CSK vs GT Live Details: आईपीएल 2026 के मैच नंबर 37 में दो युवा कप्तानों द्वारा लीड की जा रही टीमों की टक्कर देखने को मिलेगी। एक तरफ रुतुराज गायकवाड़ की चेन्नई सुपर किंग्स होगी, दूसरी तरफ शुभमन गिल की गुजरात टाइटंस। दोनों ही टीमें मौजूदा सीजन में लगातार जीत दर्ज करने में असफल रही हैं और हार ज्यादा झेली हैं। इसके बावजूद एक रोमांचक मुकाबले की उम्मीद की जा रही है, क्योंकि दोनों ही टीमें लगभग बराबरी की हैं।
चेन्नई सुपर किंग्स और गुजरात टाइटंस के बीच मुकाबला चेन्नई के ग्राउंड में खेला जाना है। इसमें एमएस धोनी के खेलने की भी संभावना जताई जा रही है, इसी वजह से CSK vs GT मैच को लेकर काफी ज्यादा उत्साह है। हालांकि, धोनी खेलेंगे या नहीं, ये तो टॉस के समय ही पता लग पाएगा लेकिन अगर वह खेलते हैं तो फिर व्यूअरशिप के रिकॉर्ड टूट सकते हैं। खैर इस लेख में हम आपको मैच को देखने के लिए मोबाइल ऐप से लेकर TV चैनल तक, सभी की जानकारी देने जा रहे हैं।
CSK vs GT मैच टाइमिंग और वेन्यू की जानकारी

चेन्नई सुपर किंग्स और गुजरात टाइटंस के बीच IPL 2026 का 37वां मैच रविवार, 26 अप्रैल को खेला जाएगा। इस मुकाबला का वेन्यू चेन्नई का एमए चिदंबरम स्टेडियम है, जिसे चेपॉक स्टेडियम के नाम से भी जाना जाता है। हालांकि, इस मैच को मैदान में देखने की चाहत रखने वाले फैंस को कड़ी धूप झेलनी पड़ सकती है, क्योंकि CSK vs GT मैच दिन में खेला जाएगा। मुकाबले की शुरुआत दोपहर 3:30 बजे से होगी। वहीं, टॉस आधे घंटे पहले यानी दोपहर 3 बजे होगा।
IPL 2026 में CSK और GT का प्रदर्शन
चेन्नई सुपर किंग्स 7 मैचों में 3 जीत और 4 हार के साथ 6 अंक लेकर पॉइंट्स टेबल में पांचवें स्थान पर मौजूद है। इस सीजन CSK का प्रदर्शन उतना प्रभावशाली नहीं रहा लेकिन पिछले मैच में जिस तरह से मुंबई इंडियंस को वानखेड़े स्टेडियम में 103 रनों के बड़े अंतर से हराया, उससे काफी ज्यादा कॉन्फिडेंस बढ़ा हुआ होगा। इसी का फायदा उठाकर चेन्नई की टीम घरेलू मैदान पर गुजरात टाइटंस को पटखनी देना चाहेगी।
दूसरी तरफ, गुजरात टाइटंस का हाल भी ज्यादा अच्छा नहीं है और 7 मैचों में सिर्फ 3 ही जीत मिली हैं। अंक तालिका में GT 6 अंक के साथ सातवें स्थान पर है। गुजरात को अपने पिछले मैच में रॉयल चैलेंजेज बेंगलुरु के हाथों चिन्नास्वामी स्टेडियम में खेले गए मैच में 5 विकेट से हार का सामना करना पड़ा। गुजरात का मिडिल ऑर्डर उम्मीद के मुताबिक योगदान नहीं दे पा रहा है। वहीं, प्रसिद्ध कृष्णा की फॉर्म भी चिंता का विषय है, जो शुरूआती मुकाबलों में अच्छा करने के बाद, अब महंगे साबित हो रहे हैं। ऐसे में अपनी कमियों को दूर कर गुजरात की नजर चेन्नई का किला भेदने पर होगी।
CSK vs GT मैच मोबाइल पर कैसे देखें
चेन्नई सुपर किंग्स और गुजरात टाइटंस के बीच मुकाबले को मोबाइल पर देखने के लिए ज्यादा परेशान होने की जरूरत नहीं है। बस आपको गूगल प्लेस्टोर से जियोहॉटस्टार का ऐप डाउनलोड करना है और फिर अपने मोबाइल नंबर की मदद से लॉगिन करना है। लॉगिन करने के बाद, आपको कुछ मंथली प्लान दिखेंगे, जिसमें से कोई एक आप अपनी सहूलियत के हिसाब से सब्सक्राइब कर सकते हैं। इसके बाद, आप मुकाबले के पोस्टर पर क्लिक करें और स्ट्रीमिंग चालू हो जाएगी। इसके अलावा आप जियोहॉटस्टार की वेबसाइट पर भी मैच देख सकते हैं। हालांकि, इसके लिए भी सब्सक्रिप्शन होना जरूरी है।
CSK vs GT मैच टीवी पर किस चैनल पर देखें
जो लोग CSK vs GT मैच का लुत्फ़ बड़ी स्क्रीन यानी टीवी पर अकेले या परिवार के साथ उठाना चाहते हैं, वो स्टार स्पोर्ट्स नेटवर्क के चैनल पर देख सकते हैं। स्टार स्पोर्ट्स हिंदी, अंग्रेजी, भोजपुरी समेत कई क्षेत्रीय भाषाओं में कमेंटरी के साथ मुकाबले का प्रसारण करेगा। ऐसे में अपनी पसंदीदा भाषा के साथ मैच देखने का मज़ा दोगुना हो जाएगा।