Team India : भारतीय क्रिकेट में एक बार फिर टी20 टीम की कप्तानी को लेकर चर्चा तेज हो गई है। T20 वर्ल्ड कप 2026 में टीम इंडिया (Team India) को खिताब दिलाने वाले सूर्यकुमार यादव अब अपनी खराब फॉर्म की वजह से सवालों के घेरे में हैं। ऐसे में चयन समिति आयरलैंड और इंग्लैंड के खिलाफ होने वाली आगामी टी20 सीरीज से पहले नए कप्तान के विकल्पों पर गंभीरता से विचार कर रही है।
संजू सैमसन, हार्दिक पांड्या और श्रेयस अय्यर जैसे नाम इस रेस में शामिल बताए जा रहे हैं, लेकिन ताजा रिपोर्ट्स में चयनकर्ताओं की पहली पसंद कौन है, इसकी तस्वीर काफी हद तक साफ होती दिख रही है।
सूर्यकुमार यादव की फॉर्म बनी सबसे बड़ी चिंता
सूर्यकुमार यादव ने इस साल की शुरुआत में भारत (Team India) को लगातार दूसरा T20 वर्ल्ड कप जिताकर इतिहास रच दिया था। वह कपिल देव, एमएस धोनी, रोहित शर्मा और हरमनप्रीत कौर जैसे कप्तानों की सूची में शामिल हो गए थे। हालांकि, कप्तानी में सफलता मिलने के बावजूद बल्लेबाज के तौर पर उनका प्रदर्शन उम्मीदों के मुताबिक नहीं रहा।
T20 वर्ल्ड कप 2026 में सूर्यकुमार ने 9 पारियों में 242 रन बनाए, लेकिन USA के खिलाफ खेली गई 84 रन की पारी को छोड़ दें तो वह बाकी मुकाबलों में संघर्ष करते नजर आए। वहीं IPL 2026 में भी उनका प्रदर्शन बेहद निराशाजनक रहा है। अब तक 10 मैचों में वह सिर्फ 195 रन बना सके हैं और उनका औसत 20 से भी कम रहा है। लगातार गिरती फॉर्म ने चयनकर्ताओं को कप्तानी को लेकर दोबारा सोचने पर मजबूर कर दिया है।
संजू सैमसन बने चयनकर्ताओं की पहली पसंद
दैनिक जागरण की रिपोर्ट के मुताबिक, संजू सैमसन इस समय भारत (Team India) के अगले T20I कप्तान बनने की रेस में सबसे आगे हैं। चयन समिति उनके शांत स्वभाव, दबाव में बेहतर फैसले लेने की क्षमता और शानदार बल्लेबाजी से काफी प्रभावित बताई जा रही है।
सैमसन ने T20 वर्ल्ड कप 2026 में शानदार प्रदर्शन करते हुए खुद को बड़े मैचों का खिलाड़ी साबित किया। शुरुआत में प्लेइंग इलेवन से बाहर रहने के बाद उन्होंने वेस्ट इंडीज के खिलाफ करो या मरो मुकाबले में नाबाद 97 रन ठोके। इसके बाद इंग्लैंड के खिलाफ सेमीफाइनल और न्यूजीलैंड के खिलाफ फाइनल में भी उन्होंने 89 रनों की विस्फोटक पारियां खेलीं।
सिर्फ पांच पारियों में 321 रन बनाकर वह टूर्नामेंट के तीसरे सबसे ज्यादा रन बनाने वाले बल्लेबाज रहे और उन्हें ‘प्लेयर ऑफ द टूर्नामेंट’ चुना गया। उनकी शानदार फॉर्म IPL 2026 में भी जारी रही, जहां उन्होंने चेन्नई सुपर किंग्स के लिए 10 मैचों में 402 रन बनाए हैं। दो शतक लगाने वाले सैमसन इस समय अपने करियर की सर्वश्रेष्ठ फॉर्म में नजर आ रहे हैं।
हार्दिक पांड्या का अनुभव भी बना बड़ा फैक्टर
हालांकि रिपोर्ट में संजू सैमसन का नाम सबसे आगे बताया गया है, लेकिन हार्दिक पंड्या को पूरी तरह नजरअंदाज नहीं किया जा सकता। हार्दिक पहले भी भारत (Team India) की कप्तानी कर चुके हैं और IPL में गुजरात टाइटंस को खिताब जिताने का अनुभव रखते हैं। बड़े मैचों में उनका आक्रामक रवैया और टीम को संभालने की क्षमता उन्हें मजबूत दावेदार बनाती है।
भारत के लिए टी20 इंटरनेशनल में कप्तान के तौर पर हार्दिक का रिकॉर्ड भी शानदार रहा है। उन्होंने अब तक 16 मैचों में टीम की कप्तानी की है, जिसमें भारत को 10 मुकाबलों में जीत मिली, जबकि 5 मैचों में हार का सामना करना पड़ा। उनका जीत प्रतिशत 62.50 का रहा है।
हालांकि फिटनेस को लेकर लगातार उठते सवाल और वर्कलोड मैनेजमेंट चयनकर्ताओं की चिंता का कारण बने हुए हैं। इसी वजह से बोर्ड फिलहाल ऐसे खिलाड़ी की तलाश में है जो लंबे समय तक टीम की कप्तानी संभाल सके। ऐसे में हार्दिक का नाम चर्चा में जरूर है, लेकिन फिलहाल वह चयनकर्ताओं की पहली पसंद नजर नहीं आ रहे हैं।
श्रेयस अय्यर के रास्ते में सबसे बड़ी बाधा
श्रेयस अय्यर को भी भविष्य के कप्तान के तौर पर देखा जा रहा है। IPL में कप्तानी करते हुए उन्होंने अपनी नेतृत्व क्षमता साबित की है। वह पहले कोलकाता नाइट राइडर्स को खिताब जिता चुके हैं और दिल्ली व पंजाब जैसी टीमों को भी मजबूत स्थिति तक पहुंचा चुके हैं।
इसके बावजूद चयनकर्ताओं की सबसे बड़ी चिंता यह है कि श्रेयस ने दिसंबर 2023 के बाद से भारत (Team India) के लिए कोई भी T20 इंटरनेशनल मैच नहीं खेला है। हालाँकि जनवरी 2026 में न्यूजीलैंड के खिलाफ टी20 सीरीज के लिए उन्हें टीम में शामिल किया गया था, लेकिन उन्हें एक भी मैच खेलने का मौका नहीं मिला।
रिपोर्ट के अनुसार चयन समिति का मानना है कि उन्हें कप्तानी देने से पहले राष्ट्रीय T20 टीम में अपनी जगह दोबारा पक्की करनी होगी। अगर सूर्यकुमार यादव की खराब फॉर्म आगे भी जारी रहती है, तो श्रेयस को मिडिल ऑर्डर में वापसी का बड़ा मौका मिल सकता है। लेकिन फिलहाल कप्तानी की रेस में संजू सैमसन सबसे मजबूत दावेदार के रूप में उभरकर सामने आए हैं।
ये भी पढ़े : आयरलैंड टी20 सीरीज खेलना डिजर्व करते हैं ये 4 खिलाड़ी, लेकिन फुल वैकेंसी के चलते नहीं मिल पाएगी जगह