IPL 2026 Final Viral Video : 18 साल के लंबे इंतजार के बाद पहली बार IPL ट्रॉफी जीतने वाली रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु (RCB) ने IPL 2026 में लगातार दूसरा खिताब अपने नाम कर इतिहास रच दिया। अहमदाबाद के नरेंद्र मोदी स्टेडियम में गुजरात टाइटंस को पांच विकेट से हराने के बाद RCB खिलाड़ियों का जश्न देखने लायक था।
जैसे ही कप्तान रजत पाटीदार ने ट्रॉफी उठाई, पूरा स्टेडियम “RCB-RCB” और “ई साला कप नामदु” के नारों से गूंज उठा। खिलाड़ी ट्रॉफी को चूमते और गले लगाते नजर आए, जबकि लंबे समय से इस पल का इंतजार कर रहे विराट कोहली की आंखों में खुशी के आंसू साफ दिखाई दिए। जीत के बाद मैदान पर जश्न, भावनाएं और ऐतिहासिक लम्हों का ऐसा संगम देखने को मिला, जिसे RCB फैंस शायद कभी नहीं भूल पाएंगे।
रजत पाटीदार ने ट्रॉफी उठाई, फिर शुरू हुआ RCB का ग्रैंड सेलिब्रेशन
अवार्ड सेरेमनी में कप्तान रजत पाटीदार ने ट्रॉफी हासिल की और परंपरा के अनुसार उसे झूमते हुए अपनी टीम के पास लेकर पहुंचे। ट्रॉफी खिलाड़ियों के बीच पहुंचते ही पूरा RCB कैंप खुशी से झूम उठा। सभी खिलाड़ियों ने ट्रॉफी को चूमा, गले लगाया और एक-दूसरे के साथ इस यादगार जीत का जश्न मनाया। मैदान पर मौजूद हर खिलाड़ी के चेहरे पर खुशी साफ दिखाई दे रही थी। सेलिब्रेशन के आखिर में पाटीदार ने कैमरे पर अपने हस्ताक्षर भी किए, जिसके साथ RCB के ऐतिहासिक जश्न का शानदार समापन हुआ। ट्रॉफी लिफ्ट और टीम सेलिब्रेशन के वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहे हैं।
𝗧𝗵𝗲 𝗖𝗿𝗼𝘄𝗻𝗶𝗻𝗴 𝗠𝗼𝗺𝗲𝗻𝘁 🏆
BCCI President Mr. Mithun Manhas (@MithunManhas) & BCCI Hon. Secretary Mr. Devajit Saikia (@lonsaikia) present the coveted #TATAIPL 2026 Trophy to captain Rajat Patidar as @RCBTweets claim their second consecutive title 👏#Final |… pic.twitter.com/Hwl0NjJ6Hn
— IndianPremierLeague (@IPL) May 31, 2026
गुजरात टाइटंस की बल्लेबाजी रही फ्लॉप, सुंदर ने बचाई लाज
आईपीएल 2026 फाइनल में पहले बल्लेबाजी करते हुए गुजरात टाइटंस की शुरुआत बेहद खराब रही। साई सुदर्शन (12) और शुभमन गिल (10) सस्ते में आउट हो गए। इसके बाद भी कोई बल्लेबाज बड़ी पारी नहीं खेल सका और टीम लगातार विकेट गंवाती रही।
हालांकि, वॉशिंगटन सुंदर ने शानदार बल्लेबाजी करते हुए 37 गेंदों में नाबाद 50 रन बनाए और टीम को 20 ओवर में 155/8 के सम्मानजनक स्कोर तक पहुंचाया। आरसीबी की ओर से रशिख सलाम डार ने 3 विकेट लिए, जबकि भुवनेश्वर कुमार और जोश हेज़लवुड ने 2-2 विकेट झटके।
विराट कोहली की शानदार पारी से आरसीबी बनी चैंपियन
156 रनों के लक्ष्य का पीछा करते हुए आरसीबी को विराट कोहली और वेंकटेश अय्यर ने तेज शुरुआत दिलाई। वेंकटेश ने 16 गेंदों में 32 रन बनाए, जबकि विराट ने एक छोर संभाले रखा। मध्यक्रम के कुछ विकेट जल्दी गिरने के बावजूद आरसीबी मैच में बनी रही।
विराट कोहली ने 42 गेंदों में नाबाद 75 रन की मैच जिताऊ पारी खेली, जबकि टिम डेविड ने 24 रन का योगदान दिया। उनकी बदौलत आरसीबी ने 18 ओवर में 161/5 का स्कोर बनाकर 5 विकेट से जीत हासिल की और लगातार दूसरी बार आईपीएल खिताब अपने नाम कर लिया। गुजरात की ओर से राशिद खान ने 2 विकेट लिए।