SRH vs CSK Predicted Playing XI: आईपीएल 2026 का 27वां मैच सनराइजर्स हैदराबाद के होम ग्राउंड राजीव गांधी इंटरनेशनल स्टेडियम में खेला जाना है। इस मुकाबले में हैदराबाद की टीम का सामना चेन्नई सुपर किंग्स से होगा। दोनों ही टीमों ने अपने पिछले मैच में जोरदार जीत दर्ज की थी। इसी वजह से इनके बीच कांटे की टक्कर की संभावना जताई जा रही है।
मौजूदा सीजन में हैदराबाद और चेन्नई (SRH vs CSK) के बीच अभी तक एक भी मैच नहीं खेला गया है। यह पहली भिड़ंत होगी। दोनों के पास ही जबरदस्त खिलाड़ियों की फ़ौज है। ऐसे में प्लेइंग 11 पर भी सभी की नजर है।
SRH vs CSK मैच में कमिंस और धोनी का नहीं दिखेगा जलवा

शनिवार शाम 7:30 बजे से होने वाले SRH vs CSK मैच में दो दिग्गज खिलाड़ियों का जलवा नहीं दिखेगा। ये खिलाड़ी कोई और नहीं, बल्कि पैट कमिंस और एमएस धोनी हैं। सनराइजर्स हैदराबाद के नियमित कप्तान कमिंस ने मौजूदा सीजन में अभी तक एक भी मैच नहीं खेला है और चेन्नई सुपर किंग्स के विरुद्ध भी नहीं नजर आएंगे। कमिंस अपनी बैक इंजरी से उबर रहे हैं और स्कैन के लिए ऑस्ट्रेलिया वापस भी गए थे। उनकी रिपोर्ट्स अच्छी आई हैं लेकिन अभी उनका खेलना मुश्किल है और वह राजस्थान रॉयल्स के खिलाफ 25 अप्रैल को होने वाले मुकाबले को अपनी वापसी के लिए टारगेट कर रहे हैं।
वहीं, दूसरी तरफ एमएस धोनी को सीजन के आगाज से पहले पिंडली में चोट लग गई थी, जिसके कारण अभी तक वह भी एक भी मैच नहीं खेल पाए हैं। कुछ मीडिया रिपोर्ट्स में दावा किया गया था कि धोनी SRH vs CSK मैच खेल सकते हैं लेकिन क्रिकबज समेत कई अन्य साइट्स ने पुष्टि करते हुए धोनी को बाहर बताया है। माही चेन्नई की टीम के साथ हैदराबाद में ही हैं लेकिन मैच में नहीं खेलेंगे।
SRH vs CSK मैच के लिए सनराइजर्स हैदराबाद की प्लेइंग 11 में बदलाव की उम्मीद कम
सनराइजर्स हैदराबाद ने अपने पिछले मैच में राजस्थान रॉयल्स के खिलाफ बहुत ही जोरदार प्रदर्शन किया था और एकतरफा जीत दर्ज की थी। इसी वजह से बदलाव की उम्मीद कम ही लगती है और उसी कॉम्बिनेशन के साथ कप्तान ईशान किशन उतर सकते हैं। बल्लेबाजी में ट्रेविस हेड, अभिषेक शर्मा, ईशान और हेनरिक क्लासेन के साथ ऑलराउंडर नितीश कुमार रेड्डी के नजर आने की संभावना है। वहीं, सलिल अरोड़ा और अनिकेत वर्मा को भी बरकरार रखा जा सकता है।
गेंदबाजी में हर्ष दुबे और शिवांग की स्पिन जोड़ी ने अच्छा किया है। वहीं, तेज गेंदबाज विभाग में ईशान मलिंगा के साथ प्रफुल हिंगे और साकिब हुसैन को फिर से मौका मिल सकता है। इन दोनों युवा गेंदबाजों ने अपने डेब्यू मैच में चार-चार विकेट लेकर सनसनी मचा दी थी।
चेन्नई सुपर किंग्स की टीम में SRH vs CSK मैच के लिए एक बदलाव तय
SRH vs CSK मैच के लिए चेन्नई सुपर किंग्स की टीम में एक बदलाव तो पूरी तरह तय नजर आ रहा है, क्योंकि तेज गेंदबाज खलील अहमद इंजरी के कारण सीजन के शेष मैचों से बाहर हो गए हैं। खलील पिछले मैच के दौरान अपने कोटे की 24 गेंदों में से 23 ही कर पाए थे और फिर चोट के कारण मैदान से बाहर चले गए थे। इसी वजह से उनकी जगह मुकेश चौधरी को मौका मिल सकता है। मुकेश भी खलील की तरह ही बाएं हाथ के तेज गेंदबाज हैं और नई गेंद से स्विंग की क्षमता रखते हैं। इसके अलावा अन्य किसी बदलाव की गुंजाईश कम ही लगती है, क्योंकि चेन्नई की टीम लगातार दो मैच जीत के आई है।
SRH vs CSK मैच के लिए दोनों टीमों की संभावित प्लेइंग 11
सनराइजर्स हैदराबाद: अभिषेक शर्मा, ट्रैविस हेड, ईशान किशन (कप्तान), हेनरिक क्लासेन, सलिल अरोड़ा (विकेटकीपर), अनिकेत वर्मा, नितीश कुमार रेड्डी, हर्ष दुबे, शिवांग कुमार, प्रफुल्ल हिंगे, ईशान मलिंगा
इम्पैक्ट प्लेयर: साकिब हुसैन
चेन्नई सुपर किंग्स: संजू सैमसन (विकेटकीपर), रुतुराज गायकवाड़ (कप्तान), आयुष म्हात्रे, सरफराज खान, शिवम दुबे, डेवाल्ड ब्रेविस, जेमी ओवरटन, अकील हुसैन, नूर अहमद, अंशुल कंबोज, गुरजपनीत सिंह
इम्पैक्ट प्लेयर: मुकेश चौधरी