SRH signed new player as injury replacement: आईपीएल 2026 में सनराइजर्स हैदराबाद ने कमाल की वापसी की है। शुरूआती चार मैचों में तीन हार झेलने वाली यह टीम अब लगातार जीत की राह पर निकल चुकी है और अपने पिछले पांच मैचों में विरोधियों को धूल चटाई है। हैदराबाद के नियमित कप्तान पैट कमिंस भी वापस आ चुके हैं और उनके आने से संतुलन काफी बेहतर हो गया है।
अब काव्या मारन के मालिकाना हक़ वाली टीम 3 मई को एक्शन में दिखेगी, जब उसका सामना कोलकाता नाइट राइडर्स से होगा। हालांकि, इस मैच से पहले SRH को बड़ा झटका लगा है, क्योंकि स्क्वाड में शामिल युवा तेज गेंदबाज चोटिल होकर शेष टूर्नामेंट से बाहर हो गया है। सनराइजर्स हैदराबाद ने खुद इसकी पुष्टि की, साथ ही उस खिलाड़ी की भी जानकारी दी, जो रिप्लेसमेंट के रूप में आया है।
SRH का एक और तेज गेंदबाज IPL 2026 से इंजरी के कारण हुआ बाहर

आईपीएल 2026 में सनराइजर्स हैदराबाद का तेज गेंदबाजी विभाग इंजरी के कारण लगातार प्रभावित रहा है। पैट कमिंस अपनी फिटनेस के कारण शुरुआती सात मैचों में उपलब्ध नहीं रहे। वहीं, तेज गेंदबाजी ऑलराउंडर जैक एडवर्ड्स पैर की चोट के कारण बाहर हो गए। इसके बाद, ब्रायडन कार्स और ल्यूक वुड को भी चोट के चलते बाहर होना पड़ा। अब इस लिस्ट में उत्तर प्रदेश के तेज गेंदबाज शिवम मावी का नाम भी जुड़ गया है।
दाएं हाथ के पेसर शिवम मावी ग्रोइन इंजरी के कारण टूर्नामेंट के शेष मुकाबलों में नहीं दिखेंगे। SRH ने पिछले साल हुए मिनी ऑक्शन में मावी को 75 लाख के बेस प्राइस में खरीदा था लेकिन इस सीजन एक भी मैच में मौका नहीं दिया था। अब वह बिना खेले ही चोटिल होकर बाहर हो गए। भारत के लिए 6 टी20आई खेलने में सफल रहे शिवम की गिनती उभरते हुए पेसर्स में होती है लेकिन उनका करियर चोटों से प्रभावित रहा है। आईपीएल में मावी ने 2022 के सीजन के बाद से एक भी मैच नहीं खेला है।
Shivam Mavi has been ruled out of TATA IPL 2026 due to groin injury.
The SunRisers Hyderabad family wishes him a speedy recovery. 🧡 pic.twitter.com/YE8L3X1hsB
— SunRisers Hyderabad (@SunRisers) May 1, 2026
अंडर-19 वर्ल्ड कप 2026 के स्टार खिलाड़ी को SRH ने रिप्लेसमेंट के रूप में किया साइन
शिवम मावी के बाहर होने की खबर साझा करने के साथ ही SRH ने उनके रिप्लेसमेंट की भी जानकारी दे दी। हैदराबाद की टीम ने भारत के अंडर-19 ऑलराउंडर आरएस अम्ब्रीश को साइन किया है। 30 लाख रुपये में अब्रीश को काव्या मारन ने अपनी टीम का हिस्सा बनाया है। बाएं हाथ से बल्लेबाजी और दाएं हाथ से गेंदबाज करने वाले इस 18 वर्षीय खिलाड़ी ने साल की शुरुआत में हुए अंडर-19 वर्ल्ड कप में अपना जलवा दिखाया था और भारत को चैंपियन बनाने में अहम भूमिका निभाई थी।
🚨 𝐎𝐅𝐅𝐈𝐂𝐈𝐀𝐋 𝐀𝐍𝐍𝐎𝐔𝐍𝐂𝐄𝐌𝐄𝐍𝐓
RS Ambrish, the ICC Under-19 Cricket World Cup 2026 winner, joins our squad as Shivam Mavi’s replacement.
Go well, Ambrish 🧡 pic.twitter.com/nherHX6l3N
— SunRisers Hyderabad (@SunRisers) May 1, 2026
आरएस अम्ब्रीश ने 11 विकेट झटके थे और भारत की तरफ से सबसे सफल गेंदबाज साबित हुए थे। इसके अलावा, उन्होंने कुछ मौकों पर बल्ले से भी योगदान दिया था। अम्ब्रीश के पास सिर्फ फर्स्ट क्लास क्रिकेट में दो मैच का ही अनुभव है और वह तमिलनाडु की तरफ से खेलते हैं। हैदराबाद के स्क्वाड में कई वर्ल्ड क्लास तेज गेंदबाज शामिल हैं। ऐसे में अम्ब्रीश को उनके साथ अभ्यास और ड्रेसिंग रूम साझा करते हुए काफी कुछ सीखने का मौका मिलेगा।