Cricket : आईपीएल 2026 के रोमांच के बीच क्रिकेट जगत से एक दुखद खबर सामने आई है। दक्षिण अफ्रीका के पूर्व घरेलू दिग्गज बल्लेबाज केविन मैकेंजी का 77 साल की उम्र में निधन हो गया। उनके निधन से क्रिकेट जगत में शोक की लहर दौड़ गई है।
मैकेंजी उन खिलाड़ियों में शामिल थे जिन्होंने अपने दौर में घरेलू क्रिकेट में शानदार प्रदर्शन किया, लेकिन दक्षिण अफ्रीका पर लगे अंतरराष्ट्रीय प्रतिबंध के कारण उन्हें आधिकारिक स्तर पर ज्यादा मौके नहीं मिल सके। इसके बावजूद उन्होंने अपने खेल से ऐसी पहचान बनाई जिसे आज भी याद किया जाता है।
घरेलू क्रिकेट के सबसे भरोसेमंद बल्लेबाजों में थे शामिल
केविन मैकेंजी का नाम दक्षिण अफ्रीका के मजबूत घरेलू क्रिकेटरों में लिया जाता था। वह दाएं हाथ के बल्लेबाज थे और निचले मध्यक्रम में टीम को संभालने की क्षमता रखते थे। उन्होंने अपने लंबे करियर में 133 फर्स्ट क्लास मैच खेले और 36.51 की औसत से 6756 रन बनाए। इस दौरान उनके बल्ले से 13 शतक और 34 अर्धशतक निकले।
इसके अलावा लिस्ट ए क्रिकेट में भी उन्होंने शानदार प्रदर्शन किया। 95 मैचों में उन्होंने 1742 रन बनाए, जिसमें एक शतक और 8 अर्धशतक शामिल रहे। फर्स्ट क्लास और लिस्ट ए क्रिकेट को मिलाकर उन्होंने 8 हजार से ज्यादा रन बनाए थे। घरेलू क्रिकेट में उनकी निरंतरता और शांत स्वभाव की काफी तारीफ होती थी।
रंगभेद के दौर में नहीं मिला अंतरराष्ट्रीय मंच
केविन मैकेंजी का क्रिकेट करियर ऐसे समय में आगे बढ़ा जब दक्षिण अफ्रीका पर रंगभेद नीति के कारण अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट खेलने पर प्रतिबंध लगा हुआ था। साल 1970 में दक्षिण अफ्रीका को अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट से बाहर कर दिया गया था। यही वजह रही कि मैकेंजी जैसे कई प्रतिभाशाली खिलाड़ियों को आधिकारिक अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट खेलने का मौका नहीं मिल पाया।
हालांकि उन्होंने अलगाव के दौर में दक्षिण अफ्रीका के लिए सात अनौपचारिक टेस्ट मैच खेले थे। उस समय अंतरराष्ट्रीय मान्यता नहीं मिलने के बावजूद इन मुकाबलों को काफी प्रतिस्पर्धी माना जाता था। मैकेंजी ने ट्रांसवाल क्रिकेट के लिए लंबे समय तक शानदार योगदान दिया और टीम के अहम खिलाड़ियों में गिने जाते रहे।
The Lions Cricket Union is saddened to hear of the passing of Kevin Alexander McKenzie.
Our thoughts are with Neil McKenzie, his family, and loved ones during this tough time. May his soul rest in peace🕊️🙏#LegacyOfChampions#ThePrideOfJozi#LionsCricket pic.twitter.com/XU08bJi4My
— Lions Cricket News (@LionsCricNews) May 9, 2026
बेटे नील मैकेंजी ने बढ़ाई पारिवारिक विरासत
केविन मैकेंजी की क्रिकेट विरासत को उनके बेटे नील मैकेंजी ने आगे बढ़ाया। नील मैकेंजी ने दक्षिण अफ्रीका की राष्ट्रीय टीम का प्रतिनिधित्व किया और अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट में अपनी अलग पहचान बनाई। उन्होंने साल 2000 से 2009 के बीच दक्षिण अफ्रीका के लिए 58 टेस्ट, 64 वनडे और 2 टी20 मुकाबले खेले। इस दौरान उन्होंने लगभग 5 हजार अंतरराष्ट्रीय रन बनाए।
केविन मैकेंजी ने अपने शुरुआती दिनों में ही शानदार प्रतिभा दिखाई थी। उन्होंने जोहान्सबर्ग के किंग एडवर्ड VII स्कूल में पढ़ाई की और स्कूल क्रिकेट में बेहतरीन प्रदर्शन किया। साल 1966 और 1967 में उन्होंने नफील्ड वीक में ट्रांसवाल का प्रतिनिधित्व किया, जिसके बाद उन्हें साउथ अफ्रीकन स्कूल्स टीम में भी चुना गया। उनके निधन के बाद क्रिकेट जगत उनके योगदान को याद कर रहा है।