Virat Kohli smashed five consecutive fours against Kagiso Rabada: आईपीएल 2026 का 42वां मैच अहमदाबाद के नरेंद्र मोदी स्टेडियम में गुजरात टाइटंस और रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु के बीच खेला जा रहा है। इस सीजन दोनों टीमों के बीच दूसरी टक्कर है। पिछली पर अपने घरेलू मैदान पर RCB ने GT को 5 विकेट से मात दी थी। ऐसे में आज उसके पास बदला लेने का मौका है। मुकाबले में गुजरात की टीम ने टॉस जीतकर पहले गेंदबाजी का फैसला किया लेकिन शुरूआती ओवरों में विराट कोहली महफ़िल लूटने में कामयाब रहे।
विराट कोहली (Virat Kohli) ने बहुत बड़ी पारी तो नहीं खेली लेकिन गुजरात टाइटंस के तेज गेंदबाज कगिसो रबाडा की धज्जियां जरूर उड़ाने में सफल रहे और उनके ओवर की लगातार पांच गेंदों पर चौके जड़कर सनसनी मचा दी, जिसका वीडियो सोशल मीडिया पर काफी वायरल हो रहा है।
कगिसो रबाडा के ओवर में लगातार 5 चौके जड़कर Virat Kohli ने लूटी महफ़िल

गुजरात टाइटंस के कप्तान शुभमन गिल ने टॉस जीतकर पहले गेंदबाजी का फैसला किया और इसी वजह से रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु को बल्लेबाजी के लिए उतरना पड़ा। पारी का पहला ओवर मोहम्मद सिराज ने डाला, जो काफी अच्छा रहा और इसमें महज 6 रन ही आए। इस ओवर में कोहली ने दो गेंदों का सामना किया और एक सिंगल लिया, जबकि आखिरी गेंद पर चौका जैकब बेथेल ने लगाया और अगले ओवर में स्ट्राइक कोहली के पास आ गई।
RCB की पारी का दूसरा और अपने स्पेल का पहला ओवर लेकर आए कगिसो रबाडा को शायद ही उम्मीद रही होगी कि उनका स्वागत विराट कोहली (Virat Kohli) एक के बाद एक लगातार पांच चौकों से करेंगे। कोहली ने शुरुआती पांच गेंदों पर चौके जड़े, जबकि अंतिम गेंद पर सिंगल लिया।
विराट कोहली ने इन एरिया में लगाए चौके
कगिसो रबाडा ने पहली गेंद पर शॉर्ट डाली और विराट कोहली ने इसका फायदा उठाते हुए पुल शॉट खेलकर मिड-विकेट के ऊपर से चौका बटोरा। इसके बाद, दूसरी गेंद की लेंथ भी कुछ वैसी ही थी, लेकिन लाइन ऑफ स्टंप के बाहर थी। कोहली ने इस बार मिड-ऑफ के ऊपर से चौका लगाया। फिर तीसरी गेंद पर कोहली ने अपनी टाइमिंग दिखाई और थोड़ा लेट खेलते हुए डीप बैकवर्ड पॉइंट पर चौका बटोरा। चौथा चौका भी उसी दिशा में आया और इस बार फील्डर भी बाउंड्री बचाने से चूक गया। इसके बाद, पांचवां चौका कवर के क्षेत्र में आया। फुल लेंथ गेंद को विराट ने ड्राइव किया और ओवर का लगातार पांचवां चौका बटोरा।
देखें वीडियो:
THE GOAT – FIVE GLORIOUS FOURS BY KING 😍🐐 pic.twitter.com/cd8PcGoT9t
— Johns. (@CricCrazyJohns) April 30, 2026
इस तरह विराट कोहली ने पूरी तरह डोमिनेट किया और कगिसो रबाडा के पहले ओवर में कुल 21 रन बनाए। कोहली ने साबित कर दिया कि उनकी क्लास अभी भी पहले जैसी ही है।
कगिसो रबाडा ने विराट कोहली से लिया बदला
विराट कोहली ने भले ही कगिसो रबाडा के पहले ओवर में लगातार पांच चौके लगाकर महफ़िल लूट ली लेकिन इस तेज गेंदबाज को बदला लेने में ज्यादा समय नहीं लगा। अपने दूसरे ही ओवर में रबाडा ने पलटवार किया और कोहली को चलता किया। RCB की पारी के तीसरे ओवर में रबाडा के खिलाफ विराट ने आगे बढ़कर शॉट खेलना चाहा लेकिन उछाल से मात खा गए और फिर मिड-विकेट पर राशिद खान ने कैच लपक लिया। इस तरह कोहली की पारी 13 गेंदों में 28 रन पर समाप्त हो गई है, जिसमें पांच चौके और एक छक्का शामिल रहा।
एक ओवर में लगातार पांच चौके लगाने वाले RCB के तीसरे बल्लेबाज
RCB के लिए विराट कोहली ने एक ओवर में लगातार पांच चौके लगाने के मामले में क्रिस गेल और शेन वॉटसन के क्लब को ज्वाइन कर लिया। गेल ने 2013 में पुणे वॉरियर्स इंडिया के गेंदबाज ईश्वर पांडे के खिलाफ ऐसा किया था। वहीं, 2016 में वॉटसन ने राइजिंग पुणे सुपरजायंट्स के खिलाफ थिसारा परेरा के खिलाफ एक ओवर में लगातार पांच चौके जड़े थे।