid IPL 2026: भारत में खेले जा रहे IPL 2026 का रोमांच सिर चढ़कर बोल रहा है। अब तक लीग में 41 मैच हो चुके हैं। आज 42वां मुकाबला गुजरात टाइटंस और रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु के बीच अहमदाबाद में है। इस सीजन की शुरुआत 28 मार्च से हुई थी और कई टॉप के विदेशी स्टार भी खेल रहे हैं। जोश हेजलवुड, पैट कमिंस और लोकी फर्ग्यूसन शुरूआती मैचों में उपलब्ध नहीं थे लेकिन अब सभी अपनी-अपनी टीमों के लिए उपलब्ध हैं और खेल रहे हैं।
हालांकि, इस बीच एक बड़ी खबर सामने आ रही है, जिसमें 3 विदेशी खिलाड़ियों के IPL 2026 से घर लौटने की जानकारी मिली है। ये तीनों ही खिलाड़ी आगामी वेस्टइंडीज दौरे से जुड़े अहम काम के लिए वापस गए हैं। तो चलिए आपको पूरा मामला विस्तार से बताते हैं।
इस टीम के 3 विदेशी खिलाड़ी IPL 2026 से लौटे घर

IPL 2026 में लगातार 5 जीत दर्ज कर चुकी सनराइजर्स हैदराबाद के तीन विदेशी खिलाड़ी घर लौट गए हैं। ये खिलाड़ी कामिन्दु मेंडिस, ईशान मलिंगा और दिलशान मदुषंका हैं, जो श्रीलंका क्रिकेट टीम के लिए इंटरनेशनल लेवल पर खेलते हैं। इन तीनों ही खिलाड़ियों को 3 जून से 7 जुलाई तक चलने वाले वेस्टइंडीज दौरे के लिए खास काम से श्रीलंका जाना पड़ा है।
मेंडिस, मलिंगा और मदुषंका वीजा संबंधी कुछ औपचारिकताओं को पूरा करने के लिए घर लौट आए हैं। हालांकि, अब बड़ा सवाल यह है कि ये तीनों खिलाड़ी IPL 2026 के लिए वापस लौटेंगे या नहीं? तो चलिए इसके बारे में भी आपको जानकारी देते हैं।
IPL 2026 में SRH में शामिल तीनों श्रीलंकाई खिलाड़ियों के वापस लौटने पर अपडेट
मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक IPL 2026 के लिए सनराइजर्स हैदराबाद के स्क्वाड में शामिल मेंडिस, मलिंगा और मदुषंका गुरुवार की सुबह श्रीलंका वापस लौटे, ताकि वीजा प्रक्रिया के लिए बायोमेट्रिक्स पूरा कर सकें। श्रीलंका को वेस्टइंडीज में तीनों ही फॉर्मेट में सीरीज खेलनी हैं। इस दौरान दोनों के बीच 3 वनडे, 3 टी20 और 2 टेस्ट खेले जाएंगे।
SRH के इन तीनों श्रीलंकाई खिलाड़ियों को सिर्फ बायोमेट्रिक्स की प्रक्रिया ही पूरी करनी है। इसी वजह से मेंडिस, मलिंगा और मदुषंका हैदराबाद की टीम के अगले मैच से पहले वापस आ जाएंगे। सनराइजर्स हैदराबाद को अपना अगला मैच 3 मई को अपने घरेलू मैदान पर कोलकत नाइट राइडर्स के खिलाफ खेलना है।
IPL 2026 में कैसा रहा है मेंडिस, मलिंगा और मधुशंका का प्रदर्शन
सनराइजर्स हैदराबाद ने IPL 2026 में अभी तक कामिन्दु मेंडिस को एक भी मैच में नहीं खिलाया है। उन्हें पिछले सीजन में खरीदा गया था और इस बार के लिए रिटेन किया गया था। वहीं, तेज गेंदबाज ईशान मलिंगा अब तक काफी घातक साबित हुए हैं। मलिंगा ने कमाल की गेंदबाजी की है और 9 मैचों में 15 विकेट लेकर पर्पल कैप पर कब्जा जमा रखा है। जब भी SRH को विकेटों की दरकार हुई है, मलिंगा ने सफलता दिलाने का काम किया है।
वहीं, दिलशान मदुषंका को IPL 2026 के मिनी ऑक्शन के लिए किसी ने भी नहीं खरीदा था लेकिन फिर उन्हें ब्रायडन कार्स के इंजरी रिप्लेसमेंट के रूप में साइन किया गया। मौजूदा सीजन में उन्होंने एक ही मुकाबला खेला है, जिसमें उन्होंने 1/36 के आंकड़े दर्ज किए थे। इसके बाद, पैट कमिंस की वापसी हो गई और प्लेइंग 11 में अधिकतम चार विदेशी खिलाड़ी के नियम के कारण मदुषंका को ड्रॉप कर दिया गया।
SRH का IPL 2026 में प्रदर्शन
IPL 2026 में सनराइजर्स हैदराबाद ने अपने शुरूआती चार मैचों में संघर्ष किया था और सिर्फ एक ही जीत अपने नाम की। लेकिन इसके बाद कुछ कड़े फैसले लिए गए और कई युवाओं को मौका दिया गया। इसका फायदा टीम को मिला और उसने जीत की राह में वापसी कर ली। SRH ने एक के बाद एक लगातार पांच मुकाबले जीते। मौजूदा समय में SRH 9 मैचों में 6 जीत के साथ 12 अंक लेकर पॉइंट्स टेबल में तीसरे स्थान पर है।