Team India : इंडियन प्रीमियर लीग 2026 के समाप्त होने के बाद भारतीय टीम (Team India) को अफगानिस्तान के खिलाफ एकमात्र टेस्ट मैच खेलना है। यह मुकाबला 6 से 10 जून के बीच न्यू चंडीगढ़ के मुल्लांपुर स्टेडियम में आयोजित किया जाएगा। हालांकि यह टेस्ट मैच आईसीसी विश्व टेस्ट चैंपियनशिप 2025-27 का हिस्सा नहीं है, लेकिन इसके बावजूद भारतीय टीम के लिए यह मुकाबला बेहद अहम माना जा रहा है।
चयन समिति इस मैच को आगामी टेस्ट सीरीज की तैयारियों के रूप में देख रही है और इसी कारण लगभग सभी सीनियर खिलाड़ियों की उपलब्धता ने टीम मैनेजमेंट को बड़ी राहत दी है। इस मैच के लिए भारतीय टीम का 15 सदस्यीय स्क्वॉड सामने आ चुका है, जिसमें शुभमन गिल को कप्तान और ऋषभ पंत को उपकप्तान बनाया जा सकता है।
गिल होंगे Team India के कप्तान, पंत को मिल सकती है उपकप्तानी
अफगानिस्तान के खिलाफ खेले जाने वाले एकमात्र टेस्ट मैच में शुभमन गिल भारतीय टीम (Team India) की कप्तानी करते नजर आ सकते हैं। इंग्लैंड दौरे पर शानदार प्रदर्शन और बेहतरीन नेतृत्व के बाद टीम मैनेजमेंट का भरोसा गिल पर और मजबूत हुआ है। वहीं विकेटकीपर बल्लेबाज ऋषभ पंत को उपकप्तानी की जिम्मेदारी मिल सकती है।
पंत पिछले कुछ समय से टेस्ट क्रिकेट में भारत के सबसे अहम खिलाड़ियों में शामिल रहे हैं और उनकी अनुभव का फायदा टीम को लगातार मिल रहा है। चयनकर्ता आगामी टेस्ट सीरीज को ध्यान में रखते हुए युवा नेतृत्व तैयार करने की दिशा में काम कर रहे हैं।
बल्लेबाजी विभाग में बड़े बदलाव की संभावना नहीं
रिपोर्ट्स के अनुसार भारतीय टीम (Team India) के प्रमुख बल्लेबाज पूरी तरह फिट हैं और मेडिकल टीम की ओर से किसी भी खिलाड़ी को आराम देने की सलाह नहीं दी गई है। ऐसे में केएल राहुल, यशस्वी जायसवाल, ध्रुव जुरेल और रवींद्र जडेजा जैसे अनुभवी खिलाड़ी इस मुकाबले में खेलते नजर आ सकते हैं।
आईपीएल के लंबे सीजन के बाद यह उम्मीद की जा रही थी कि कुछ खिलाड़ियों को आराम दिया जाएगा, लेकिन टीम मैनेजमेंट फिलहाल मजबूत संयोजन के साथ मैदान पर उतरना चाहता है। खासतौर पर टेस्ट क्रिकेट में निरंतरता बनाए रखने के लिए बल्लेबाजी क्रम में अधिक प्रयोग देखने को नहीं मिल सकते हैं।
नंबर तीन की पहेली अब भी बरकरार
चेतेश्वर पुजारा के संन्यास के बाद भारतीय टीम लगातार नंबर तीन के बल्लेबाज की तलाश में जुटी हुई है। पहले यह जिम्मेदारी शुभमन गिल संभालते थे, लेकिन विराट कोहली के टेस्ट क्रिकेट से संन्यास लेने के बाद गिल को चौथे नंबर पर भेज दिया गया। इंग्लैंड दौरे पर चौथे नंबर पर बल्लेबाजी करते हुए उन्होंने शानदार प्रदर्शन भी किया था। ऐसे में अब चयनकर्ता नंबर तीन के लिए नए विकल्पों पर विचार कर रहे हैं।
रिपोर्ट्स के मुताबिक साईं सुदर्शन, वाशिंगटन सुंदर और देवदत्त पडिक्कल इस रेस में शामिल हैं। हालांकि लाल गेंद के क्रिकेट में अभी तक इन खिलाड़ियों को लगातार मौके नहीं मिले हैं। घरेलू क्रिकेट में शानदार प्रदर्शन करने वाले देवदत्त पडिक्कल फिलहाल इस दौड़ में सबसे आगे नजर आ रहे हैं। रणजी ट्रॉफी और अन्य घरेलू टूर्नामेंटों में उनके बल्ले से लगातार रन निकले हैं, जिसके कारण चयनकर्ता उन्हें बड़ा मौका दे सकते हैं।
गेंदबाजी आक्रमण में दिख सकते हैं नए चेहरे
भारतीय चयनकर्ता तेज गेंदबाजों के वर्कलोड को लेकर काफी सतर्क नजर आ रहे हैं। जून की गर्मी और लगातार क्रिकेट को देखते हुए जसप्रीत बुमराह को इस मुकाबले से आराम दिया जा सकता है। वहीं मोहम्मद सिराज और प्रसिद्ध कृष्णा की फिटनेस और उपलब्धता को लेकर अंतिम फैसला जल्द लिया जाएगा। टीम मैनेजमेंट आगामी बड़ी टेस्ट सीरीज को ध्यान में रखते हुए युवा खिलाड़ियों को मौका देने के मूड में दिखाई दे रहा है।
युवा तेज गेंदबाज अंशुल कंबोज का नाम लगातार चर्चा में बना हुआ है। घरेलू क्रिकेट में उनके प्रदर्शन ने चयनकर्ताओं को काफी प्रभावित किया है। इसके अलावा मोहम्मद शमी की वापसी भी भारतीय गेंदबाजी को मजबूती दे सकती है। स्पिन विभाग में कुलदीप यादव, रवींद्र जडेजा और वाशिंगटन सुंदर जैसे खिलाड़ी टीम के लिए अहम भूमिका निभा सकते हैं।
अफगानिस्तान के खिलाफ टीम इंडिया का संभावित स्क्वाड :
केएल राहुल, यशस्वी जायसवाल, देवदत्त पडिक्कल, शुभमन गिल (कप्तान), ऋषभ पंत (उप कप्तान/विकेटकीपर), ध्रुव जुरेल (विकेटकीपर), रवींद्र जडेजा, वाशिंगटन सुंदर, साईं सुदर्शन, मोहम्मद सिराज, प्रसिद्ध कृष्णा, कुलदीप यादव, अंशुल कंबोज, मोहम्मद शमी, नीतीश कुमार रेड्डी।
ये भी पढ़े : IPL 2026 में सिर्फ ‘वन मैच वंडर’ साबित हुए ये 4 खिलाड़ी, एक मैच के बाद हर मुकाबले में हुए फ्लॉप