Shubman Gill Statement After GT’s Defeat Against RCB In Qualifier 1: आईपीएल 2026 का क्वालीफायर 1 गुजरात टाइटंस के लिए एक बुरा सपना साबित हुआ। इस मुकाबले से पहले रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु ने भी नहीं सोचा होगा कि उसे गुजरात के खिलाफ आसानी से इतनी बड़ी जीत के साथ फाइनल का टिकट मिल जाएगा। धर्मशाला के मैदान में शुभमन गिल की टीम पूरी तरह धराशाई दिखी और 92 रनों से हार का सामना करना पड़ा। यह अंतर आईपीएल में रनों के लिहाज से उसकी दूसरी सबसे बड़ी हार भी बन गया।
इस मैच में हार के बाद, गुजरात टाइटंस की फाइनल में जाने की उम्मीदों को बड़ा झटका लगा है लेकिन अभी उसके पास एक मौका और रहेगा। क्वालीफायर 2 में जीत हासिल कर GT फाइनल का टिकट पक्का कर सकती है। हालांकि, बेंगलुरु के खिलाफ मिली हार के बाद, शुभमन गिल (Shubman Gill) ने कई चीजों को लेकर अहम बात की लेकिन इस दौरान अपनी टीम की सबसे बड़ी कमी का खुलासा किया।
गुजरात टाइटंस की सबसे बड़ी कमी का शुभमन गिल (Shubman Gill) ने किया खुलासा

क्वालीफायर 1 में हार के बाद, शुभमन गिल (Shubman Gill) ने बल्लेबाजी और गेंदबाजी को नहीं, बल्कि अपनी टीम की सबसे बड़ी कमी फील्डिंग में बताई। पोस्ट मैच प्रेजेंटेशन सेरेमनी में गिल ने पिच के व्यवहार को सामान्य माना और कहा कि इस पिच पर टारगेट चीज़ करने लायक था। उन्होंने कहा,
“12वें-13वें ओवर तक तो सब ठीक चल रहा था… लेकिन फील्डिंग में कमी रही, कैचिंग और ग्राउंड फील्डिंग दोनों ही। यह उन मैचों में से एक है जिन्हें हम भूलकर नए सिरे से शुरुआत करना चाहते हैं… हम टीम मीटिंग और प्रैक्टिस सेशन में फील्डिंग पर चर्चा करते हैं, लेकिन दबाव में हम उम्मीदों पर खरे नहीं उतरे। पावरप्ले में अच्छी शुरुआत मिलना बहुत ज़रूरी है। इस तरह की पिच पर गेंद दूर तक जाती है, आउटफील्ड तेज़ होती है, अगर अच्छी शुरुआत मिली होती तो हम रन बना सकते थे।”
कैसा रहा RCB vs GT क्वालीफायर 1 का हाल
धर्मशाला में खेले गए क्वालीफायर 1 की बात करें तो टॉस हारकर पहले बल्लेबाजी करते हुए रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु ने 5 विकेट खोकर 254 रन बनाए। RCB को इस स्कोर तक ले जाने का श्रेय कप्तान रजत पाटीदार को जाता है, जिन्होंने महज 33 गेंदों में 90 रनों की धुआंधार पारी खेली। विराट कोहली और क्रुणाल पांड्या ने भी 43-43 रनों का अहम योगदान दिया। गुजरात टाइटंस की तरफ से कगिसो रबाडा और जेसन होल्डर को दो-दो विकेट मिले।
जवाब में गुजरात टाइटंस की शुरुआत से ही हालत खराब हो गई और टीम ने पावरप्ले में ही 51 के स्कोर तक अपने 5 विकेट गंवा दिए। GT के लिए 100 का स्कोर भी मुश्किल लग रहा था लेकिन राहुल तेवतिया ने 68 रन बनाकर अपनी टीम को किसी तरह 162 रन बनाने में मदद की। रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु की तरफ से जैकब डफी को सर्वाधिक तीन विकेट मिले।