PBKS vs LSG Match Report: IPL 2026 के 29वें मैच में पंजाब किंग्स ने लखनऊ सुपर जायंट्स को 54 रनों के बड़े अंतर से हराकर मौजूदा सीजन में अपनी पांचवीं जीत दर्ज की। मुल्लांपुर में खेले गए मुकाबले में पहले खेलते हुए पंजाब की टीम ने 20 ओवर में 254/7 का स्कोर बनाया, जिसके जवाब में लखनऊ की टीम पूरे ओवर खेलकर 200/5 का ही स्कोर बना पाई।
PBKS vs LSG मैच में पंजाब को शुरुआत लगा झटका, प्रियांश और कोनॉली का कोहराम

टॉस हारकर PBKS vs LSG मैच में पहले बल्लेबाजी करते हुए पंजाब किंग्स को तीसरी ही गेंद पर बड़ा झटका लगा और शानदार फॉर्म में चल रहे ओपनर प्रभसिमरन सिंह खाता खोले बिना ही आउट हो गए। इसके बाद, प्रियांश आर्य और कूपर कोनॉली की जोड़ी ने पावरप्ले में 60 रन जोड़े और अपनी टीम को मजबूत शुरुआत दिलाई।
पहले छह ओवर के बाद भी प्रियांश और कोनॉली ने शानदार बल्लेबाजी जारी रखी और पंजाब किंग्स ने नौवें ओवर में 100 रन पूरे किए। इस बीच प्रियांश ने सिर्फ 19 गेंदों में अर्धशतक जड़ दिया।
शतक से चूके प्रियांश-कोनॉली, पंजाब ने PBKS vs LSG मैच में बनाया 250 से ज्यादा का स्कोर
प्रियांश आर्य और कूपर कोनॉली ने लखनऊ सुपर जायंट्स के गेंदबाजों की हालत खराब करना जारी रखा और 54 गेंदों में शतकीय साझेदारी पूरी की। कोनॉली ने भी 35 गेंदों में मौजूदा आईपीएल सीजन में अपनी दूसरी फिफ्टी पूरी की। इस बीच पंजाब की टीम ने 13वें ओवर में 150 रनों का आंकड़ा पार किया। हालांकि, जब लग रहा था कि दोनों ही बल्लेबाज अपना शतक पूरा कर लेंगे, तभी आउट हो गए। कोनॉली ने 46 गेंदों में 87 रन बनाए, जिसमें आठ चौके और सात छक्के शामिल रहे। वहीं, प्रियांश ने 37 गेंदों में चार चौकों और नौ छक्कों की मदद से 93 रनों की पारी खेली।
इन दोनों के आउट होने के बाद, दो विकेट जल्दी-जल्दी गिरे। कप्तान श्रेयस अय्यर 5 रन बनाकर पवेलियन लौट गए। वहीं, नेहाल वढेरा ने भी निराश किया और 13 रन ही बना पाए। हालांकि, फिर मार्कस स्टोइनिस और शशांक सिंह के बीच 17 गेंदों में 44 रनों की साझेदारी हुई, जिसकी मदद से पंजाब की टीम ने 250 से ज्यादा का स्कोर बनाया। स्टोइनिस ने 16 गेंदों में 29 और शशांक ने 6 गेंदों में 17 रन बनाए। लखनऊ सुपर जायंट्स की तरफ से प्रिंस यादव और एम सिद्दार्थ ने सबसे ज्यादा दो-दो विकेट लिए।
लखनऊ सुपर जायंट्स को PBKS vs LSG मैच में टॉप ऑर्डर ने दिलाई दमदार शुरुआत
PBKS vs LSG मैच में लक्ष्य का पीछा करने उतरी लखनऊ सुपर जायंट्स ने ओपनिंग जोड़ी में बदलाव किया और मिचेल मार्श के साथ आयुष बडोनी को भेजा। यह दांव सफल रहा और इन दोनों ने 61 रन जोड़े। हालांकि, पावरप्ले की अंतिम गेंद पर बडोनी आउट हो गए। उन्होंने 21 गेंदों में 35 रनों की पारी खेली।
इसके बाद, बल्लेबाजी करने आए कप्तान ऋषभ पंत ने आक्रामक रूख अपनाया और मिचेल मार्श के साथ मिलकर 48 रनों की साझेदार करते हुए PBKS vs LSG मैच में लखनऊ के स्कोर को 100 के पार पहुंचाया। हालांकि, फिर मार्श 28 गेंदों में 40 रन बनाकर आउट हो गए। इसके बाद, पंत भी चलते बने। उन्होंने 23 गेंदों में 43 रनों की पारी खेली, जिसमें एक चौका और चार छक्के शामिल रहे।
PBKS vs LSG मैच में मिडिल ऑर्डर ने डुबोई लखनऊ की लुटिया
टॉप ऑर्डर के द्वार दी गई अच्छी शुरुआत को भुनाने का जिम्मा लखनऊ सुपर जायंट्स के मध्यक्रम पर था, जो पूरी तरह से उम्मीदों पर खरा नहीं उतरा। उपकप्तान निकोलस पूरन ने फिर से निराश किया और PBKS vs LSG मैच में सिर्फ 9 रन ही बना सके। मुकुल चौधरी भी कुछ खास नहीं कर पाए और 17 गेंदों में 21 रन बनाकर आउट हो गए। हालांकि, एडेन मार्करम ने 22 गेंदों में 42 रन बनाकर जरूर लड़ाई की लेकिन उनका प्रयास काम नहीं आया और लखनऊ को हार मिली। पंजाब किंग्स की तरफ से मार्को जानसेन ने सबसे ज्यादा दो विकेट लिए।
FAQs
पंजाब ने लखनऊ को कितने रनों से हराया?
IPL 2026 में पंजाब किंग्स ने अब तक कितनी जीत दर्ज की हैं?
यह भी पढ़ें: Rishabh Pant से PBKS vs LSG मैच में हुई बड़ी चूक, लखनऊ को हुआ 83 रनों का नुकसान; जानें पूरा मामला