Axar Patel Statement After SRH vs DC Match: आईपीएल 2026 में दिल्ली कैपिटल्स की टीम अपनी लय खो चुकी है और उसे अपने पिछले चार मैचों में तीन हार का सामना करना पड़ा है। 21 अप्रैल को सनराइजर्स हैदराबाद के खिलाफ दिल्ली को शिकस्त झेलनी पड़ी और उसने 47 रनों से मुकाबला गंवा दिया। हैदराबाद की टीम ने पहले बल्लेबाजी करते हुए 242/2 का स्कोर बनायाम, जिसके जवाब में डीसी 9 विकेट खोकर 199 रन ही बना पाई।
दोनों टीमों के बीच सबसे बड़ा अंतर अभिषेक शर्मा रहे, जिन्होंने 68 गेंदों में 135 रनों की नाबाद पारी खेली, जिसमें 10 चौके और 10 छक्के शामिल रहे। हालांकि, अभिषेक ने इतनी बड़ी पारी केएल राहुल और नितीश राणा के हाथों मिले जीवनदान के कारण खेली। राहुल के पास अभिषेक को उस समय रन आउट करने का मौका था, जब वो अपनी फिफ्टी के लिए दो रन भागे थे। वहीं, 86 के निजी स्कोर पर अभिषेक को राणा के हाथों जीवनदान मिला। इसको लेकर कप्तान अक्षर पटेल (Axar Patel) खफा दिखे।
खराब फील्डिंग को लेकर अक्षर पटेल (Axar Patel) ने जताई निराशा

सनराइजर्स हैदराबाद के हाथों मिली हार के बाद, अक्षर पटेल (Axar Patel) ने भी माना कि अगर अभिषेक शर्मा का रन आउट या फिर कैच हो जाता तो शायद चीजें बदल सकती थीं। इसके अलावा उन्होंने गेंदबाजों का बचाव किया और कहा कि प्लानिंग के हिसाब से गेंदबाजी के बावजूद अगर बल्लेबाज अच्छा करता है तो फिर उसकी तारीफ बनती है। हालांकि, हम फील्डिंग से गेंदबाजों का समर्थन करने के मामले में बेहतर हो सकते हैं।
SRH vs DC पोस्ट मैच प्रेजेंटेशन सेरेमनी में अक्षर पटेल (Axar Patel) ने कहा,
“हमने अभिषेक का रन-आउट और कैच का मौका गंवाया । अगर हम इन मौकों को भुना लेते तो उसे रोक सकते थे। हां, अगर कोई इतनी अच्छी बल्लेबाजी करता है और +रणनीति में कोई कमी नहीं है, तो ऐसे प्रदर्शन के लिए तारीफ मिलनी चाहिए। दूसरी तरफ से क्लासेन की बल्लेबाजी को देखते हुए, इसमें गेंदबाज की कोई गलती नहीं है। जब कोई बल्लेबाज इस तरह बल्लेबाजी करता है, तो कोच और कप्तान को यह मानना होगा कि कप्तान भी उसे रोक नहीं सकता। मैं गेंदबाजों से भी यही कह रहा था कि अगर आपने अच्छी रणनीति अपनाई और उसके बाद भी उसने अच्छा शॉट मारा, तो आप कुछ नहीं कर सकते। आपको आगे बढ़ना होगा। फील्डिंग आपके हाथ में है। कैच और रन आउट, ये आप कर सकते हैं। और आप जानते हैं, ऐसे समय में गेंदबाज का साथ देना बहुत जरूरी होता है। इसलिए मुझे लगता है कि हम इसमें बेहतर कर सकते थे।”
टीम में बदलाव की संभावना से अक्षर पटेल (Axar Patel) ने किया इनकार
दिल्ली कैपिटल्स की बल्लेबाजी को लेकर काफी सवाल उठ रहे हैं और काफी सारे सुझाव भी आ रहे हैं। ओपनर पथुम निसांका मौकों को भुना नहीं पाए हैं, ऐसे में उनकी जगह पृथ्वी शॉ या फिर अभिषेक पोरेल को खिलाने की मांग की जा रही है। वहीं, नई गेंद से विकेट के लिए दुष्मंता चमीरा को खिलाने की मांग भी की जा रही है। हालांकि, अक्षर पटेल (Axar Patel) को नहीं लगता है कि उन्हें बदलाव की जरूरत है। उन्होंने कहा,
“नहीं, अभी तो ऐसा नहीं लग रहा है, क्योंकि जिस तरह का क्रिकेट चल रहा है – अगर आप देखें तो, जाहिर है हम बल्लेबाजी और गेंदबाजी दोनों में अच्छा प्रदर्शन कर रहे हैं। मुझे लगता है, जब विकेट इतना अच्छा हो तो इसे खराब दिन मानकर भुला देना चाहिए।”