Afghanistan : भारत के खिलाफ आगामी टेस्ट और वनडे सीरीज के लिए अफगानिस्तान क्रिकेट बोर्ड ने अपनी टीमों का आधिकारिक ऐलान कर दिया है। इस दौरे को लेकर सबसे ज्यादा चर्चा स्टार स्पिनर राशिद खान को लेकर हो रही है, जिन्हें टेस्ट टीम में शामिल नहीं किया गया है, जबकि वनडे सीरीज के लिए उनकी वापसी हुई है। इसके अलावा अनुभवी ऑलराउंडर मोहम्मद नबी को भी वनडे स्क्वॉड में जगह मिली है।
हशमतुल्लाह शाहिदी की कप्तानी में अफगानिस्तान (Afghanistan) की टीम भारत दौरे पर मजबूत संतुलन के साथ उतरेगी। टीम में युवा और अनुभवी खिलाड़ियों का अच्छा मिश्रण देखने को मिला है, जिससे अफगानिस्तान भारतीय परिस्थितियों में बेहतर प्रदर्शन की उम्मीद कर रहा है। किन-किन खिलाड़ियों को मिली जगह, आइए जानते हैं ?
हशमतुल्लाह शाहिदी की अगुवाई में उतरेगी टीम

अफगानिस्तान क्रिकेट बोर्ड ने पुष्टि की है कि हशमतुल्लाह शाहिदी टेस्ट और वनडे दोनों फॉर्मेट में टीम की कप्तानी करेंगे। टेस्ट टीम में रहमत शाह, रहमानुल्लाह गुरबाज और अज़मतुल्लाह उमरजई जैसे अहम बल्लेबाजों को शामिल किया गया है। विकेटकीपिंग की जिम्मेदारी अफसर जज़ई और इकरम अलीखिल संभालेंगे।
तेज गेंदबाजी विभाग में बिलाल सामी, जिया शरीफी और सलीम साफ़ी को मौका मिला है। वहीं स्पिन विभाग की जिम्मेदारी क़ैस अहमद, शराफुद्दीन अशरफ और नांगेयालिया खरोटे के कंधों पर रहेगी। टीम में अनुभव और युवा खिलाड़ियों का अच्छा संतुलन देखने को मिल रहा है।
टेस्ट टीम से बाहर हुए राशिद खान
अफगानिस्तान (Afghanistan) के स्टार लेग स्पिनर राशिद खान को एकमात्र टेस्ट मैच की टीम में शामिल नहीं किया गया है। राशिद लंबे समय से पीठ की समस्या से जूझ रहे हैं और इसी वजह से डॉक्टरों ने उन्हें रेड-बॉल क्रिकेट से दूर रहने की सलाह दी है। IPL 2026 के दौरान भी राशिद ने खुलकर कहा था कि टेस्ट क्रिकेट की शारीरिक चुनौतियां उनके लिए लगातार मुश्किल होती जा रही हैं।
मार्च 2024 के बाद से उन्होंने कोई टेस्ट मैच नहीं खेला है। टीम मैनेजमेंट और हेड कोच रिचर्ड पायबस भी चाहते हैं कि राशिद अपनी फिटनेस और लंबे करियर को प्राथमिकता दें। हालांकि वनडे सीरीज में उनकी वापसी से अफगानिस्तान का स्पिन आक्रमण काफी मजबूत नजर आएगा।
वनडे सीरीज के लिए नबी समेत इन खिलाड़ियों को मिली जगह
वनडे सीरीज के लिए अफगानिस्तान ने अपनी बल्लेबाजी और गेंदबाजी दोनों विभागों को मजबूत किया है। टीम में अनुभवी ऑलराउंडर मोहम्मद नबी को शामिल किया गया है, जिससे टीम को अनुभव का बड़ा फायदा मिलेगा। इसके अलावा इब्राहिम जादरान, सिद्दीकुल्लाह अटल और दरविश रसूली की भी टीम में वापसी हुई है, जिससे बल्लेबाजी क्रम को अतिरिक्त मजबूती मिली है।
वहीं, वनडे टीम में युवा मिस्ट्री स्पिनर एएम गजनफर को भी जगह दी गई है। गजनफर ने IPL 2026 में मुंबई इंडियंस के लिए शानदार प्रदर्शन करते हुए 11 मैचों में 15 विकेट हासिल किए थे और अपनी गेंदबाजी से सभी को प्रभावित किया था।
सिद्दीकुल्लाह अटल और अज़मतुल्लाह उमरजई ने अब तक सिर्फ एक-एक टेस्ट मैच खेला है, लेकिन हाल के समय में दोनों खिलाड़ियों ने सीमित ओवर क्रिकेट में बेहतरीन प्रदर्शन किया है। ऐसे में टीम प्रबंधन को उम्मीद है कि भारतीय परिस्थितियों में ये खिलाड़ी अहम भूमिका निभा सकते हैं।
न्यू चंडीगढ़ से शुरू होगा दौरा
भारत और अफगानिस्तान के बीच एकमात्र टेस्ट मैच 6 से 10 जून तक न्यू चंडीगढ़ में खेला जाएगा। इसके बाद दोनों टीमें तीन मैचों की वनडे सीरीज में आमने-सामने होंगी। पहला वनडे धर्मशाला में 14 जून को खेला जाएगा, जबकि दूसरा मुकाबला 17 जून को लखनऊ में होगा।
सीरीज का आखिरी मैच 20 जून को चेन्नई में खेला जाएगा। तीनों ही मुकाबले दोपहर 1:30 बजे (भारतीय समयानुसार) शुरू होंगे। अफगानिस्तान की टीम इस दौरे पर भारत को कड़ी चुनौती देने के इरादे से मैदान में उतरेगी।
भारत के खिलाफ Afghanistan का स्क्वॉड इस प्रकार हैं :
टेस्ट स्क्वॉड: हशमतुल्लाह शाहिदी (कप्तान), अब्दुल मलिक, सिद्दीकुल्लाह अटल, रहमत शाह, रहमानुल्लाह गुरबाज़, रहमानुल्लाह ज़दरान, अफ़सर ज़ज़ई (विकेटकीपर), इकरम अलीखिल (विकेटकीपर), अज़मतुल्लाह उमरज़ई, शराफुद्दीन अशरफ, नांगेयालिया खरोटे, क़ैस अहमद, बिलाल सामी, ज़िया शरीफी, सलीम साफ़ी
रिजर्व खिलाड़ी: बशीर अहमद, बशीर शाह, इस्मत आलम
वनडे स्क्वॉड: हशमतुल्लाह शाहिदी (कप्तान), रहमानुल्लाह गुरबाज़ (विकेटकीपर), इब्राहिम ज़दरान, सिद्दीकुल्लाह अटल, दरविश रसूली, रहमत शाह, इकरम अलीखिल (विकेटकीपर), मोहम्मद नबी, अज़मतुल्लाह उमरज़ई, राशिद खान, नांगेयालिया खरोटे, एएम ग़जनफर, ज़िया उर रहमान, फरीद मलिक, बिलाल सामी
रिजर्व खिलाड़ी: क़ैस अहमद, सलीम साफ़ी, बशीर अहमद
ये भी पढ़े : बेंगलुरु के खिलाफ क्वालीफायर 1 में शर्मनाक हार के बाद शुभमन गिल का बड़ा खुलासा, अपनी टीम की बताई सबसे बड़ी कमी