RCB vs MI: आईपीएल 2026 के 54वें मुकाबले में रायपुर में खेले गए रोमांचक मैच में रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु ने मुंबई इंडियंस (RCB vs MI) को आखिरी गेंद पर 2 विकेट से हराकर प्लेऑफ की रेस से बाहर कर दिया। टॉस जीतकर आरसीबी के कप्तान रजत पाटीदार ने पहले गेंदबाज़ी करने का फैसला किया।
पहले बल्लेबाज़ी करते हुए मुंबई इंडियंस ने तिलक वर्मा की अर्धशतकीय पारी और नमन धीर की 47 रनों की अहम पारी की बदौलत 20 ओवरों में 7 विकेट के नुकसान पर 166 रन बनाए। जवाब में आरसीबी ने क्रुणाल पंड्या की शानदार 73 रनों की पारी के दम पर आखिरी गेंद पर मुकाबला अपने नाम कर लिया। इस हार के साथ ही मुंबई इंडियंस और लखनऊ सुपर जायंट्स का आईपीएल 2026 में प्लेऑफ का सफर भी समाप्त हो गया।
शुरुआती झटकों के बाद तिलक-नमन ने संभाली मुंबई इंडियंस की पारी
टॉस हारकर पहले बल्लेबाज़ी करने उतरी मुंबई इंडियंस की शुरुआत बेहद खराब रही, जब पहले ही ओवर में रयान रिकेल्टन 2 रन बनाकर भुवनेश्वर कुमार का शिकार बने। इसके बाद रोहित शर्मा ने आक्रामक अंदाज़ में बल्लेबाज़ी करते हुए सिर्फ 10 गेंदों में 22 रन बनाए, लेकिन भुवनेश्वर ने उन्हें भी पवेलियन भेज दिया। सूर्यकुमार यादव बिना खाता खोले आउट हुए, जिससे मुंबई का स्कोर 28/3 हो गया था।
इसके बाद तिलक वर्मा और नमन धीर ने पारी को संभाला। दोनों के बीच 82 रनों की महत्वपूर्ण साझेदारी हुई। नमन धीर ने 32 गेंदों में 47 रन बनाए, जिसमें 5 चौके और 2 छक्के शामिल रहे। वहीं अंत में राज बावा ने 14 गेंदों में 16 रन की अहम पारी खेली, जिसकी बदौलत मुंबई इंडियंस ने 20 ओवर में 7 विकेट खोकर 166 रन बनाए।
गेंदबाज़ी में आरसीबी की ओर से भुवनेश्वर कुमार सबसे सफल गेंदबाज़ रहे, जिन्होंने 4 विकेट हासिल किए। जबकि जॉश हेजलवुड, रसिख सलाम डार और रोमारियो शेफर्ड को एक-एक विकेट मिला।
तिलक वर्मा की शानदार फिफ्टी
मुश्किल परिस्थितियों में तिलक वर्मा ने एक जिम्मेदार पारी खेलते हुए मुंबई इंडियंस को संभाला। उन्होंने 42 गेंदों में 57 रन बनाए, जिसमें 3 चौके और 2 छक्के शामिल रहे। तिलक शुरुआत में संभलकर खेले, लेकिन सेट होने के बाद उन्होंने रन गति बढ़ाई और स्पिन गेंदबाज़ों पर जमकर हमला किया।
तिलक ने अपनी फिफ्टी 37 गेंदों में पूरी की। 16वें ओवर में रसिख सलाम की गेंद पर पॉइंट के ऊपर चौका लगाकर उन्होंने अपना अर्धशतक पूरा किया। यह उनके आईपीएल करियर की 9वीं फिफ्टी रही। हालांकि, अच्छी पारी खेलने के बाद वह 18वें ओवर में भुवनेश्वर कुमार की गेंद पर स्कूप खेलने की कोशिश में बोल्ड हो गए। उनकी इस पारी ने मुंबई इंडियंस को शुरुआती झटकों से उबारने में अहम भूमिका निभाई।
क्रुणाल पांड्या ने शानदार बल्लेबाज़ी करते हुए 46 गेंदों में 73 रन बनाए। उनकी पारी में 4 चौके और 5 छक्के शामिल रहे। उन्होंने जसप्रीत बुमराह, एएम गजनफर और कॉर्बिन बॉश जैसे गेंदबाज़ों के खिलाफ आक्रामक बल्लेबाज़ी की और लगातार रन गति बनाए रखी।
क्रुणाल ने 32 गेंदों में अपना अर्धशतक पूरा किया और आखिरी ओवरों तक टीम को मुकाबले में बनाए रखा। हालांकि 18वें ओवर में तिलक वर्मा के शानदार कैच की मदद से उनका विकेट गिरा, लेकिन तब तक वह आरसीबी को जीत के बेहद करीब पहुंचा चुके थे।
RCB vs MI: आखिरी ओवर में दिखा हाई वोल्टेज रोमांच
आखिरी ओवर में आरसीबी को जीत के लिए 15 रन चाहिए थे और मुंबई इंडियंस की ओर से राज बावा गेंदबाज़ी करने आए। ओवर की शुरुआत वाइड और नो-बॉल से हुई, जिससे मुकाबला और भी रोमांचक हो गया। इसी बीच रोमारियो शेफर्ड का विकेट भी गिरा और दबाव बढ़ गया। फिर भुवनेश्वर कुमार ने चौथी गेंद पर शानदार छक्का लगाकर मैच का पासा पलट दिया।
आखिरी गेंद पर आरसीबी को जीत के लिए 2 रन चाहिए थे। रसिख सलाम ने गेंद को सीधा खेला, लेकिन गेंद राज बावा के हाथ से लगकर दूर चली गई। दोनों बल्लेबाज़ों ने तेजी से दो रन पूरे किए। विकेटकीपर ने रन आउट की अपील की, जिसके बाद फैसला थर्ड अंपायर के पास गया। रिप्ले में रसिख सलाम का बल्ला समय रहते क्रीज के अंदर पाया गया और आरसीबी ने 2 विकेट से रोमांचक जीत दर्ज कर ली।
गेंदबाज़ी में मुंबई इंडियंस की ओर से कॉर्बिन बॉश सबसे सफल गेंदबाज़ रहे, जिन्होंने 4 विकेट अपने नाम किए। वहीं दीपक चाहर को 2 विकेट मिले, जबकि एएम गजनफर और राज बावा ने 1-1 विकेट हासिल किया। इस हार के साथ मुंबई इंडियंस और लखनऊ सुपर जायंट्स प्लेऑफ की रेस से बाहर हो गए।
ये भी पढ़े : बुमराह को आराम, साई ड्रॉप, ऋतुराज-काम्बोज को मौका, अफगानिस्तान टेस्ट के लिए भारत की 15 सदस्यीय टीम ऐसी