IPL 2026 Top 5 Bowlers Purple Cap Race After RCB vs GT Qualifier 1: आईपीएल 2026 में लीग स्टेज के रोमांच के बाद, 26 मई से प्लेऑफ के मुकाबले शुरू हो गए। इस क्रम में क्वालीफायर 1 में रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु और गुजरात टाइटंस की टक्कर हुई। इस मैच में बेंगलुरु ने एकतरफा जीत दर्ज की और गुजरात को 92 रनों से हराकर फाइनल में अपना स्थान पक्का कर लिया।
प्लेऑफ के दौरान भी IPL 2026 में सबसे ज्यादा विकेट लेकर पर्पल कैप (Purple Cap) को हासिल करने की रेस जारी है। तो चलिए बताते हैं कि RCB vs GT क्वालीफायर 1 के बाद कौन से 5 गेंदबाज दावेदारी में हैं।
RCB vs GT Qualifier 1 के बाद पर्पल कैप (Purple Cap) की रेस में सबसे आगे हैं ये 5 गेंदबाज
5. राशिद खान (19 विकेट)

आईपीएल 2026 में पर्पल कैप (Purple Cap) जीतने की रेस में पांचवें स्थान पर गुजरात टाइटंस के लेग स्पिनर राशिद खान हैं। उन्होंने 15 मैचों में 23.47 की औसत से 19 विकेट चटकाए हैं। इस दौरान उनका इकॉनमी रेट 8.77 का रहा है। क्वालीफायर 1 में राशिद ने काफी निराश किया और कोई विकेट नहीं ले पाए। उनके पास चौथे स्थान पर जाने का मौका था लेकिन वह चूक गए।
4. अंशुल कंबोज (21 विकेट)
इस लिस्ट में चौथे स्थान पर चेन्नई सुपर किंग्स के अंशुल कंबोज हैं। कंबोज ने आखिरी के कुछ मैचों को छोड़कर CSK के लिए बाकी मुकाबलों में जबरदस्त गेंदबाजी की और विरोधी बल्लेबाजों के लिए परेशानी का सबब बने रहे। उन्होंने 14 मैचों में 21 विकेट अपने नाम किए। उन्होंने ये विकेट 25.23 की औसत और 10.52 की इकॉनमी रेट से रन खर्च कर हासिल किए। हालांकि, अब उनकी टीम टूर्नामेंट से एलिमिनेट हो चुकी है तो राशिद खान के पास पर्पल कैप (Purple Cap) की रेस में कंबोज को पीछे छोड़ने का मौका रहेगा, क्योंकि उनकी टीम GT को अभी क्वालीफायर 2 खेलना है।
3. जोफ्रा आर्चर (21 विकेट)
आईपीएल 2026 में पर्पल कैप (Purple Cap) जीतने की रेस में शामिल गेंदबाजों में जोफ्रा आर्चर का नाम भी शामिल है। पिछले कुछ सीजन में आर्चर अपनी सर्वश्रेष्ठ लय में नहीं नजर आ रहे थे लेकिन इस बार उन्होंने अपनी गेंदबाजी से कहर बरपाने का काम किया है। राजस्थान रॉयल्स के लिए 14 मैचों में आर्चर ने 21.71 की औसत से 21 विकेट झटके हैं। वहीं, उनका इकॉनमी रेट 8.76 का है। सनराइजर्स हैदराबाद के खिलाफ एलिमिनेटर में आर्चर के पास अपनी विकेटों की संख्या में इजाफा करने का मौका रहेगा।
2. कगिसो रबाडा (26 विकेट)
गुजरात टाइटंस के तेज गेंदबाज कगिसो रबाडा IPL 2026 में पर्पल कैप रेस जीतने की रेस में दूसरे नंबर है पर है। रबाडा ने क्वालीफायर 1 में दो विकेट झटके और सीजन में कुल विकेटों की संख्या 15 मैचों में 26 कर ली। उन्होंने ये विकेट 21.03 की औसत से लिए हैं। वहीं, उनका इकॉनमी रेट 9.48 का है।
1. भुवनेश्वर कुमार (26 विकेट)
पर्पल कैप (Purple Cap) की रेस में पहले स्थान पर काबिज रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु के तेज गेंदबाज भुवनेश्वर कुमार के भी 15 मैचों में विकेटों की संख्या 26 है। रबाडा बेंगलुरु की पारी में दो शिकार के साथ उनसे आगे निकल गए थे लेकिन फिर भुवी ने गुजरात की पारी में दो विकेट लेकर उनकी बराबरी कर ली। हालांकि, भुवनेश्वर का इकॉनमी रेट 8 का है, जो रबाडा से बेहतर है। इसी वजह से वे पहले स्थान पर हैं।