Posted inक्रिकेट (Cricket)

कौन हैं Harsh Dubey, Manav Suthar और Gurnoor Brar? जिन्हें पहली बार टीम इंडिया में मिली जगह, अब खेलेंगे AFG सीरीज

Team India

Team India : आईपीएल 2026 के खत्म होने के बाद भारतीय टीम (Team India) जून में अफगानिस्तान के खिलाफ एक टेस्ट और तीन वनडे मैचों की सीरीज खेलती नजर आएगी। इस सीरीज की शुरुआत 6 जून से होने वाली है। इस दौरे के लिए मुख्य चयनकर्ता अजित अगरकर की अगुवाई वाली चयन समिति ने टीम इंडिया का ऐलान कर दिया है। टीम चयन में कुछ ऐसे नाम भी शामिल किए गए हैं जिन्होंने पहली बार भारतीय टीम में जगह बनाई है।

इनमें हर्ष दुबे, मानव सुथार और गुरनूर बरार जैसे युवा खिलाड़ियों को मौका मिला है। घरेलू क्रिकेट और अपने शानदार प्रदर्शन के दम पर इन खिलाड़ियों ने चयनकर्ताओं का ध्यान अपनी ओर खींचा है। आखिर ये खिलाड़ी कौन हैं और किस वजह से इन्हें टीम इंडिया में मौका मिला है, आइए जानते हैं।

कौन हैं हर्ष दुबे ?

हर्ष दुबे को अफगानिस्तान के खिलाफ आगामी सीरीज के लिए टीम इंडिया की टेस्ट और वनडे दोनों टीमों में जगह मिली है। विदर्भ के लिए घरेलू क्रिकेट खेलने वाले हर्ष बाएं हाथ के स्पिन गेंदबाजी ऑलराउंडर हैं, जिन्होंने अपने लगातार शानदार प्रदर्शन से चयनकर्ताओं का ध्यान खींचा है। उन्होंने 2024-25 रणजी ट्रॉफी सीजन में 69 विकेट लेकर एक सीजन में सबसे ज्यादा विकेट लेने का रिकॉर्ड बनाया था।

आईपीएल में हर्ष दुबे सनराइज़र्स हैदराबाद का हिस्सा हैं। उन्होंने IPL 2026 में 8 मैचों में 8 विकेट हासिल किए और 10.36 की इकॉनमी से गेंदबाजी की। घरेलू क्रिकेट और IPL में उनके इसी प्रदर्शन का इनाम उन्हें पहली बार टीम इंडिया में चयन के रूप में मिला है।

कौन हैं मानव सुथार ?

मानव सुथार को अफगानिस्तान के खिलाफ आगामी सीरीज के लिए पहली बार टीम इंडिया की टेस्ट टीम में जगह मिली है। राजस्थान के लिए घरेलू क्रिकेट खेलने वाले मानव बाएं हाथ के स्लो ऑर्थोडॉक्स स्पिनर हैं, जो अपनी सटीक लाइन-लेंथ, फ्लाइट और गेंद को ड्रिफ्ट कराने की क्षमता के लिए जाने जाते हैं। इसके अलावा वह निचले क्रम में उपयोगी बल्लेबाजी भी कर सकते हैं।

मानव सुथार ने 2022-23 रणजी ट्रॉफी सीजन से अपनी पहचान बनाई थी, जहां उन्होंने सिर्फ 6 मैचों में 39 विकेट लेकर सभी का ध्यान अपनी ओर खींचा था। फर्स्ट क्लास क्रिकेट में वह अब तक 29 मैचों में 129 विकेट अपने नाम कर चुके हैं, जबकि बल्ले से 945 रन भी बना चुके हैं, जिसमें एक शतक और छह अर्धशतक शामिल हैं। उनका सर्वश्रेष्ठ गेंदबाजी प्रदर्शन 8/33 रहा है।

भारत ए और घरेलू क्रिकेट में लगातार शानदार प्रदर्शन के बाद चयनकर्ताओं ने उन्हें पहली बार भारतीय टेस्ट टीम में मौका दिया है। अब देखना दिलचस्प होगा कि मानव घरेलू क्रिकेट की सफलता को अंतरराष्ट्रीय स्तर पर कितना आगे ले जा पाते हैं।

कौन हैं गुरनूर बरार?

गुरनूर बरार को अफगानिस्तान के खिलाफ आगामी सीरीज के लिए पहली बार टीम इंडिया (Team India) की टेस्ट और वनडे टीम में जगह मिली है। पंजाब के लिए घरेलू क्रिकेट खेलने वाले गुरनूर बाएं हाथ के तेज गेंदबाज हैं, जो निचले क्रम में उपयोगी बल्लेबाजी करने की क्षमता भी रखते हैं। घरेलू क्रिकेट में उनके लगातार शानदार प्रदर्शन ने चयनकर्ताओं का ध्यान अपनी ओर खींचा है।

फर्स्ट क्लास क्रिकेट में गुरनूर बरार अब तक 18 मैचों में 52 विकेट ले चुके हैं, जहां उनका गेंदबाजी औसत 27.30 और सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन 5/14 रहा है। वहीं 2024-25 रणजी ट्रॉफी सीजन में उन्होंने पंजाब के लिए सबसे ज्यादा 26 विकेट हासिल किए थे। इसके अलावा 2024 शेर-ए-पंजाब टी20 टूर्नामेंट में भी उन्होंने 11 मैचों में 22 विकेट लेकर विकेटों की सूची में टॉप स्थान हासिल किया था।

गुरनूर आईपीएल में गुजरात टाइटंस का हिस्सा हैं और अब घरेलू क्रिकेट में दमदार प्रदर्शन के बाद उन्हें पहली बार भारतीय टीम के लिए खुद को साबित करने का मौका मिला है।

जून में होगी भारत और अफ़ग़ानिस्तान के बीच सीरीज

आईपीएल समाप्त होने के बाद भारतीय टीम (Team India) अफ़गानिस्तान के खिलाफ एक टेस्ट और तीन मैचों की वनडे सीरीज खेलेगी। दोनों टीमों के बीच 6 जून को न्यू चंडीगढ़ में एकमात्र टेस्ट मैच खेला जाएगा। इसके बाद 13 जून से तीन मैचों की वनडे सीरीज शुरू होगी, जिसका पहला मुकाबला धर्मशाला के हिमाचल प्रदेश क्रिकेट एसोसिएशन स्टेडियम में खेला जाएगा।

इसके बाद दूसरा मुकाबला 17 जून को लखनऊ के इकाना क्रिकेट स्टेडियम में आयोजित होगा। वहीं सीरीज का तीसरा और आखिरी वनडे 20 जून को चेन्नई के एमए चिदंबरम स्टेडियम में खेला जाएगा। तीनों ही मुकाबले दोपहर 1:30 बजे (भारतीय समयानुसार) शुरू होंगे।

ये भी पढ़े : नेपाल से खेलने लायक नहीं था ये खिलाड़ी, लेकिन कप्तान गिल का बेस्ट फ्रेंड होने के चलते मिल गई जगह

FAQS

भारत और अफ़ग़ानिस्तान के बीच सीरीज कब शुरू होगी ?

6 जून

Vasu Jain

खेल सिर्फ मनोरंजन नहीं, एक कहानी है। मैं एक स्पोर्ट्स जर्नलिस्ट हूँ, जो 2007 से क्रिकेट...

Live Stream Dream 11
error: Content is protected !!