LSG vs KKR : आईपीएल 2026 के 38वें मैच में लखनऊ सुपर जायंट्स और कोलकाता नाइट राइडर्स (LSG vs KKR) के बीच खेले गए रोमांचक मुकाबले में कोलकाता ने सुपर ओवर में जीत दर्ज करते हुए इस सीजन की लगातार दूसरी जीत हासिल की। पहले बल्लेबाज़ी करते हुए कोलकाता ने रिंकू सिंह के शानदार अर्धशतक की बदौलत 155 रन बनाए।
जवाब में लखनऊ की टीम ने भी 20 ओवरों में 155 रन बनाकर मैच को टाई कर दिया। इसके बाद मुकाबले का फैसला सुपर ओवर में हुआ, जहां लखनऊ की टीम सिर्फ एक रन ही बना सकी । इसके जवाब में कोलकाता की ओर से रिंकू सिंह ने पहली ही गेंद पर चौका लगाकर मैच खत्म कर दिया और टीम को शानदार जीत दिलाई।
मोहसिन के कहर के बीच रिंकू की पारी से KKR ने किया कमबैक
टॉस हारकर पहले बल्लेबाज़ी करने उतरी कोलकाता नाइट राइडर्स की शुरुआत बेहद खराब रही और टीम ने सिर्फ 31 रन तक पहुंचते-पहुंचते अपने 4 अहम विकेट गंवा दिए। सबसे पहला झटका टिम सिफर्ट के रूप में लगा, जो बिना खाता खोले आउट हो गए। इसके बाद कप्तान अजिंक्य रहाणे 10 रन बनाकर पवेलियन लौटे।
तीसरा विकेट अंगकृष रघुवंशी (9) के रूप में गिरा, जिन्हे “ऑब्स्ट्रक्टिंग द फील्ड” के तहत आउट दिया गया। यह फैसला मैच का विवादित मोड़ साबित हुआ। इसके तुरंत बाद रोवमैन पॉवेल भी सिर्फ 1 रन बनाकर आउट हो गए, जिससे KKR की हालत बेहद खराब हो गई।
मिडिल ऑर्डर में कैमरून ग्रीन ने पारी को संभालने की कोशिश की, लेकिन वह 34 रन बनाकर आउट हो गए। उसके बाद अनुकूल रॉय भी बिना खाता खोले पवेलियन लौटे, जिससे टीम का स्कोर एक समय पर छह विकेट के नुकसान पर 73 रन था और टीम संकट में आ गई।
इसके बाद रमनदीप सिंह 6 रन बनाकर आउट हुए। हालांकि, अंत में रिंकू सिंह ने शानदार बल्लेबाजी करते हुए टीम को संभाला और KKR ने 20 ओवर में 155/7 का सम्मानजनक स्कोर खड़ा किया। गेंदबाज़ी में लखनऊ सुपर जायंट्स की ओर से सबसे ज़्यादा विकेट मोहसिन खान ने लिए, जिन्होंने 5 विकेट झटके। वहीं जॉर्ज लिंडे को 1 विकेट मिला।
रिंकू सिंह की पारी: फिनिशिंग का मास्टरक्लास
रिंकू सिंह ने एक बार फिर साबित कर दिया कि उन्हें क्यों केकेआर का सबसे भरोसेमंद फिनिशर माना जाता है। जब टीम मुश्किल में थी, तब उन्होंने संयम के साथ पारी को संभाला और धीरे-धीरे गियर बदला। उन्होंने 51 गेंदों पर 83 रनों की शानदार पारी खेली, जिसमें 7 चौके और 5 छक्के शामिल रहे।
19वें ओवर में मोहम्मद शमी के खिलाफ 17 रन बटोरते हुए उन्होंने अपना इस सीजन लगातार दूसरा अर्धशतक पूरा किया। इसके बाद आखिरी ओवर में दिग्वेश सिंह राठी पर हमला बोलते हुए लगातार चार गेंदों पर चार छक्के जड़ दिए।
उनकी इस धमाकेदार बल्लेबाजी ने मैच का रुख पूरी तरह बदल दिया। जहां KKR 130 के आसपास सिमटती दिख रही थी, वहीं रिंकू की फिनिशिंग ने टीम के स्कोर को 155 तक पहुंचा दिया।
लखनऊ की पारी: उतार-चढ़ाव के बीच मैच हुआ टाई
155 रन के लक्ष्य का पीछा करने उतरी लखनऊ सुपर जायंट्स की शुरुआत खराब रही और टीम को मिचेल मार्श के रूप में जल्दी ही पहला झटका लगा। वह 2 रन बनाकर आउट हो गए। इसके बाद कप्तान ऋषभ पंत ने पारी को संभालते हुए 38 गेंदों पर 42 रन की अहम पारी खेली।
एडेन मार्करम ने 18 गेंदों में 28 रन बनाकर अच्छा साथ दिया, लेकिन वह अपनी पारी को बड़ा नहीं कर सके। निकोलस पूरन 12 गेंदों में 9 रन बनाकर आउट हो गए, जबकि आयुष बदोनी ने 19 गेंदों में 24 रन जोड़े।
मध्यक्रम में जॉर्ज लिंडे ने 6 गेंदों में 8 रन बनाए, वहीं हिमत सिंह ने दबाव के बीच 15 गेंदों में 19 रन की उपयोगी पारी खेली। निचले क्रम में मोहम्मद शमी ने 3 गेंदों में नाबाद 7 रन बनाए, जिसमें आखिरी गेंद पर लगाया गया छक्का सबसे अहम रहा।
लखनऊ की टीम ने लगातार विकेट गंवाए, लेकिन अंत तक मुकाबले में बनी रही। अंतिम ओवर में 17 रन की जरूरत थी और आखिरी गेंद पर 7 रन चाहिए थे, तब शमी ने कार्तिक त्यागी की गेंद पर शानदार छक्का जड़कर मैच को टाई कर दिया। इस तरह लखनऊ (LSG vs KKR) ने 20 ओवरों में 155/8 का स्कोर बनाया और मैच सुपर ओवर में पहुंच गया।
गेंदबाज़ी में केकेआर के लिए वरुण चक्रवती और वैभव अरोड़ा को दो – दो विकेट मिले , जबकि कार्तिक त्यागी , सुनील नारायण , कैमरन ग्रीन और अनुकूल रॉय को एक -एक विकेट मिला
सुपर ओवर: 1 रन पर सिमटी लखनऊ, KKR ने आसानी से जीता मैच
सुपर ओवर में पहले बल्लेबाज़ी करने आई लखनऊ की शुरुआत बेहद खराब रही। सुनील नरेन की पहली ही गेंद पर निकोलस पूरन बड़ा शॉट खेलने के प्रयास में चूक गए और बोल्ड हो गए। दूसरी गेंद पर ऋषभ पंत ने एक रन लेकर स्ट्राइक बदली, लेकिन इसके बाद तीसरी गेंद पर एडेन मार्करम आउट हो गए।
मार्करम ने बड़ा शॉट खेलने की कोशिश की, लेकिन बाउंड्री लाइन पर शानदार कैच लिया गया, जिसमें रोवमैन पॉवेल और रिंकू सिंह की बेहतरीन फील्डिंग देखने को मिली। इस तरह लखनऊ की टीम सुपर ओवर में सिर्फ 1 रन बनाकर ऑलआउट हो गई।
इसके जवाब में कोलकाता नाइट राइडर्स के लिए लक्ष्य बेहद आसान था और रिंकू सिंह ने पहली ही गेंद पर चौका लगाकर मैच खत्म कर दिया। शानदार बल्लेबाज़ी के साथ-साथ फील्डिंग में भी कमाल दिखाने वाले रिंकू इस जीत के सबसे बड़े हीरो साबित हुए।
ये भी पढ़े : IPL 2026 में बड़ा ड्रामा, ‘Obstructing the Field’ पर आउट हुए अंगकृष रघुवंशी, उठे सवाल