BCCI Announced India A Squad For ODI Tri-Series: आईपीएल 2026 के बीच सभी को भारत की मेंस क्रिकेट टीम के स्क्वाड का इंतजार, जो अफगानिस्तान के खिलाफ एकमात्र टेस्ट और वनडे सीरीज के लिए घोषित किए जाने हैं। हालांकि, इनकी घोषणा से पहले ही BCCI ने इंडिया ए के जबरदस्त स्क्वाड का ऐलान कर दिया है, जो श्रीलंका में खेली जाने वाले वनडे ट्राई सीरीज के लिए है।
बोर्ड ने बड़ा फैसला लेते हुए इंडिया ए (India A) के स्क्वाड की कप्तानी तिलक वर्मा को सौंपी है, जो घरेलू क्रिकेट में हैदराबाद की कमान संभाल चुके हैं। वहीं, बतौर खिलाड़ी सीनियर भारतीय टीम के लिए टी20 में नियमित रूप से खेलते हैं। चलिए आपको बताते हैं कि किन टीमों के बीच वनडे त्रिकोणीय सीरीज का आयोजन होना है और शेड्यूल क्या है। वहीं, इंडिया ए के स्क्वाड में तिलक की कप्तानी में चयनकर्ताओं ने किन खिलाड़ियों को मौका दिया है।
वनडे त्रिकोणीय सीरीज में India A की इन दो टीमों से होगी टक्कर

श्रीलंका में होने वाली वनडे त्रिकोणीय सीरीज में इंडिया ए (India A) के साथ श्रीलंका ए और अफगानिस्तान ए की टीमें भी नजर आएंगी। इस सीरीज की शुरुआत 9 जून से होगी। वहीं, फाइनल मुकाबला 21 जून को खेला जाएगा। ट्राईसीरीज के सभी मुकाबले दांबुला में आयोजित होंगे।
वनडे त्रिकोणीय सीरीज का सबसे पहला मैच इंडिया ए (India A) और श्रीलंका ए के बीच खेला जाएगा। वहीं, फिर 11 जून को तिलक वर्मा की कप्तानी वाली टीम की टक्कर अफगानिस्तान ए से होगी। इसके बाद, इंडिया ए की टक्कर 15 और 17 जून को फिर से इन दोनों टीमों से होगी। सभी टीमों को एक-दूसरे के खिलाफ चार-चार मैच खेलने को मिलेंगे। इसके बाद, जो भी दो टीमें अंक तालिका में सबसे ऊपर होंगी, उनके बीच फाइनल खेला जाएगा।
इस सीरीज के बाद, इंडिया ए को श्रीलंका ए के खिलाफ दो रेड बॉल मुकाबले भी खेलने हैं लेकिन इनके लिए स्क्वाड की घोषणा बाद में की जाएगी।
वैभव सूर्यवंशी की India A टीम में हुई एंट्री, धमाकेदार प्रदर्शन का मिला इनाम
वनडे त्रिकोणीय सीरीज के लिए चुने गए इंडिया ए (India A) के 15 सदस्यीय स्क्वाड में सबसे ध्यान देने योग्य नाम वैभव सूर्यवंशी का है, जिन्होंने पिछले एक साल में अपने प्रदर्शन से जमकर सुर्खियां बटोरी हैं। उन्होंने आईपीएल 2025 में गुजरात टाइटंस के खिलाफ 35 गेंदों में सनसनीखेज शतक लगाकर बड़े मंच पर अपनी पहचान बनाई थी। इसके बाद वे इस साल की शुरुआत में भारत की अंडर-19 वर्ल्ड कप विजेता टीम के सदस्य बने, जिसमें उन्होंने इंग्लैंड के खिलाफ फाइनल में 175 रनों की शानदार पारी खेलकर अहम भूमिका निभाई।
15 वर्षीय वैभव सूर्यवंशी ने मौजूदा आईपीएल 2026 में भी अपना बेहतरीन प्रदर्शन जारी रखा है और अब तक 11 पारियों में 236.56 के स्ट्राइक रेट से 440 रन बना चुके हैं। इसमें 40 छक्के भी शामिल हैं, जो इस सीजन किसी भी बल्लेबाज द्वारा सबसे ज्यादा हैं।
तिलक वर्मा की कप्तानी में वैभव के अलावा ये खिलाड़ी भी इंडिया ए के स्क्वाड का हिस्सा
चयनकर्ताओं ने इंडिया ए (India A) के स्क्वाड में कप्तान तिलक वर्मा और वैभव सूर्यवंशी के साथ उन खिलाड़ियों को मौका दिया है, जो पिछली बार टीम का हिस्सा रहे थे या फिर जिनका प्रदर्शन आईपीएल 2026 में प्रभावशाली रहा है। स्क्वाड में ऑलराउंडर रियान पराग को भी जगह मिली है और वह उपकप्तान हैं। विकेटकीपर के रूप में प्रभसिमरन सिंह और कुमार कुशाग्र को रखा गया है। वहीं, प्रियांश आर्य, आयुष बदोनी, निशांत सिंधु, हर्ष दुबे, सूर्यांश शेडगे, विप्रज निगम, यश ठाकुर, युद्धवीर सिंह, अंशुल कंबोज और अरशद खान को भी जगह मिली है।
श्रीलंका में होने वाली वनडे त्रिकोणीय सीरीज के लिए इंडिया ए का स्क्वाड
तिलक वर्मा (कप्तान), प्रियांश आर्य, वैभव सूर्यवंशी, रियान पराग (उपकप्तान), आयुष बदोनी, निशांत सिंधु, हर्ष दुबे, सूर्यांश शेडगे, प्रभसिमरन सिंह (विकेटकीपर), कुमार कुशाग्र (विकेटकीपर), विप्रज निगम, यश ठाकुर, युद्धवीर सिंह, अंशुल कंबोज, अरशद खान
FAQs
वनडे ट्राई सीरीज में इंडिया ए के अलावा अन्य दो टीमें कौन सी रहेंगी?
यह भी पढ़ें: IPL टीम मालिकों ने कर ली सारी तैयारी, एक साथ 3 कप्तानों से छीनी जाएगी कुर्सी