MI vs CSK: IPL 2026 के 33वें मैच में चेन्नई सुपर किंग्स ने मुंबई इंडियंस के खिलाफ रनों के लिहाज से सबसे बड़ी जीत का रिकॉर्ड बना दिया। चेन्नई की टीम ने 103 रनों से बाजी मारी। इससे पहले इतने बड़े अंतर से किसी भी टीम ने मुंबई को नहीं हराया था। वानखेड़े स्टेडियम में खेले गए मुकाबले में पहले बल्लेबाजी करते हुए चेन्नई ने 20 ओवर में 207/6 का स्कोर बनाया, जिसके जवाब में मुंबई की टीम 19 ओवर में ही ऑल आउट हो गई और 104 रन बनाए।
संजू ने MI vs CSK मैच के पावरप्ले में किया धमाका, दो विकेट के बावजूद चेन्नई की तूफानी शुरुआत

MI vs CSK मैच में टॉस हारकर पहले बल्लेबाजी करने उतरी चेन्नई सुपर किंग्स को संजू सैमसन और कप्तान रुतुराज गायकवाड़ ने तेज शुरुआत दिलाने का प्रयास किया। पहले रुतुराज ने मुंबई इंडियंस के कप्तान हार्दिक पांड्या की धुनाई की और इसके बाद, जब वो अपने दूसरे ओवर के लिए आए तो संजू ने रन बटोरे। हालांकि, इस बीच पारी के तीसरे ओवर में चेन्नई को पहला झटका लगा और रुतुराज 14 गेंदों में 22 रन बनाकर चलते बने।
इसके बाद, संजू सैमसन और नंबर 3 के बल्लेबाज सरफराज खान ने तेजी से रन बटोरे। इनके बीच महज 16 गेंदों में 40 रनों की साझेदारी हो गई लेकिन फिर सरफराज को मिचेल सैंटनर ने चलता किया और वह 8 गेंदों में 14 रन बनाकर आउट हो गए। हालांकि, तेज बल्लेबाजी के कारण चेन्नई की टीम ने MI vs CSK मैच में अपने बैटिंग पावरप्ले का दो विकेट के नुकसान पर 73 रन बनाकर किया।
चेन्नई के मिडिल ऑर्डर ने MI CSK मैच में किया निराश,
आईपीएल के मौजूदा सीजन में चेन्नई सुपर किंग्स कई बार पावरप्ले में तेज शुरुआत के बाद लड़खड़ा गई और ऐसा ही कुछ MI CSK मैच में भी हुआ। स्पिनर्स के खिलाफ तेजी से रन बटोरने के लिए भेजे गए शिवम दुबे ने निराश किया और महज 5 रन बनाकर आउट हो गए। डेवाल्ड ब्रेविस ने कुछ दर्शनीय शॉट खेले लेकिन उनकी पारी भी 11 गेंदों में 21 रनों से आगे नहीं बढ़ पाई। इस बीच संजू सैमसन ने 26 गेंदों में अपना अर्धशतक पूरा किया।
हालांकि, उनका साथ देने आए कार्तिक शर्मा ने दो छक्के जरूर लगाए, लेकिन बाकी समय संघर्ष ही करते रहे। दूसरे छोर से संजू ने लगातार रन बनाने का काम किया। इन दोनों ने 43 रनों की साझेदारी करते हुए स्कोर को 150 के पार पहुंचाया लेकिन फिर कार्तिक 19 गेंदों में 18 रन बनाकर आउट हो गए। जेमी ओवरटन ने 7 गेंदों में 15 रनों की पारी खेली।
संजू सैमसन का धुआंधार शतक, चेन्नई ने MI CSK मैच में बनाया 200 से ज्यादा का स्कोर
इसके बाद, पारी के अंतिम ओवर में संजू सैमसन ने जिम्मेदारी संभाली और दो छक्के व एक चौके की मदद से 16 रन बटोरकर इस सीजन का अपना दूसरा शतक पूरा किया और टीम के स्कोर को 200 के पार भी पहुंचाया। संजू ने 54 गेंदों में 101 रन नाबाद बनाए। इस दौरान 10 चौके और छह छक्के भी जड़े। मुंबई इंडियंस की तरफ से एएम गजनफर और अश्वनी कुमार ने दो-दो विकेट झटके।
MI CSK मैच में मुंबई की पावरप्ले में हालत हुई खराब, लगे तीन बड़े झटके
MI vs CSK मैच में लक्ष्य का पीछा करने उतरी मुंबई इंडियंस की शुरुआत खराब रही और दानिश मालेवर खाता खोले बिना ही पहले ओवर में आउट हो गए। इसके बाद, अगले ओवर में क्विंटन डी कॉक को मुकेश चौधरी ने चलता किया, जो 7 रन बनाकर पवेलियन लौटे। नंबर तीन पर बल्लेबाजी करने आए नमन धीर अपना खाता भी नहीं खोल पाए और मुंबई की टीम को 11 के स्कोर पर ही तीसरा झटका लग गया। इन विकेटों के कारण पावरप्ले का खास फायदा घरेलू टीम नहीं उठा पाई और 29/3 का ही स्कोर बनाया।
अकील और नूर की फिरकी में उलझा मुंबई का मिडिल ऑर्डर, MI vs CSK मैच में चेन्नई की जीत
तीन झटकों के कारण मुंबई इंडियंस की पारी बहुत मुश्किल में नजर आ रही थी। ऐसे में सूर्यकुमार यादव और तिलक वर्मा की जोड़ी ने मोर्चा संभाला। इन दोनों ने 56 गेंदों में 73 रनों की साझेदारी की लेकिन फिर विकेटों की झड़ी सी लग गई। तिलक ने 29 गेंदों में 37 रन बनाए और 12वें ओवर में 84 के स्कोर पर चौथे विकेट के रूप में आउट हुए। इसके बाद, हार्दिक पांड्या सिर्फ 1 रन और शेरफेन रदरफोर्ड खाता खोले बिना ही चलते बने। सूर्यकुमार भी 35 के निजी स्कोर पर आउट हो गए। इस तरह MI vs CSK मैच में मुंबई का स्कोर 84/3 से 87/7 हो गया।
इसके बाद, मुंबई का लोअर ऑर्डर को ढेर होने में ज्यादा समय नहीं लगा और पूरी टीम 19 ओवर में 104 रन बनाकर ढेर हो गई। इस तरह MI vs CSK मैच में उसे शर्मनाक हार झेलनी पड़ी। चेन्नई सुपर किंग्स की तरफ से अकील हुसैन ने सबसे ज्यादा चार विकेट झटके। वहीं, नूर अहमद को दो विकेट मिले।