Posted inक्रिकेट (Cricket)

GT vs CSK : गुजरात की तिकड़ी का तूफान, गुजरात ने CSK को 89 रनों से हराकर प्लेऑफ की रेस से किया बाहर

GT vs CSK

GT vs CSK : आईपीएल 2026 में अहमदाबाद के नरेंद्र मोदी स्टेडियम में खेले गए 66वें मुकाबले में गुजरात टाइटंस ने चेन्नई सुपर किंग्स (GT vs CSK) को 89 रनों से हराकर प्लेऑफ की रेस से बाहर कर दिया। टॉस जीतकर चेन्नई सुपर किंग्स के कप्तान ऋतुराज गायकवाड़ ने पहले गेंदबाजी करने का फैसला किया, लेकिन उनका यह निर्णय पूरी तरह गलत साबित हुआ।

पहले बल्लेबाजी करने उतरी गुजरात टाइटंस की टीम को कप्तान शुभमन गिल, साई सुदर्शन और जोस बटलर की शानदार अर्धशतकीय पारियों का भरपूर फायदा मिला। इन तीनों बल्लेबाजों की दमदार बल्लेबाजी के दम पर गुजरात ने चार विकेट के नुकसान पर 229 रनों का विशाल स्कोर खड़ा किया।

230 रनों के लक्ष्य का पीछा करने उतरी चेन्नई सुपर किंग्स की शुरुआत बेहद खराब रही। टीम की ओर से शिवम दुबे ने 17 गेंदों में 47 रनों की तेजतर्रार पारी खेली, लेकिन उनके अलावा कोई भी बल्लेबाज बड़ी पारी नहीं खेल सका। नतीजतन, चेन्नई की पूरी टीम 13.4 ओवर में 140 रनों पर सिमट गई और मुकाबला 89 रनों से गंवा बैठी।

इस जीत के साथ गुजरात टाइटंस ने टॉप-2 में अपनी जगह लगभग पक्की कर ली है, जबकि चेन्नई सुपर किंग्स की टीम आईपीएल 2026 के प्लेऑफ की दौड़ से बाहर हो गई है।

गिल-सुदर्शन की जोड़ी ने रखी बड़े स्कोर की नींव

GT vs CSK : गुजरात की तिकड़ी का तूफान, गुजरात ने CSK को 89 रनों से हराकर प्लेऑफ की रेस से किया बाहर 1

टॉस हारकर पहले बल्लेबाज़ी करने उतरी गुजरात टाइटंस के सलामी बल्लेबाज़ कप्तान शुभमन गिल और साई सुदर्शन ने शानदार शुरुआत दिलाई। दोनों बल्लेबाजों ने शुरुआत से ही चेन्नई सुपर किंग्स के गेंदबाजों पर दबाव बनाया और तेजी से रन बटोरे। पावरप्ले में GT ने बिना विकेट खोए 62 रन बना लिए, जिसके बाद दोनों बल्लेबाजों ने अपनी लय बरकरार रखी।

शुभमन गिल ने 37 गेंदों में 64 रनों की तेज पारी खेली, जबकि साई सुदर्शन ने शानदार बल्लेबाजी करते हुए 53 गेंदों पर 84 रन बनाए। दोनों के बीच हुई बड़ी साझेदारी ने गुजरात के विशाल स्कोर की मजबूत नींव रखी।

बटलर के विस्फोटक बल्लेबाज़ी से 229 तक पहुंचा गुजरात

मिडिल और डेथ ओवरों में तीसरे नंबर पर बल्लेबाज़ी करने आये जोस बटलर ने अपनी विस्फोटक बल्लेबाजी से मैच का रुख पूरी तरह गुजरात की तरफ कर दिया। गिल के आउट होने के बाद बटलर ने तेजी से रन बनाए और CSK के गेंदबाजों की जमकर धुनाई की। उन्होंने सिर्फ 27 गेंदों पर नाबाद 57 रन बनाए, जिसमें 5 चौके और 4 छक्के शामिल रहे।

अंतिम ओवरों में गुजरात ने तेजी से रन बटोरे और 20 ओवर में 4 विकेट के नुकसान पर 229 रन का विशाल स्कोर खड़ा कर दिया । गेंदबाज़ी में चेन्नई सुपर किंग्स की ओर से मुकेश चौधरी , स्पेंसर जॉनसन और अंशुल कंबोज को एक – एक विकेट मिला।

मोहम्मद सिराज की घातक गेंदबाज़ी ने चेन्नई सुपर किंग्स को दिए शुरुआती झटके

230 रनों के बड़े लक्ष्य का पीछा करने उतरी चेन्नई सुपर किंग्स की शुरुआत बेहद निराशाजनक रही। टीम को पहली ही गेंद पर संजू सैमसन के रूप में बड़ा झटका लगा, जो बिना खाता खोले आउट हो गए। इसके बाद कप्तान ऋतुराज गायकवाड़ ने कुछ आक्रामक शॉट लगाते हुए 7 गेंदों पर 16 रन बनाए, जिसमें 1 चौका और 2 छक्के शामिल थे, लेकिन वह अपनी पारी को बड़ा नहीं बना सके।

उर्विल पटेल भी बिना खाता खोले पवेलियन लौट गए। शुरुआती विकेट गिरने के बाद मैथ्यू शॉर्ट ने 14 गेंदों में 24 रन और कार्तिक शर्मा ने 15 गेंदों में 19 रन बनाकर पारी संभालने की कोशिश की, लेकिन लगातार विकेट गिरने के कारण चेन्नई दबाव में आ गई।

शिवम दुबे ने दिखाई लड़ाई, लेकिन जीत नहीं दिला सके

मिडिल ऑर्डर के पूरी तरह फ्लॉप होने के बीच शिवम दुबे ने चेन्नई की ओर से शानदार संघर्ष किया। उन्होंने सिर्फ 17 गेंदों में 47 रनों की तूफानी पारी खेली, जिसमें 4 चौके और 4 छक्के शामिल रहे। उनके अलावा डेवाल्ड ब्रेविस ने 10 गेंदों पर 8 रन और अंशुल कम्बोज ने 8 गेंदों में 19 रनों की तेज पारी खेली, लेकिन दूसरे बल्लेबाज़ बड़ी साझेदारी बनाने में नाकाम रहे।

नतीजतन, चेन्नई सुपर किंग्स की पूरी टीम 13.4 ओवर में 140 रनों पर सिमट गई और 89 रनों से मुकाबला हार गई। गेंदबाज़ी में गुजरात टाइटंस की ओर से मोहम्मद सिराज, कागिसो रबाडा और राशिद खान ने शानदार प्रदर्शन करते हुए तीन-तीन विकेट अपने नाम किए। इस हार के साथ CSK का आईपीएल 2026 का सफर भी समाप्त हो गया।

ये भी पढ़े : “वो बिल्कुल भी खुश नहीं थे…” CSK टीम मैनेजमेंट से नाराज़ हैं MS धोनी? अश्विन ने किया बड़ा दावा

FAQS

GT vs CSK के मुकाबले का क्या नतीजा रहा ?

गुजरात ने CSK को 89 रनों से हराया

Vasu Jain

खेल सिर्फ मनोरंजन नहीं, एक कहानी है। मैं एक स्पोर्ट्स जर्नलिस्ट हूँ, जो 2007 से क्रिकेट...

Live Stream Dream 11
error: Content is protected !!