ICC Annual T20I Team Rankings: हाल ही में ICC ने सालाना टेस्ट टीम रैंकिंग का अपडेट जारी किया था, जिसमें टीम इंडिया पहले स्थान पर नहीं थी और उसे तीसरे स्थान से संतोष करना पड़ा था। अब मंगलवार, 5 मई को आईसीसी ने एनुअल टी20 टीम रैंकिंग का अपडेट जारी किया है और एक बार फिर से भारतीय टीम का दबदबा देखने को मिला है। भारत ने लगातार दूसरी बार पहला स्थान कायम रखा है। इससे पता चलता है कि उसका प्रदर्शन कितना शानदार रहा है।
टी20 टीमों की सालाना रैंकिंग में मई 2025 के बाद खेले गए सभी मैचों को 100 प्रतिशत और पिछले दो वर्षों के मैचों को 50 प्रतिशत रेटिंग दी गई है। इसी आधार पर टीमों को रैंकिंग में फायदा-नुकसान हुआ है।
ICC सालाना टी20 टीम रैंकिंग में टॉप पर भारत

भारत ने साल 2024 में ICC टी20 वर्ल्ड कप खिताब अपने नाम किया था। उसके बाद से इस फॉर्मेट में टीम इंडिया का काफी ज्यादा दबदबा देखने को मिला है और सभी टीमों को द्विपक्षीय सीरीज में मात दी। वहीं, हाल ही में खेले गए टी20 वर्ल्ड कप 2026 में भी सूर्यकुमार यादव की कप्तानी में भारत ने जबरदस्त प्रदर्शन किया और टाइटल को सफलतापूर्वक डिफेंड करने वाली पहली टीम बन गई। लगातार अच्छे प्रदर्शन के कारण भारत ने ICC सालाना टी20 रैंकिंग में पहला स्थान कायम रखा है। उसकी रेटिंग 275 है।
भारत के बाद, ICC टी20 टीम रैंकिंग में दूसरे स्थान पर इंग्लैंड की टीम मौजूद है, जिसकी रेटिंग 262 है। वहीं, तीसरे स्थान पर 258 रेटिंग के साथ ऑस्ट्रेलिया है। पिछले साल के तुलना में भारत की इंग्लैंड से रेटिंग में बढ़त 1 पॉइंट कम हुई है।
ICC टी20 टीम रैंकिंग के टॉप 7 में नहीं हुआ कोई बदलाव, श्रीलंका को लगा झटका
टीम रैंकिंग में शीर्ष सात स्थानों में में कोई भी बदलाव नहीं हुआ है। चौथे स्थान पर न्यूजीलैंड (247 अंक) मौजूद है। वहीं, पांचवें स्थान पर दक्षिण अफ्रीका (244 अंक) का कब्ज़ा है। इसके बाद, पाकिस्तान (240) और वेस्टइंडीज (233) क्रमशः छठे और सातवें स्थान पर हैं।
हालांकि, श्रीलंका (221) को रेटिंग पॉइंट्स में छह अंकों की गिरावट के कारण झटका लगा है और टीम नौवें स्थान पर खिसक गई है, जबकि बांग्लादेश (225 अंक) एक अंक की बढ़त हासिल कर आठवें स्थान पर पहुंच गया है। अफगानिस्तान 220 अंकों के साथ श्रीलंका से सिर्फ एक अंक पीछे 10वें स्थान पर है, जबकि जिम्बाब्वे (202 रेटिंग) और आयरलैंड (199 रेटिंग) क्रमशः 11वें और 12वें स्थान पर बने हुए हैं।
टॉप 12 के बाद, ICC एनुअल टी20 रैंकिंग में ऐसा है टीमों का हाल
अमेरिका ने छह अंक हासिल करके दो पायदान ऊपर छलांग लगाई है और 183 रेटिंग के साथ 13वें स्थान पर पहुंच गया है। उसने नीदरलैंड (180) और स्कॉटलैंड (179) को पीछे छोड़ दिया है, जो क्रमशः 14वें और 15वें स्थान पर हैं। नामीबिया 16वें स्थान पर अपरिवर्तित रहा, जबकि नेपाल (17वें) और ओमान (19वें) ने एक-एक पायदान ऊपर चढ़कर संयुक्त अरब अमीरात (18वें) और कनाडा (20वें) को पीछे छोड़ दिया।
टी20 वर्ल्ड कप में पहली बार खेलने वाली इटली ने 11 अंक हासिल किए और तीन पायदान ऊपर चढ़कर 26वें स्थान से 23वें स्थान पर पहुंच गई। टीम ने टी20 वर्ल्ड कप में अपने पहले ही मैच में शानदार जीत दर्ज करते हुए नेपाल को 10 विकेट से हराया।
ICC रैंकिंग में टीमों की संख्या हुई 100 से कम
इस वार्षिक अपडेट के साथ-साथ ICC ने यह भी बताया कि रैंकिंग में शामिल टीमों की संख्या कम हो गई है। पिछली बार 104 टीमें थीं लेकिन इस बार 98 ही हैं। फिजी, गाम्बिया, ग्रीस और इज़राइल को अपडेट में शामिल नहीं किया गया है। इन चारों ही टीमों ने पिछले तीन वर्षों में रैंकिंग अपडेट में शामिल होने के लिए आवश्यक आठ टी20 अंतरराष्ट्रीय मैच नहीं खेले।
FAQs
ICC T20I टीम रैंकिंग में भारत की रेटिंग कितनी है?
यह भी पढ़ें: Sunil Gavaskar ने खोला राज! क्यों फ्लॉप हो रहे Jasprit Bumrah? एक्सपर्ट ने किया खुलासा