Team India : भारतीय क्रिकेट कंट्रोल बोर्ड (BCCI) ने श्रीलंका में होने वाली ट्राई सीरीज के लिए इंडिया-ए टीम में बड़ा बदलाव किया है। बोर्ड ने गुरुवार (21 मई) को आधिकारिक तौर पर इस बदलाव की जानकारी दी। आईपीएल 2026 में शानदार प्रदर्शन करने वाले कोलकाता नाइट राइडर्स (KKR) के स्टार ऑलराउंडर अनुकूल रॉय को इंडिया-ए (Team India) स्क्वॉड में शामिल किया गया है।
यह मौका उनके लिए काफी अहम माना जा रहा है, क्योंकि घरेलू क्रिकेट और आईपीएल में लगातार अच्छे प्रदर्शन के बाद अब उनके पास भारतीय टीम के दरवाजे पर मजबूत दस्तक देने का अवसर होगा। अनुकूल एक ऐसे खिलाड़ी हैं जो गेंद और बल्ले दोनों से योगदान देने की क्षमता रखते हैं।
ऐसे में ट्राई सीरीज उनके करियर के लिए एक बड़ा मंच साबित हो सकती है। दूसरी तरफ बीसीसीआई के इस फैसले ने यह भी साफ कर दिया है कि चयनकर्ता युवा खिलाड़ियों को लगातार अवसर देने के पक्ष में हैं।
हर्ष दुबे की जगह टीम में शामिल हुए अनुकूल रॉय

बीसीसीआई द्वारा जारी बयान में बताया गया कि स्पिन बॉलिंग ऑलराउंडर हर्ष दुबे को इंडिया-ए टीम से बाहर कर दिया गया है। हालांकि, यह बाहर होना किसी खराब प्रदर्शन की वजह से नहीं, बल्कि प्रमोशन की तरह देखा जा रहा है। दरअसल हर्ष दुबे का चयन अफगानिस्तान के खिलाफ होने वाले इकलौते टेस्ट और वनडे सीरीज के लिए भारतीय सीनियर टीम में हुआ है।
इसी वजह से उनकी जगह अनुकूल रॉय को स्क्वॉड में शामिल किया गया है। दोनों सीरीज के कार्यक्रम एक-दूसरे से टकरा रहे हैं, जिसके कारण कोई भी खिलाड़ी सिर्फ एक टीम का हिस्सा बन सकता है। ऐसे में अनुकूल के लिए यह अवसर अचानक आया है, लेकिन वह इसका फायदा उठाने के लिए पूरी तरह तैयार नजर आ रहे हैं।
🚨 News🚨
Anukul Roy added to India A squad for the upcoming tri-series in Sri Lanka.
He replaces Harsh Dubey, who has received his maiden call-up to #TeamIndia‘s Test and ODI squads.
More Details 🔽https://t.co/NJ7a2YRcRs
— BCCI (@BCCI) May 21, 2026
आईपीएल 2026 में अनुकूल रॉय का प्रदर्शन
इस सीजन अनुकूल रॉय केकेआर के लिए उपयोगी खिलाड़ी साबित हुए हैं। उन्होंने आईपीएल 2026 में अब तक 13 मुकाबले खेले हैं और अपनी गेंदबाजी से टीम को महत्वपूर्ण सफलताएं दिलाई हैं। इस दौरान उन्होंने 11 पारियों में गेंदबाजी करते हुए 8 विकेट हासिल किए हैं।
उनका सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन 2 विकेट पर 31 रन रहा है। गेंदबाजी के अलावा उन्होंने बल्ले से भी योगदान दिया है। छह पारियों में उन्होंने 43 रन बनाए हैं, जिसमें उनका सर्वोच्च स्कोर नाबाद 29 रन रहा है। भले ही उनके आंकड़े बहुत बड़े दिखाई नहीं देते हों, लेकिन मुश्किल परिस्थितियों में टीम के लिए योगदान देना उनकी सबसे बड़ी ताकत रही है।
तिलक वर्मा को कप्तानी, युवा खिलाड़ियों को मिला मौका
श्रीलंका में होने वाली इस ट्राई सीरीज के लिए इंडिया-ए टीम की कमान तिलक वर्मा को सौंपी गई है। वहीं रियान पराग को टीम का उपकप्तान बनाया गया है। इस स्क्वॉड में कई युवा खिलाड़ियों को भी जगह मिली है, जिन पर सभी की नजरें रहने वाली हैं।
सिर्फ 15 वर्षीय वैभव सूर्यवंशी को टीम में शामिल किया गया है, जो अपनी प्रतिभा के कारण लगातार चर्चा में बने हुए हैं। इसके अलावा प्रियांश आर्या, प्रभसिमरन सिंह, आयुष बदोनी, सूर्यांश शेडगे और विपराज निगम जैसे खिलाड़ियों को भी टीम में मौका दिया गया है। आईपीएल में इन खिलाड़ियों ने अपने प्रदर्शन से चयनकर्ताओं को प्रभावित किया है।
दांबुला में खेली जाएगी ट्राई सीरीज
इस त्रिकोणीय सीरीज में भारत-ए (Team India) के अलावा श्रीलंका-ए और अफगानिस्तान-ए की टीमें हिस्सा लेंगी। टूर्नामेंट का आगाज 9 जून से होगा, जबकि फाइनल मुकाबला 21 जून को खेला जाएगा। सीरीज के सभी मैच श्रीलंका के दांबुला में आयोजित किए जाएंगे और सभी मुकाबले वनडे फॉर्मेट में होंगे।
गेंदबाजी विभाग में अंशुल कंबोज, अरशद खान, यश ठाकुर और युद्धवीर सिंह जैसे खिलाड़ियों को भी शामिल किया गया है। ऐसे में यह टूर्नामेंट कई युवा खिलाड़ियों के लिए खुद को साबित करने और भविष्य में भारतीय सीनियर टीम में जगह बनाने का महत्वपूर्ण मंच बनने वाला है।
ट्राई सीरीज के लिए Team India का अपडेटेड स्क्वॉड
तिलक वर्मा (कप्तान), प्रियांश आर्य, वैभव सूर्यवंशी, रियान पराग (उप-कप्तान), आयुष बडोनी, निशांत सिंधु, सूर्यांश शेडगे, प्रभसिमरन सिंह (विकेटकीपर), कुमार कुशाग्र (विकेटकीपर), विप्रज निगम, यश ठाकुर, युद्धवीर सिंह, अंशुल कंबोज, अरशद खान, अनुकूल रॉय.
ट्रॉई सीरीज का शेड्यूल
| तारीख | मुकाबला | स्थान |
|---|---|---|
| 09 जून | इंडिया-ए बनाम श्रीलंका-ए | रंगिरी दांबुला इंटरनेशनल स्टेडियम, दांबुला |
| 11 जून | इंडिया-ए बनाम अफगानिस्तान-ए | रंगिरी दांबुला इंटरनेशनल स्टेडियम, दांबुला |
| 13 जून | अफगानिस्तान-ए बनाम श्रीलंका-ए | रंगिरी दांबुला इंटरनेशनल स्टेडियम, दांबुला |
| 15 जून | इंडिया-ए बनाम श्रीलंका-ए | रंगिरी दांबुला इंटरनेशनल स्टेडियम, दांबुला |
| 17 जून | इंडिया-ए बनाम अफगानिस्तान-ए | रंगिरी दांबुला इंटरनेशनल स्टेडियम, दांबुला |
| 19 जून | अफगानिस्तान-ए बनाम श्रीलंका-ए | रंगिरी दांबुला इंटरनेशनल स्टेडियम, दांबुला |
| 21 जून | फाइनल | रंगिरी दांबुला इंटरनेशनल स्टेडियम, दांबुला |
ये भी पढ़े : नंबर 1 के लिए होगी SRH vs RCB में तगड़ी जंग, फ्री में मोबाइल-TV पर ऐसे देखें लाइव मैच