Yusuf Pathan: भारतीय मेंस क्रिकेट टीम के पूर्व ऑलराउंडर युसूफ पठान किसी पहचान के मोहताज नहीं हैं। 2007 टी20 वर्ल्ड कप के फाइनल में डेब्यू करते हुए अपने इंटरनेशनल करियर की शुरुआत करने वाले युसूफ ने कम समय में बड़ा नाम कमाया। उनकी और उनके भाई इरफ़ान पठान की जोड़ी भी साथ में खूब खेलती दिखी। इसके अलावा युसूफ ने आईपीएल में भी अपना जलवा दिखाया और कुछ बड़े रिकॉर्ड्स बनाए।
युसूफ पठान (Yusuf Pathan) ने साल 2021 में क्रिकेट के सभी फॉर्मेट से संन्यास लिया लेकिन लेजेंड्स लीग जैसे टूर्नामेंट में खेलते रहे, जो मुख्य रूप से रिटायर्ड खिलाड़ियों के बीच ही खेला जाता है। इसके बाद, 2024 में पठान ने पॉलिटिक्स में कदम रखा। उन्होंने तृणमूल कांग्रेस की तरफ से चुनाव लड़ा और सांसद बन गए। युसूफ को लेकर कभी कुछ विवादित मामला सामने नहीं आया लेकिन अब ससुरवालों की वजह से उनका नाम खराब हो रहा है।
युसूफ पठान (Yusuf Pathan) ने ससुरवालों ने दिखाई गुंडागर्दी, पुलिस ने किया गिरफ्तार

मुंबई में एक शख्स और उसके परिवार के साथ मारपीट के मामले में युसूफ पठान (Yusuf Pathan) के ससुर और अन्य रिश्तेदारों को पुलिस ने गिरफ्तार किया है। मामले में ज्यादा बड़ी बात सामने नहीं आई लेकिन युसूफ के ससुरवालों ने दादागिरी दिखाई और मारपीट की, जिसके बाद पुलिस ने एक्शन लिया।
यह घटना शनिवार को उस समय घटी जब यूसुफ खान नामक व्यक्ति द्वारा चलाई जा रही एक गाड़ी ने कथित तौर पर पठान के ससुराल वालों के रिश्तेदार शोएब खान पर पानी छिड़क दिया, जिससे कहासुनी शुरू हो गई। बात इतनी आगे बढ़ गई की क्रिकेटर के ससुरवालों ने मारपीट शुरू कर दी और गाड़ी चला रहे व्यक्ति और उसके परिवार वालों को मारने लगे।
गड्ढे के पानी के उछलकर पड़ने से शुरू हुआ विवाद, युसूफ पठान के ससुरवालों ने की मारपीट
बायकुला पुलिस स्टेशन के अधिकारियों ने बताया कि युसूफ पठान (Yusuf Pathan) के ससुर समेत तीन लोगों को हिरासत में ले लिया गया है, जबकि चौथे आरोपी की तलाश जारी है। भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) की धारा 118(2), 115(2), 324, 352, 351(2) और 3(5) के तहत मामला दर्ज किया गया है।
पुलिस के बयान के मुताबिक, यह पूरी घटना शनिवार रात 9 बजे के दौरान की है। जब स्थानीय निवासी यूसुफ खान (30) घर लौट रहे थे। बताया जाता है कि जब यूसुफ खान की गाड़ी एक गड्ढे से गुजरी, तो उसका पानी उछलकर शोएब खान (35) पर जा गिरा। इसके तुरंद बाद कार युसूफ खान ने गाड़ी रोक दी और घटना के लिए माफी मांगी। हालांकि, शोएब ने कथित तौर पर उन्हें गाली देना शुरू कर दिया और बांस की छड़ी से गाड़ी का शीशा तोड़ दिया, जिसके बाद उन्होंने उन पर हमला किया, जिससे उन्हें चोटें आईं।
युसूफ खान पर युसूफ पठान के ससुर ने बेटों के साथ मिलकर किया हमला
शोएब खान के साथ हुए विवाद के बाद, जब युसूफ खान घर पहुंचा तो परिवार वालों ने उसे पुलिस में शिकायत करने की सलाह दी। इसके बाद, जब वह पुलिस स्टेशन जा रहा था, तभी यूसुफ खान का सामना कथित तौर पर खालिद खान से हुआ, जिसे ‘मकालिक’ (यूसुफ पठान का ससुर) के नाम से भी जाना जाता है।
पुलिस ने बताया कि खालिद के साथ उसका बेटा उमरसाद पठान (35), शोएब पठान और एक अन्य आरोपी शहबाज पठान भी थे। जांचकर्ताओं के अनुसार, इस समूह ने कथित तौर पर फिर से झड़प शुरू कर दी और बांस की लाठियों और बेसबॉल बैट से यूसुफ खान और उसके रिश्तेदारों पर हमला कर दिया।
हमले में युसूफ खान के भाई और चाचा को लगी चोट
हमले के दौरान यूसुफ खान के भाई सलमान की बांह में फ्रैक्चर हो गया, जबकि उनके चाचा जाकी अहमद गंभीर रूप से घायल हो गए। पुलिस ने बताया कि शहबाज पठान अभी भी फरार है, जबकि अन्य तीन आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया गया है और उन पर हमला करने और गंभीर चोटें पहुंचाने का मामला दर्ज किया गया है। इन आरोपियों को कोर्ट में पेश किया गया, जिसने न्यायिक हिरासत में भेजा है।
पुलिस ने बताया कि उनकी तरफ से युसूफ पठान के ससुर और उनके साथ के लोगों पर एक्शन सीसीटीवी फुटेज, गवाहों के बयान और हमले के दौरान उपयोग हुए हथियारों की बरामदगी के बाद लिया गया है। जांचकर्ताओं ने अदालत को बताया कि सीसीटीवी फुटेज और चश्मदीदों के बयानों के जरिए आरोपियों की पहचान स्पष्ट रूप से हो गई है। पुलिस ने बताया कि मामले की आगे की जांच जारी है।