Team India : आईपीएल 2026 इस समय अपने अंतिम चरण में पहुंच चुका है और टूर्नामेंट का फाइनल मुकाबला 31 मई को खेला जाएगा। इसके बाद भारतीय टीम (Team India) जून में अफगानिस्तान के खिलाफ घरेलू सीरीज के साथ अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट में वापसी करेगी। दोनों टीमों के बीच 14 जून से तीन मैचों की वनडे सीरीज शुरू होगी।
इसी बीच टाइम्स नाऊ द्वारा चुनी गई संभावित 15 सदस्यीय टीम इंडिया (Team India) को लेकर चर्चाएं तेज हो गई हैं। सबसे ज्यादा चर्चा इस बात की हो रही है कि मुंबई इंडियंस के तीन और रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु के एक खिलाड़ी को टीम में जगह मिली है, जबकि चेन्नई सुपर किंग्स का एक भी खिलाड़ी इस संभावित स्क्वॉड में शामिल नहीं किया गया है। आइए जानते हैं किन-किन खिलाड़ियों को मिली है जगह ?
MI के 3 खिलाड़ियों को मिली जगह
अफ़ग़ानिस्तान के खिलाफ वनडे सीरीज के लिए मुंबई इंडियंस के तीन खिलाड़ियों रोहित शर्मा, हार्दिक पांड्या और तिलक वर्मा को टीम इंडिया (Team India) की संभावित टीम में शामिल किया गया है। रोहित शर्मा एक बार फिर कप्तान शुभमन गिल के साथ पारी की शुरुआत करते नजर आ सकते हैं। टी20 और टेस्ट क्रिकेट से संन्यास लेने के बाद अब रोहित केवल वनडे फॉर्मेट में भारत का प्रतिनिधित्व करेंगे।
हार्दिक पांड्या की वापसी टीम इंडिया के लिए बड़ी राहत मानी जा रही है। न्यूजीलैंड सीरीज के दौरान फिटनेस की वजह से वह पूरी तरह गेंदबाजी नहीं कर पाए थे, लेकिन अब उन्हें पूरी तरह फिट बताया जा रहा है। वहीं तिलक वर्मा को मध्यक्रम में एक मजबूत विकल्प के रूप में देखा जा रहा है। आईपीएल 2026 में उनके लगातार अच्छे प्रदर्शन का फायदा उन्हें मिल सकता है।
इसके अलावा जसप्रीत बुमराह को इस वनडे सीरीज से आराम दिए जाने की संभावना जताई गई है, ताकि इंग्लैंड दौरे से पहले उनका कार्यभार संतुलित रखा जा सके।
RCB के सिर्फ एक खिलाड़ी को मौका
रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु की ओर से इस संभावित टीम में सिर्फ विराट कोहली को जगह मिली है। विराट लंबे समय बाद वनडे क्रिकेट में वापसी करने के लिए तैयार हैं। अनुभवी बल्लेबाज के रूप में उनकी भूमिका इस सीरीज में बेहद अहम रहने वाली है। चयनकर्ताओं ने एक बार फिर उन पर भरोसा जताया है और उम्मीद की जा रही है कि वह नंबर तीन पर बल्लेबाजी करते हुए टीम को मजबूती देंगे।
विराट के अलावा आरसीबी का कोई अन्य खिलाड़ी इस संभावित स्क्वॉड में जगह नहीं बना सका। इससे साफ है कि चयनकर्ता इस बार अनुभव और संतुलन को प्राथमिकता देना चाहते हैं।
CSK का कोई खिलाड़ी टीम में शामिल नहीं
सबसे चौंकाने वाली बात यह रही कि चेन्नई सुपर किंग्स का एक भी खिलाड़ी इस संभावित टीम में शामिल नहीं किया गया। CSK के कप्तान रुतुराज गायकवाड़ , जो दक्षिण अफ्रीका के खिलाफ पिछली ODI सीरीज का हिस्सा थे, उन्हें भी जगह नहीं मिली है। गायकवाड़ ने रायपुर में खेले गए दूसरे वनडे मुकाबले में 105 रन की शानदार पारी खेली थी, जो उनके वनडे करियर का पहला शतक भी था।
इसके बावजूद उन्हें जनवरी 2026 में न्यूजीलैंड सीरीज के लिए टीम में मौका नहीं मिला था और अब अफगानिस्तान के खिलाफ संभावित स्क्वॉड में भी उनका नाम शामिल नहीं है। ऐसे में उनका बाहर रहना कई फैंस के लिए हैरान करने वाला फैसला माना जा रहा है।
इसके अलावा CSK के पूर्व खिलाड़ी रविंद्र जडेजा का नाम भी संभावित स्क्वॉड में नहीं दिखा। चयनकर्ताओं ने युवा और बेहतर मौजूदा फॉर्म वाले खिलाड़ियों पर ज्यादा भरोसा दिखाया है।
अफगानिस्तान के खिलाफ वनडे सीरीज का कार्यक्रम
अफगानिस्तान के भारत दौरे में एक टेस्ट मैच और तीन मैचों की वनडे सीरीज खेली जाएगी। दोनों टीमों के बीच एकमात्र टेस्ट मुकाबला 6 से 10 जून तक मुल्लांपुर में खेला जाएगा। इसके बाद 14 जून से वनडे सीरीज की शुरुआत होगी।
पहला वनडे मुकाबला 14 जून को धर्मशाला में खेला जाएगा। वहीं दूसरा वनडे 17 जून को लखनऊ के इकाना स्टेडियम में आयोजित होगा। इसके बाद सीरीज का तीसरा और आखिरी वनडे मुकाबला 20 जून को चेन्नई के एमए चिदंबरम स्टेडियम में खेला जाएगा। तीनों मुकाबले भारतीय समयानुसार दोपहर 1:30 बजे शुरू होंगे।
इस सीरीज में रोहित शर्मा और विराट कोहली की वनडे टीम में वापसी देखने को मिल सकती है। दोनों खिलाड़ी अब टेस्ट और टी20 अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट से संन्यास ले चुके हैं और केवल वनडे फॉर्मेट में खेलते नजर आएंगे।
टाइम्स नाऊ द्वारा चुनी गई अफगानिस्तान वनडे सीरीज के लिए Team India की संभावित टीम
शुभमन गिल (कप्तान), रोहित शर्मा, यशस्वी जायसवाल, विराट कोहली, श्रेयस अय्यर (उपकप्तान), केएल राहुल, ईशान किशन, हार्दिक पांड्या, नीतीश कुमार रेड्डी, तिलक वर्मा, अक्षर पटेल, अर्शदीप सिंह, कुलदीप यादव, मोहम्मद सिराज और प्रसिद्ध कृष्णा।