5 foreign players with most IPL matches: 2008 में आईपीएल की शुरुआत हुई थी और तब से इस टूर्नामेंट में क्रिकेट जगत में क्रांति लाने का काम किया है। इसकी सफलता में टॉप भारतीय खिलाड़ियों का अहम योगदान रहा, जिसमें एमएस धोनी, विराट कोहली और रोहित शर्मा का नाम मुख्य रूप से शामिल है। वहीं, सचिन तेंदुलकर, राहुल द्रविड़, सौरव गांगुली, जहीर खान, गौतम गंभीर और अजीत अगरकर जैसे तमाम स्टार भारतीय खिलाड़ी इसका हिस्सा बने।
हालांकि, IPL की सफलता में भारत के खिलाड़ियों के साथ-साथ विदेशी प्लेयर्स की भी बहुत अहम भूमिका रही है। कई ऐसे विदेशी खिलाड़ी टूर्नामेंट का हिस्सा बने, जिन्होंने अपने खेल से भारतीय फैंस के दिल में खास जगह बनाई। जहां कुछ विदेशी प्लेयर 50-100 मैच ही खेल पाए, वहीं वेस्टइंडीज के सुनील नरेन आईपीएल में 200 मैच खेलने वाले पहले खिलाड़ी बन गए हैं। इस लेख में हम उन 5 विदेशी खिलाड़ियों के बारे में बताएंगे, जिन्होंने इंडियन प्रीमियर लीग में सबसे ज्यादा मुकाबले खेले हैं।
इन 5 विदेशी खिलाड़ियों के नाम हैं सबसे ज्यादा IPL मैच खेलने का रिकॉर्ड
5. ड्वेन ब्रावो (161 मैच)

वेस्टइंडीज के ड्वेन ब्रावो को IPL के सबसे सफलतम ऑलराउंडर में से एक माना जाता है। ब्रावो अब रिटायर हो गए हैं लेकिन एक समय अपनी गेंदबाजी और बल्लेबाजी से बड़े मैच विनर माने जाते थे। उन्होंने 2008 में मुंबई इंडियंस के लिए अपना डेब्यू किया था और लीग में अपने करियर का अंत चेन्नई सुपर किंग्स के साथ किया। वहीं, 2016 और 2017 में गुजरात लायंस का हिस्सा रहे। ब्रावो के नाम बल्लेबाजी में 1560 रन और गेंदबाजी में 183 विकेट दर्ज हैं।
4. डेविड वॉर्नर (184 मैच)
ऑस्ट्रेलियाई ओपनर डेविड वॉर्नर ने अपने बल्ले से IPL में लंबे समय तक आतंक मचाया। उन्हें इस लीग के बेस्ट ओपनर्स में से एक के रूप में याद किया जाता है। अब भले ही वॉर्नर को इस लीग में मौका न मिले लेकिन उनका नाम हमेशा ही आईपीएल हिस्ट्री में सम्मान से लिया जाएगा, क्योंकि उन्होंने बतौर बल्लेबाज कमाल का प्रदर्शन करने के साथ ही 2016 में सनराइजर्स हैदराबाद को अपनी कप्तानी में चैंपियन भी बनाया था। वॉर्नर ने 2009 से लेकर 2024 तक आईपीएल में खेला और इस दौरान दिल्ली और हैदराबाद फ्रेंचाइजी का हिस्सा रहते हुए 184 मुकाबले खेले। उनके बल्ले से 6565 रन आए।
3. एबी डीविलियर्स (184 मैच)
दक्षिण अफ्रीका के एबी डीविलियर्स ने भी IPL में 184 मैच खेले हैं। उन्होंने 2008 में दिल्ली की फ्रेंचाइजी के लिए डेब्यू किया था लेकिन अपने करियर के ज्यादातर सीजन रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु की तरफ से खेले और 2021 उनका आखिरी सीजन साबित हुआ। डीविलियर्स ने अपने जबरदस्त प्रदर्शन की बदौलत खास जगह बनाई और उन्हें आज भी मिस किया जाता है। इस खिलाड़ी ने अपने आईपीएल करियर में 5162 रन बनाए।
2. कीरोन पोलार्ड (189 मैच)
आईपीएल में कीरोन पोलार्ड को उन खिलाड़ियों में शामिल किया जाता है, जो बहुत ज्यादा रन बनाने और विकेट लेने के मामले में आगे न रहे हों लेकिन जब भी प्रदर्शन किया तो फिर मैच जीतने की गारंटी बन गए। पोलार्ड भी उनमें से एक रहे। उन्होंने 2010 से लेकर 2022 तक मुंबई इंडियंस के लिए खेला। इस दौरान 3412 रन बनाए और 69 विकेट भी झटके। इसके अलावा फील्डिंग में बाउंड्री पर उनके बेहतरीन कैच आज भी याद किए जाते हैं।
1. सुनील नरेन (200 मैच)
IPL इतिहास में सुनील नरेन उन गेंदबाजों में से एक हैं, जो अपनी घातक गेंदबाजी के साथ अभी तक प्रभावी बने हुये हैं और उनका तोड़ बल्लेबाज अभी तक नहीं ढूंढ पाए हैं। नरेन ने बल्लेबाजी में भी बतौर ओपनर कई तूफानी पारियां खेली हैं। वहीं, अब वह पहले ऐसे विदेशी खिलाड़ी बन गए हैं, जो आईपीएल में 200 मैचों का आंकड़ा हासिल करने में सफल रहे। उन्होंने 2012 में कोलकाता नाइट राइडर्स के लिए डेब्यू किया था और तब से इसी टीम का हिस्सा रहे हैं। नरेन ने आईपीएल में अभी तक 1820 रन बनाए हैं और 203 विकेट भी झटके हैं। इन आंकड़ों में KKR vs GT मैच के बाद बदलाव हो सकता है।
FAQs
सुनील नरेन के करियर का 200वां IPL मैच कौन सा है?
यह भी पढ़ें: IPL 2026 के सबसे अनलकी 4 विदेशी खिलाड़ी, पूरे सीजन नहीं मिला एक भी चांस