Irfan Pathan Slams SRH Opener Travis Head: आईपीएल 2026 से सनराइजर्स हैदराबाद की टीम बाहर हो गई है। एलिमिनेटर मैच में राजस्थान रॉयल्स के हाथों हैदराबाद को 47 रनों से एकतरफा हार झेलनी पड़ी। लीग स्टेज में SRH ने काफी अच्छा प्रदर्शन किया था और 9 जीत दर्ज की थीं लेकिन प्लेऑफ में उम्मीद के मुताबिक प्रदर्शन नहीं किया और उसका सफर समाप्त हो गया।
राजस्थान रॉयल्स ने सनराइजर्स हैदराबाद को मुल्लांपुर में खेले गए एलिमिनेटर मैच में कोई भी मौका नहीं दिया। वैभव सूर्यवंशी के 97 और ध्रुव जुरेल के 50 रनों की बदौलत राजस्थान ने 243/8 का स्कोर बनाया, जिसके जवाब में हैदराबाद 196 पर ढेर हो गई। हैदराबाद की हार के बाद, पूर्व भारतीय ऑलराउंडर इरफ़ान पठान ने SRH के सीनियर बल्लेबाज ट्रैविस हेड को जमकर खरीखोटी सुनाई है। पठान का मानना है कि हेड ने गेम अवेयरनेस नहीं दिखाई और अपना विकेट गंवा दिया।
SRH के अनुभवी ओपनर ट्रैविस हेड पर भड़के इरफ़ान पठान

राजस्थान के खिलाफ हैदराबाद की हार के बाद, इरफ़ान पठान ने ट्रैविस हेड की जमकर आलोचना की। पठान का मानना है कि SRH के अनुभवी ओपनर हेड को अपना तीसरा ओवर डालने आए जोफ्रा आर्चर के खिलाफ सूझबूझ के साथ बल्लेबाजी करने की जरूरत थी लेकिन उन्होंने जागरूकता नहीं दिखाई और अपना विकेट फेंक दिया। अभिषेक शर्मा और ईशान किशन को आउट करने के बाद, आर्चर ने हेड को अपना शिकार बनाया। बाएं हाथ के खिलाड़ी ने रूम बनाकर बड़ा शॉट खेलना चाहा लेकिन पूरी तरह चूक गए और बोल्ड हो गए। इस तरह उन्होंने 8 गेंदों में 17 रन बनाए।
अपने यूट्यूब चैनल पर इरफ़ान पठान ने कहा,
“फिर तीसरा ओवर आया। यहीं पर रणनीति काम आती है। रियान पराग ने शायद सोचा होगा, ‘जोफ्रा आर्चर, पावरप्ले में अपना तीसरा ओवर फेंको। तुम्हारे पास पहले से ही दो विकेट हैं, अब एक और विकेट ले लो। ट्रैविस हेड क्रीज पर हैं, उन्हें आउट कर दो। क्लासेन भी क्रीज पर हैं, इनमें से किसी एक को आउट कर दो।’ लेकिन ट्रैविस हेड क्या करते हैं? जब इस सीज़न में रन नहीं बन रहे होते, तो वो स्टंप्स से दूर हट जाते हैं और जगह बनाते हैं। बस सामान्य तरीके से खेलो, भाई। सामान्य तरीके से क्यों नहीं खेलते? तुम्हें पता है विपक्षी कप्तान की रणनीति ये होती है कि जो गेंदबाज़ विकेट ले चुका है और लय में है, उसे एक और ओवर दिया जाता है ताकि वो विकेट ले सके। ये भी तो तुम्हें पता है। तुम एक सीनियर खिलाड़ी हो और वर्ल्ड कप विजेता भी।”
ट्रैविस हेड के विकेट को इरफ़ान पठान ने बताया ब्रेन फेड मोमेंट
अपने यूट्यूब चैनल पर शेयर किए गए वीडियो में, इरफ़ान पठान ने कहा कि ट्रैविस हेड के खराब फैसले ने SRH को नुकसान पहुंचाया। उन्होंने हेड के डिसमिसल को ब्रेन फेड मोमेंट करार दिया। इरफ़ान ने कहा,
“ट्रैविस हेड की सूझबूझ भरी बल्लेबाजी की कमी हैदराबाद को बुरी तरह से नुकसान पहुंचा रही थी। लेग स्टंप से बाहर की ओर खेलते हुए उन्होंने स्टंप्स को पूरी तरह से खुला छोड़ दिया। इससे पहले, जोफ्रा आर्चर की गेंदें ज्यादातर शॉर्ट लेंथ और बैक ऑफ लेंथ थीं। लेकिन जैसे ही उन्होंने हेड को बाहर की ओर खेलते देखा, उन्होंने सीधे स्टंप्स को निशाना बनाया और उन्हें बोल्ड कर दिया। यह ट्रैविस हेड की एक बड़ी गलती थी। यहीं पर जोफ्रा आर्चर और रियान पराग की योजना पूरी तरह से कारगर साबित हुई। यह मैच का एक निर्णायक क्षण था।”