IPL 2026 Final : आईपीएल 2026 के फाइनल (IPL 2026 Final) में अहमदाबाद के नरेंद्र मोदी स्टेडियम में रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु (RCB) और गुजरात टाइटंस (GT) के बीच खेले गए मुकाबले में आरसीबी ने गुजरात टाइटंस को पांच विकेट से हराकर लगातार दूसरा आईपीएल खिताब अपने नाम किया।
टॉस जीतकर आरसीबी के कप्तान रजत पाटीदार ने पहले गेंदबाजी करने का फैसला किया। पहले बल्लेबाजी करने उतरी गुजरात टाइटंस की टीम ने निर्धारित 20 ओवर में 8 विकेट के नुकसान पर 155 रन बनाए। टीम की ओर से वॉशिंगटन सुंदर ने 37 गेंदों पर 50 रनों की महत्वपूर्ण पारी खेली।
156 रनों के लक्ष्य का पीछा करने उतरी आरसीबी को विराट कोहली की 42 गेंदों पर नाबाद 75 रनों की शानदार अर्धशतकीय पारी का भरपूर फायदा मिला। उनकी बेहतरीन बल्लेबाजी की बदौलत आरसीबी ने 12 गेंद शेष रहते लक्ष्य हासिल कर लिया और लगातार दूसरा खिताब अपने नाम कर लिया।
गुजरात टाइटंस की शुरुआत खराब, बल्लेबाज नहीं खेल सके बड़ी पारी
आईपीएल 2026 के फाइनल में टॉस हारकर पहले बल्लेबाजी करने उतरी गुजरात टाइटंस की शुरुआत उम्मीद के मुताबिक नहीं रही। साई सुदर्शन ने 12 रन और कप्तान शुभमन गिल ने 10 रन बनाकर आउट हो गए, जिसके बाद टीम दबाव में आ गई। शुरुआती झटकों के बाद निशांत सिंधु ने 18 गेंदों पर 20 रन बनाकर पारी को संभालने की कोशिश की, जबकि जोस बटलर 23 गेंदों पर 19 रन ही बना सके।
मध्य ओवरों में गुजरात को तेज रन बनाने में परेशानी हुई और लगातार विकेट गिरने से टीम बड़ी साझेदारी नहीं बना सकी। हालांकि अर्शद खान ने सिर्फ 6 गेंदों में 15 रन की तेज पारी खेलकर रन गति बढ़ाने की कोशिश की। राहुल तेवतिया (7 रन), जेसन होल्डर (7 रन), राशिद खान (7 रन) और कगिसो रबाडा (3* रन) ने भी अंतिम ओवरों में योगदान दिया, लेकिन टीम बड़े स्कोर तक नहीं पहुंच सकी। गुजरात की पूरी बल्लेबाजी के दौरान किसी भी बल्लेबाज ने वॉशिंगटन सुंदर का साथ लंबे समय तक नहीं दिया, जिसका असर कुल स्कोर पर साफ दिखाई दिया।
वॉशिंगटन सुंदर की नाबाद फिफ्टी ने गुजरात को सम्मानजनक स्कोर तक पहुंचाया
एक समय गुजरात टाइटंस मुश्किल में दिखाई दे रही थी, लेकिन दूसरे छोर से वॉशिंगटन सुंदर ने जिम्मेदारी निभाते हुए पारी को संभाला। उन्होंने धैर्य के साथ बल्लेबाजी की और जरूरत पड़ने पर बड़े शॉट भी लगाए। सुंदर ने 37 गेंदों पर नाबाद 50 रन बनाए, जिसमें 5 चौके शामिल रहे। उनकी पारी ने गुजरात को बिखरने से बचाया और टीम को सम्मानजनक स्कोर तक पहुंचाने में सबसे बड़ी भूमिका निभाई।
सुंदर ने निचले क्रम के बल्लेबाजों के साथ छोटी लेकिन अहम साझेदारियां कीं और आखिरी ओवरों में तेजी से रन जुटाए। जब एक छोर से बाकी बल्लेबाज लगातार आउट हो रहे थे, तब उन्होंने एक छोर संभाले रखा। उनकी अर्धशतकीय पारी की बदौलत गुजरात टाइटंस निर्धारित 20 ओवर में 155/8 का स्कोर खड़ा करने में सफल रही।
गेंदबाज़ी में आरसीबी की ओर से रशिख सलाम डार सबसे सफल गेंदबाज़ रहे, जिन्होंने 3 विकेट अपने नाम किए। वहीं भुवनेश्वर कुमार और जोश हेज़लवुड ने 2-2 विकेट हासिल किए, जबकि क्रुणाल पंड्या को 1 विकेट मिला।
वेंकटेश अय्यर और विराट कोहली ने दिलाई तूफानी शुरुआत
156 रनों के लक्ष्य का पीछा करने उतरी आरसीबी को विराट कोहली और वेंकटेश अय्यर ने शानदार शुरुआत दिलाई। वेंकटेश ने आक्रामक अंदाज में बल्लेबाजी करते हुए 16 गेंदों पर 32 रन बनाए, जबकि विराट ने शुरुआत से ही रनगति को बनाए रखा। पहले विकेट के रूप में वेंकटेश के आउट होने के बाद देवदत्त पडिक्कल (1) ज्यादा देर टिक नहीं सके।
इसके बाद कप्तान रजत पाटीदार ने 15 रनों का योगदान देकर आउट हो गए। मध्य ओवरों में आरसीबी को लगातार झटके लगे और क्रुणाल पंड्या भी सिर्फ 1 रन बनाकर आउट हो गए और एक समय आरसीबी का स्कोर 9 ओवर चार विकेट के नुकसान पर 91 रन हो गया था।
IPL 2026 Final : विराट कोहली की नाबाद पारी बनी जीत की नींव, डेविड-जितेश ने भी किया काम आसान
जहां एक तरफ आरसीबी को नियमित अंतराल पर विकेटों के झटके लग रहे थे, वहीं दूसरी ओर विराट कोहली एक छोर पर मजबूती से डटे रहे। उन्होंने शानदार बल्लेबाजी करते हुए 42 गेंदों में नाबाद 75 रन बनाए, जिसमें 9 चौके और 3 गगनचुंबी छक्के शामिल रहे। उनके अलावा टिम डेविड ने 17 गेंदों पर 24 रन की अहम पारी खेली, जबकि जितेश शर्मा 11 रन बनाकर नाबाद लौटे।
विराट कोहली अंत तक क्रीज पर डटे रहे और अपनी शानदार पारी की बदौलत आरसीबी को 18 ओवर में 161/5 के स्कोर तक पहुंचाया। उनकी इस मैच जिताऊ पारी के दम पर आरसीबी ने 5 विकेट से यादगार जीत दर्ज की और लगातार दूसरी बार आईपीएल चैंपियन बनने का गौरव हासिल किया।
गेंदबाज़ी में गुजरात टाइटंस की ओर से राशिद खान सबसे सफल रहे और उन्होंने दो विकेट अपने नाम किए, जबकि मोहम्मद सिराज, कागिसो रबाडा और अरशद खान को एक-एक विकेट मिला।
Finishing off in style 🥳
And it’s none other than King Kohli 😎👑
Scorecard ▶️ https://t.co/Yz6K3q6w0X#TATAIPL | #Final | #TheFinalLeap | #RCBvGT pic.twitter.com/FZNGQ26gBs
— IndianPremierLeague (@IPL) May 31, 2026
ये भी पढ़े : ‘हर फोटो पर लिखता Hot-Beautiful’, TMKOC ऐक्ट्रेस ने राजस्थान रॉयल्स के क्रिकेटर पर लगाए गंभीर आरोप